Ambikapur News : अंबिकापुर शहर के सबसे व्यस्त माने जाने वाले रिंग रोड पर शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब महामाया मंदिर द्वार के पास एक अधेड़ महिला की खून से लथपथ लाश बरामद हुई। खुलेआम और भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह की नृशंस वारदात ने न सिर्फ स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है, बल्कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मिली जानकारी अनुसार, मृतका के शरीर पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं। हमलावरों ने महिला के सिर और गर्दन पर बेरहमी से वार किया, वहीं पहचान छिपाने के इरादे से चेहरे को पत्थर से बुरी तरह कुचल दिया गया। घटनास्थल की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया मामला सुनियोजित हत्या या आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डीआईजी राजेश अग्रवाल समेत वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और बारीकी से जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।
इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि शहर के मुख्य मार्ग पर इस तरह की घटना पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती है। नागरिकों ने रात में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा मजबूत करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश जारी है। मृत महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर शिनाख्त करने में जुटी है।


















