China Space News : चीन के रहस्यमयी अंतरिक्ष कार्यक्रम को लेकर एक बार फिर दुनिया भर में चर्चा तेज हो गई है। अमेरिकी रक्षा खुफिया एजेंसी (DIA) ने चीन के गुप्त स्पेस प्लेन ‘शेनलोंग’ की एक बेहद स्पष्ट तस्वीर जारी की है। इस तस्वीर के सामने आने के बाद चीन की अंतरिक्ष क्षमताओं और उसके सैन्य अंतरिक्ष कार्यक्रम को लेकर नए सवाल उठने लगे हैं। पिछले करीब छह वर्षों से पृथ्वी की कक्षा में चक्कर लगा रहा यह मानवरहित रोबोटिक विमान लंबे समय से वैज्ञानिकों और अंतरिक्ष विशेषज्ञों की निगरानी में है।
शेनलोंग को लेकर सबसे ज्यादा उत्सुकता इसकी रहस्यमयी गतिविधियों के कारण बनी हुई है। यह अंतरिक्ष में कई बार अज्ञात वस्तुएं छोड़ चुका है, जिसके बाद इसके मिशन और वास्तविक उद्देश्य को लेकर अटकलें लगती रही हैं। अब नई तस्वीर ने इसके बाहरी डिजाइन और अंतरिक्ष में किए जाने वाले कार्यों को समझने के लिए महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई है।

महज 90 किलोमीटर की दूरी से ली गई तस्वीर
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, शेनलोंग की यह तस्वीर वर्ष 2024 में वेंटोर कंपनी के एक सैटेलाइट ने खींची थी। खास बात यह है कि तस्वीर लेते समय दोनों अंतरिक्ष यानों के बीच की दूरी महज 90 किलोमीटर थी। रिपोर्ट के अनुसार, तस्वीर की गुणवत्ता इतनी बेहतर है कि इसमें लगभग 4.5 सेंटीमीटर आकार की छोटी वस्तु भी स्पष्ट दिखाई देती है।तस्वीर में शेनलोंग अपने सोलर पैनल फैलाए हुए एक अन्य सैटेलाइट के पास दिखाई दे रहा है। इसके अलावा विमान के पिछले हिस्से में मौजूद पेलोड दरवाजा भी खुला नजर आ रहा है। इस दृश्य से विशेषज्ञों को इसके उपकरणों और अंतरिक्ष में संचालित होने वाली गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाने का अवसर मिला है।

क्या है चीन का शेनलोंग स्पेस प्लेन?
शेनलोंग एक पुन: इस्तेमाल किए जाने योग्य अंतरिक्ष विमान है। इसका मतलब है कि इसे एक बार मिशन पूरा करने के बाद दोबारा अंतरिक्ष में भेजा जा सकता है। इसकी बनावट काफी हद तक अमेरिका के प्रसिद्ध X-37B स्पेस प्लेन जैसी बताई जाती है। हालांकि, चीन ने अभी तक इसके आधिकारिक डिजाइन, तकनीकी विशेषताओं और पूरी क्षमता का सार्वजनिक खुलासा नहीं किया है।इस विमान को रॉकेट की सहायता से पृथ्वी की कक्षा में पहुंचाया जाता है। मिशन पूरा होने के बाद यह सामान्य विमान की तरह रनवे पर उतरकर वापस धरती पर लौट सकता है। विशेषज्ञों के अनुमान के मुताबिक इसकी लंबाई लगभग 26 फीट है।
चौथे मिशन पर कब रवाना हुआ शेनलोंग?
रिपोर्ट के अनुसार, शेनलोंग इसी साल 7 फरवरी को अपने चौथे अंतरिक्ष मिशन के लिए रवाना हुआ था। इसे चीन के लॉन्ग मार्च-2F रॉकेट की मदद से अंतरिक्ष में भेजा गया। इसका मुख्य उपयोग नए अंतरिक्ष उपकरणों को कक्षा में ले जाने, उनका परीक्षण करने और मिशन के बाद उन्हें सुरक्षित वापस लाने के लिए किया जा सकता है।हालांकि, चीन ने इसके सभी मिशनों और प्रयोगों की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। यही वजह है कि इसके वास्तविक उद्देश्यों को लेकर अंतरिक्ष विशेषज्ञों की दिलचस्पी लगातार बनी हुई है।

अमेरिका के आसमान में भी दिखाई देगा चीन का रहस्यमयी विमान
Space.com की रिपोर्ट के मुताबिक, नवंबर के पहले सप्ताह में अमेरिका के कुछ शहरों में रहने वाले लोग शेनलोंग को आसमान में देख सकेंगे। बताया गया है कि यह विमान 3 नवंबर को डेनवर के ऊपर से गुजरेगा। इसके बाद 5 और 6 नवंबर को लॉस एंजिल्स के आसमान में भी दिखाई देने की संभावना है।इसे देखने का सबसे अच्छा समय सूर्योदय से ठीक पहले बताया गया है। इस दौरान अनुकूल मौसम और साफ आसमान होने पर लोग इसे बिना दूरबीन के भी देख सकते हैं।


