8th Pay Commission : केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए 8वें केंद्रीय वेतन आयोग (8th Pay Commission) को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। आयोग के सदस्यों और विभिन्न कर्मचारी संगठनों के बीच देश के अलग-अलग शहरों में कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं। इसी बीच रक्षा मंत्रालय से मान्यता प्राप्त रक्षा क्षेत्र के असैन्य कर्मचारियों के संगठन भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ (BPMS) ने आयोग के सामने करीब 73 मांगों की सूची पेश की है। इन मांगों में वेतन, पेंशन, बोनस और दूसरी सेवा सुविधाओं में सुधार पर जोर दिया गया है। संगठन की प्रमुख 10 मांगें इस प्रकार हैं।
1. न्यूनतम बेसिक सैलरी बढ़ाने की मांग
BPMS ने न्यूनतम मूल वेतन तय करने के लिए परिवार की वास्तविक जरूरतों को आधार बनाने की मांग की है। संगठन चाहता है कि भारतीय श्रम सम्मेलन (ILC) के मानकों और एकरॉयड फॉर्मूले के अनुसार वेतन निर्धारित किया जाए। इसके साथ ही बाजार में आवश्यक वस्तुओं की मौजूदा कीमतों को भी ध्यान में रखा जाए, ताकि कर्मचारियों को सम्मानजनक जीवन स्तर मिल सके।

2. महंगाई के हिसाब से फिटमेंट फैक्टर
फेडरेशन ने महंगाई और कर्मचारियों की घटती क्रय शक्ति को ध्यान में रखते हुए उचित फिटमेंट फैक्टर लागू करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि वेतन के अलग-अलग स्तरों के बीच संतुलित अंतर होना चाहिए। साथ ही अधिकतम और न्यूनतम वेतन का अनुपात 1:10 से ज्यादा नहीं होना चाहिए।

3. सालाना इंक्रीमेंट 3 से बढ़ाकर 6 प्रतिशत
BPMS मौजूदा 3 प्रतिशत वार्षिक वेतन वृद्धि को बढ़ाकर 6 प्रतिशत करने के पक्ष में है। संगठन के अनुसार, मूल वेतन पर 6 प्रतिशत सालाना इंक्रीमेंट मिलने से कर्मचारियों की आमदनी में बेहतर बढ़ोतरी होगी और बढ़ती महंगाई से निपटने में मदद मिलेगी।
4. 50 प्रतिशत DA को बेसिक पे में मिलाया जाए
संगठन ने मांग की है कि 8वें वेतन आयोग के तहत नई वेतन और पेंशन संरचना तय करने से पहले मौजूदा महंगाई भत्ते (DA) का 50 प्रतिशत हिस्सा मूल वेतन और पेंशन में शामिल किया जाए। इससे कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

5. पुरानी पेंशन योजना OPS की बहाली
BPMS ने नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) और यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) को बंद कर पुरानी पेंशन योजना (OPS) दोबारा लागू करने की मांग की है। संगठन का तर्क है कि सेवानिवृत्ति के बाद कर्मचारियों को निश्चित और पर्याप्त पेंशन सुरक्षा मिलनी चाहिए।
6. सभी कर्मचारियों के लिए समान बोनस नीति
फेडरेशन चाहता है कि एड-हॉक बोनस और प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (PLB) का लाभ सभी केंद्रीय कर्मचारियों को बिना भेदभाव मिले। इसमें उच्च वेतन स्तर के कर्मचारी भी शामिल हों। बोनस की गणना संबंधित वेतन स्तर के न्यूनतम वेतन के आधार पर हो और कम से कम 30 दिनों के वेतन तथा DA के बराबर राशि दी जाए।
7. CGEGIS बीमा कवर 15 लाख रुपये करने की मांग
कर्मचारियों के परिवारों की आर्थिक सुरक्षा बढ़ाने के लिए BPMS ने केंद्रीय सरकारी कर्मचारी समूह बीमा योजना (CGEGIS) का बीमा कवर 30 हजार रुपये से बढ़ाकर कम से कम 15 लाख रुपये करने की मांग की है। इसके अलावा डिपॉजिट लिंक्ड इंश्योरेंस का लाभ 10 लाख रुपये तक बढ़ाने का प्रस्ताव दिया गया है।
8. GPF और EPF की ब्याज दर में समानता
संगठन का कहना है कि जनरल प्रोविडेंट फंड (GPF) पर मिलने वाली ब्याज दर कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) की ब्याज दर से कम नहीं होनी चाहिए। इससे सरकारी कर्मचारियों की बचत और सेवानिवृत्ति के लिए जमा राशि को बेहतर सुरक्षा मिल सकेगी।
9. ब्याज-मुक्त एडवांस की सुविधा दोबारा शुरू हो
BPMS ने बंद या सीमित की गई ब्याज-मुक्त अग्रिम राशि की सुविधाओं को फिर से बहाल करने की मांग की है। संगठन के मुताबिक, इससे कर्मचारियों को व्यक्तिगत और पारिवारिक जरूरतों के समय आर्थिक मदद मिल सकेगी और उन्हें महंगे कर्ज पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
10. उच्च योग्यता पर दो अतिरिक्त इंक्रीमेंट
फेडरेशन ने मांग की है कि नौकरी से संबंधित उच्च पेशेवर या शैक्षणिक योग्यता हासिल करने वाले कर्मचारियों को एकमुश्त नकद प्रोत्साहन की जगह दो अतिरिक्त वेतन वृद्धि दी जाए। संगठन ने इसके लिए नर्सिंग कर्मचारियों को मिलने वाली व्यवस्था का उदाहरण दिया है।
8वें वेतन आयोग की सिफारिशों पर कर्मचारियों की नजर
BPMS की इन मांगों का उद्देश्य केंद्रीय कर्मचारियों, खासकर रक्षा क्षेत्र के असैन्य कर्मचारियों के वेतन और सेवा शर्तों में सुधार करना है। हालांकि, ये संगठन की ओर से आयोग को दिए गए प्रस्ताव हैं, सरकार की ओर से मंजूर फैसले नहीं। अब कर्मचारियों की नजर इस बात पर रहेगी कि 8वां वेतन आयोग इन मांगों पर क्या विचार करता है और अपनी सिफारिशों में किन प्रस्तावों को शामिल करता है।
Read more : Bailadila Landslide : NMDC के दावे से ज्यादा कैसे फैला मलबा, कांग्रेस जांच दल ने क्या देखा?

