Greater Noida PNB Fraud : ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई-1 स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में खाताधारकों की जमा पूंजी में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कई लोगों की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) समय से पहले तोड़कर रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी गई। शिकायत करने वालों में आसपास के गांवों के निवासी, किसान और सोसाइटी में रहने वाले लोग शामिल हैं। अब तक 16 लोगों के पुलिस से शिकायत करने की जानकारी सामने आई है।

लाखों से करोड़ों रुपये तक की रकम प्रभावित होने का दावा
खाताधारकों का आरोप है कि उनकी जानकारी के बिना खातों से लाखों रुपये निकालकर या ट्रांसफर करके दूसरी जगह भेज दिए गए। कुछ लोगों ने 35 लाख, 40 लाख और एक करोड़ रुपये तक की कथित गड़बड़ी की शिकायत की है। कई ग्राहकों को खाते में पर्याप्त रकम होने का भरोसा था, लेकिन चेक बाउंस होने या बैंक पहुंचने पर उन्हें कम बैलेंस की जानकारी मिली। कुछ मामलों में पासबुक की एंट्री और वास्तविक बैलेंस में अंतर होने का भी आरोप है।

94 लाख रुपये के खाते में बचे सिर्फ 16 हजार
ग्रेटर नोएडा के बिरोंडी गांव निवासी गौतम के मुताबिक, उनके पिता का खाता इसी शाखा में है। परिवार को 50 हजार रुपये की जरूरत पड़ने पर वह बैंक से पैसे निकालने पहुंचे। चेकबुक नहीं होने के कारण उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म भरा। गौतम का आरोप है कि बैंक कर्मचारियों ने खाते में पर्याप्त रकम नहीं होने की बात कही। जांच करने पर परिवार को पता चला कि खाते में लगभग 94 लाख रुपये के बजाय केवल 16 हजार रुपये बचे थे। परिवार ने पुलिस से शिकायत की है।
जमीन अधिग्रहण के मुआवजे की रकम गायब होने का आरोप
एक अन्य खाताधारक के अनुसार, उनकी मां के खाते में जेवर एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण के मुआवजे के रूप में करीब 1.29 करोड़ रुपये जमा हुए थे। परिवार ने जरूरत के अनुसार 10 से 12 लाख रुपये निकाले थे। उनका दावा है कि खाते में लगभग 1.18 करोड़ रुपये बचे होने चाहिए थे, लेकिन जांच के दौरान रकम नहीं मिली। परिवार को बैंक की ओर से 10 से 15 दिन में पैसा लौटाने का आश्वासन मिलने की बात कही गई है।
मोबाइल नोटिफिकेशन बंद करने का भी दावा
कुछ खाताधारकों ने आरोप लगाया है कि बैंक खातों से जुड़े मोबाइल नंबरों पर लेनदेन के नोटिफिकेशन बंद कर दिए गए थे। इससे उन्हें कथित ट्रांसफर की जानकारी समय पर नहीं मिली। यह भी दावा किया गया कि संदेह से बचाने के लिए जरूरत पड़ने पर कुछ रकम खातों में वापस जमा की जाती थी। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।

पांच कर्मचारी निलंबित, पुलिस और बैंक की जांच जारी
मामला सामने आने के बाद बैंक के वरिष्ठ अधिकारी शाखा पहुंचे। बैंक प्रबंधन ने ब्रांच मैनेजर समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित किया है और नए कर्मचारियों की तैनाती की गई है। पुलिस के मुताबिक, मामला बीटा-2 थाना क्षेत्र का है। जांच के लिए एसीपी ग्रेटर नोएडा को निर्देश दिए गए हैं। खाताधारक एफआईआर और सीबीआई जांच की मांग करते हुए धरने पर बैठे हैं। एहतियातन बैंक के बाहर पीएसी तैनात की गई है। फिलहाल कुल प्रभावित रकम, खातों की संख्या और कथित गड़बड़ी में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस और बैंक की जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

