अंबिकापुर@thetarget365 : शहर के नमनाकला झंझटपारा में एक फूल व्यवसायी के मकान में रहकर काम करने वाले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव मकान के बाहर नाली में औंधे मुंह पड़ा मिला। मृतक की पहचान दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम खजुरी, नावानगर निवासी 25 वर्षीय जुगनू यादव के रूप में हुई है, जो बीते सात वर्षों से फूल व्यवसायी बीरबल यादव के यहां कार्यरत था।
शुक्रवार सुबह शव मिलने की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर फारेंसिक टीम ने भी जांच की। मृतक के कमरे में खून के छींटे मिले हैं, जिससे उसकी हत्या की आशंका गहराई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक की सिर और जबड़े पर ईंट से हमला कर हत्या की गई है। उसके दांत भी टूटे पाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात जुगनू ने बीरबल यादव और उसके भाई संजू यादव के साथ भोजन किया था। इसके बाद जुगनू और संजू गोदाम में सोने चले गए। सुबह जुगनू का शव नाली में पाया गया, जबकि संजू यादव मौके से फरार है। बीरबल यादव ने शव की पहचान की। गोदाम में खून के निशान मिलने के बाद हत्या की पुष्टि होती है।
संदेही का लोकेशन झारखंड में मिला, तलाश जारी
थाना प्रभारी मनीष सिंह परिहार ने बताया कि फरार संजू यादव का लोकेशन झारखंड में मिला है। कोतवाली पुलिस बीरबल यादव को हिरासत में लेकर झारखंड रवाना हो गई है, जहां संजू की तलाश जारी है।
घण्टों परिजनों ने शव लेने से किया इंकार
घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा, लेकिन परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि उन्हें घटनास्थल नहीं दिखाया गया और बीरबल से बातचीत की अनुमति नहीं दी गई। दोपहर बाद सीएसपी रोहित शाह के समझाने पर परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए राजी हुए।
फिलहाल कोतवाली पुलिस हत्या के इस मामले की जांच कर रही है और फरार संजू यादव की तलाश जारी है।