Chhattisgarh Weather Alert : छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में सक्रिय कम दबाव का क्षेत्र अब अवदाब में तब्दील हो चुका है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 24 घंटों के भीतर यह सिस्टम चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसका असर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में दिखाई देने लगा है। प्रदेश में बादल छाए रहने के साथ अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा रही है। मौसम में आए इस बदलाव ने राज्योत्सव की तैयारियों पर भी चिंता बढ़ा दी है। खासकर राजधानी रायपुर में 1 नवंबर को राज्योत्सव के शुभारंभ के दौरान बारिश होने की संभावना जताई गई है।

राज्योत्सव के पहले दिन रायपुर में बारिश के आसार, गरज-चमक की चेतावनी
राजधानी रायपुर में रविवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। ऐसे में राज्योत्सव में शामिल होने वाले लोगों और आयोजन से जुड़े अधिकारियों को मौसम को ध्यान में रखकर तैयारियां करने की जरूरत है।

जशपुर के मनोरा में सबसे ज्यादा 7 सेंटीमीटर बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तरी हिस्से में बारिश का प्रभाव अधिक देखने को मिला। जशपुर जिले के मनोरा में सबसे ज्यादा 7 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। कुनकुरी में 5, बगीचा में 4 और तपकरा, सन्ना तथा कांसाबेल में 3-3 सेंटीमीटर बारिश हुई। जशपुरनगर और पत्थलगांव में 2-2 सेंटीमीटर पानी बरसा।
बलरामपुर जिले के कुसमी में 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि सामरी और चांदो में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा हुई। रामचंद्रपुर और चलगली में एक-एक सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। रायगढ़ जिले के लैलूंगा में 2 सेंटीमीटर और मुकडेगा में एक सेंटीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है।
जगदलपुर सबसे गर्म और दुर्ग में सबसे कम तापमान दर्ज
बारिश और बादलों के बीच प्रदेश के तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। शनिवार को जगदलपुर 31.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। वहीं दुर्ग में न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 30.2 और न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पेण्ड्रारोड में अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3.6 डिग्री कम था। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
2 नवंबर को आंध्र प्रदेश तट के पास पहुंचेगा चक्रवाती सिस्टम
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार सुबह 11:30 बजे अवदाब का केंद्र अंडमान क्षेत्र के पास 10 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 90.2 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। यह श्री विजयपुरम से लगभग 330 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में था। सिस्टम के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है।
अनुमान है कि अगले 12 घंटों में यह गहरे अवदाब में बदल सकता है और उसके बाद अगले 12 घंटों में चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके 2 नवंबर की शाम तक आंध्र प्रदेश तट के नजदीक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी पहुंचने की संभावना जताई गई है।
अगले दो दिनों में बढ़ेगा तापमान, बारिश और बिजली गिरने का खतरा बरकरार
मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक क्रमिक बढ़ोतरी का अनुमान जताया है। हालांकि, सक्रिय मौसमी सिस्टम के कारण बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। ऐसे में किसानों, यात्रियों और राज्योत्सव में पहुंचने वाले लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी जाती है।


