CM Yogi Adityanath : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं को आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया। उन्होंने जातिवाद की राजनीति करने वालों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि समाज को बांटने वाले लोग देश और सामाजिक एकता को कमजोर करते हैं। मुख्यमंत्री ने अपने चर्चित नारे का जिक्र करते हुए कहा कि हमें याद रखना होगा कि ‘बटेंगे नहीं तो कटेंगे भी नहीं।’ उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और विपक्ष के नकारात्मक प्रचार का तथ्यों के आधार पर जवाब देने को कहा।

सरकार की उपलब्धियां बूथ स्तर तक पहुंचाने का निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ताओं की सबसे बड़ी जिम्मेदारी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रत्येक बूथ तक पहुंचाना है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को सरकार के कामकाज और पिछली सरकारों के कार्यकाल की तुलनात्मक जानकारी जनता के सामने रखनी होगी। बैठक में उपलब्ध कराई गई पुस्तिकाओं का अध्ययन कर उन्हें बूथ स्तर तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

सीएम ने जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों और विधायकों से कहा कि वे प्रत्येक बूथ पर विकास कार्यों की जानकारी पहुंचाने की रणनीति तैयार करें। उन्होंने 1.63 लाख सक्रिय बूथों से प्रतिदिन सोशल मीडिया पर सरकार के विकास कार्यों और सकारात्मक उपलब्धियों से जुड़ी खबरें साझा करने पर जोर दिया। साथ ही एसआईआर प्रक्रिया में छूटे पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए अभियान चलाने की अपील की।
रामभक्तों पर गोलीकांड का जिक्र कर सपा पर हमला
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में 30 अक्टूबर 1990 को अयोध्या में हुई घटना का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकार के दौरान रामभक्तों पर गोलियां चलवाई गई थीं। योगी ने कहा कि उस समय अयोध्या की गलियां लहूलुहान हुई थीं और सरयू का जल रक्तरंजित हुआ था। इसके बावजूद राम मंदिर निर्माण का संकल्प कमजोर नहीं पड़ा।
उन्होंने कहा कि यदि उस दौर में कार्यकर्ताओं का मनोबल टूट जाता तो आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण संभव नहीं हो पाता। मुख्यमंत्री ने 22 जनवरी 2024 को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं ने इस गौरवपूर्ण क्षण को देखा।

अयोध्या के विकास को लेकर कांग्रेस-सपा पर निशाना
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले अयोध्या में बिजली, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति अच्छी नहीं थी। आज शहर को फोरलेन कनेक्टिविटी, डबल रेलवे ट्रैक और महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे जैसी सुविधाएं मिली हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने लंबे समय तक अयोध्या के विकास में बाधाएं पैदा कीं।
गरीबों के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 2014 से पहले देश में गरीबी, भ्रष्टाचार और पहचान का संकट था। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के उस बयान का उल्लेख किया, जिसमें कहा गया था कि केंद्र से भेजे गए एक रुपये में से केवल 15 पैसे ही गरीबों तक पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत फ्रेजाइल फाइव से निकलकर दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, आयुष्मान कार्ड, जनधन खाते और मुफ्त राशन जैसी सुविधाएं मिली हैं। योगी ने कहा कि गरीब बीजेपी के लिए केवल चुनावी मुद्दा नहीं, बल्कि सम्मानजनक जीवन देने का संकल्प है।
दीपावली पर गरीब परिवारों तक पहुंचने की अपील
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से दीपावली के अवसर पर गरीब और वंचित परिवारों के बीच दीपक और मिठाइयां पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता और जरूरतमंदों की मदद का माध्यम भी बनने चाहिए।
अंत में योगी ने बीजेपी की विचारधारा और मूल्यों को पार्टी की असली पहचान बताया। उन्होंने लालकृष्ण आडवाणी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि राजनीतिक प्राथमिकताएं बदल सकती हैं, लेकिन पार्टी के मूल्य और आदर्श कभी नहीं बदलने चाहिए।
Read More : Manisha Bhanwala: मनीषा भानवाला ने रचा इतिहास, गोल्ड जीतकर बनीं पहली भारतीय महिला वर्ल्ड चैंपियन


