Congress Delhi Chalo March: दिल्ली में 1 नवंबर को आयोजित होने वाली इंडी गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस रैली के जरिए पार्टी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर केंद्र सरकार तथा चुनाव आयोग को घेरने की तैयारी में है। दिल्ली कांग्रेस को राजधानी से करीब 50 हजार लोगों को रामलीला मैदान तक पहुंचाने का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए लगभग 500 बसों की व्यवस्था की जा रही है। आयोजन को सफल बनाने के लिए पार्टी ने 20 अलग-अलग कमेटियों का गठन किया है।

राहुल गांधी ने किया दिल्ली चलो का आह्वान
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर लोगों से रैली में शामिल होने की अपील की। उन्होंने लिखा, ‘कल मिलते हैं, चलो साथ चलते हैं!’ साथ ही उन्होंने कनॉट प्लेस, मिंटो रोड जंक्शन, अजमेरी गेट होते हुए रामलीला मैदान पहुंचने का संदेश दिया। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे निर्धारित किया गया है। पार्टी की ओर से सांसदों और वरिष्ठ नेताओं को कॉन्स्टिट्यूशन क्लब अथवा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर एकत्रित होने का आह्वान किया गया है।

जंतर-मंतर और चुनाव आयोग के आसपास सुरक्षा कड़ी
रैली को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नई दिल्ली इलाके में चुनाव आयोग सहित कई संवेदनशील स्थानों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू है। जंतर-मंतर को डिनोटिफाइड क्षेत्र घोषित किए जाने के कारण वहां प्रदर्शन या जमावड़े की अनुमति नहीं होगी। चुनाव आयोग के आसपास भी अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी। पुलिस किसी भी अनधिकृत भीड़ को इकट्ठा होने से रोकने के लिए तैयार है।
रामलीला मैदान में कई जिलों की पुलिस संभालेगी सुरक्षा
रामलीला मैदान में सुरक्षा की जिम्मेदारी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के साथ दिल्ली के अन्य जिलों की पुलिस को सौंपी गई है। इसके अलावा पैरामिलिट्री फोर्स की भी तैनाती की जाएगी। सुरक्षा एजेंसियों का मुख्य उद्देश्य रैली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है।
महिलाओं और दिव्यांगों के लिए बनाए जाएंगे अलग ब्लॉक
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव के मुताबिक, रैली में शामिल होने वाले लोगों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। महिलाओं, दिव्यांगों और मीडिया के लिए अलग-अलग ब्लॉक तैयार किए जा रहे हैं। आयोजन की व्यवस्था संभालने के लिए बनाई गई 20 कमेटियों को साफ-सफाई, परिवहन, मंच और अन्य जरूरी जिम्मेदारियां दी गई हैं। कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ता भीड़ प्रबंधन में सहयोग करेंगे।

रामलीला मैदान 14 जोन में विभाजित, 4000 जवान तैनात
सुरक्षा व्यवस्था के तहत रामलीला मैदान को 14 जोन में बांटा गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, मैदान और आसपास करीब 4,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की योजना है। प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर लगाए जाएंगे और जांच के बाद ही लोगों को अंदर जाने दिया जाएगा। प्रमुख चौराहों पर 150 अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। निगरानी के लिए 200 से अधिक CCTV कैमरों और बॉडी वॉर्न कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा।
सुबह 10 से शाम 5 बजे तक चलेगी महारैली
दिल्ली पुलिस के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 1 नवंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक रामलीला मैदान में रैली आयोजित होगी। कांग्रेस इस मंच से SIR और चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाएगी। पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी प्रमुखता से रखेगी। अब सबकी नजर इस बात पर है कि कांग्रेस अपने 50 हजार लोगों को जुटाने के लक्ष्य में कितनी सफल होती है।
Read More : Sanjay Gupta Passed Away: 57 साल की उम्र में फिल्ममेकर संजय गुप्ता का निधन, बॉलीवुड में शोक


