Ambikapur Rajyotsav : अंबिकापुर के कला केंद्र मैदान में 2 नवंबर 2026 को छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का जिला स्तरीय समारोह उत्साह और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ को विकास के सशक्त मॉडल के रूप में स्थापित करने के लिए सरकार योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।
अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को किया याद
मंत्री रामविचार नेताम ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। राज्य गठन के 26 वर्ष पूरे होना प्रदेशवासियों के लिए गर्व और ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में छत्तीसगढ़ ने विकास के कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। सरकार सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और आवास जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। गांवों तक पक्की सड़क और आवश्यक सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।



किसानों और महिलाओं के सशक्तिकरण पर सरकार का जोर
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश का वास्तविक विकास किसानों, आदिवासियों, युवाओं, महिलाओं और कमजोर वर्गों की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति मजबूत करने से जुड़ा है। किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए किसान सम्मान निधि, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, कृषक उन्नति योजना और स्वाइल हेल्थ कार्ड जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। किसानों की सुविधा के लिए नए धान खरीदी केंद्र भी खोले जा रहे हैं। उन्होंने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर महीने आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
विधायक प्रबोध मिंज ने दी राज्योत्सव की शुभकामनाएं
कार्यक्रम में लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने भी प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए कहा कि राज्य गठन के बाद से छत्तीसगढ़ ने लगातार विकास किया है। सरकार सरगुजा संभाग सहित पूरे प्रदेश में सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से छत्तीसगढ़ विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।


हितग्राहियों को बांटी गई योजनाओं की लाभकारी सामग्री
राज्योत्सव के दौरान मुख्य अतिथि रामविचार नेताम ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से संबंधित सामग्री एवं दस्तावेज वितरित किए। पशुधन विकास विभाग ने दो हितग्राहियों को नर बकरा योजना के तहत चेक दिए। कृषि विभाग ने पांच किसानों को स्वाइल हेल्थ कार्ड प्रदान किए, जबकि मत्स्य विभाग ने एक हितग्राही को आइस बॉक्स और जाल दिया।
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से हब के तीन और सखी निवास के दो हितग्राहियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तीन हितग्राहियों को खुशियों की चाबी सौंपी गई। बिहान योजना के 11 महिला स्व-सहायता समूहों को चेक और दो समूहों को महतारी सदन संचालन की चाबी दी गई।
दिव्यांगजनों और अन्य हितग्राहियों को भी मिला लाभ
समारोह में पर्यटन और जेल विभाग के तीन तथा दो हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। स्कूल शिक्षा विभाग ने एक हितग्राही को जाति प्रमाण पत्र और दृष्टिबाधित बच्चों के लिए दो हितग्राहियों को सहायक उपकरण प्रदान किए। समाज कल्याण विभाग की ओर से पांच दिव्यांग हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल दी गई। इन वितरणों के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

आरु साहू के छत्तीसगढ़ी गीतों ने जमाया रंग
राज्योत्सव की शाम सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के नाम रही। छत्तीसगढ़ी गायिका आरु साहू ने अपने लोकप्रिय छत्तीसगढ़ी गीतों से दर्शकों का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुति इतनी आकर्षक रही कि बड़ी संख्या में लोग देर शाम तक कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे। स्थानीय गायक स्वप्निल जायसवाल ने बॉलीवुड गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। इसके अलावा मुकुल विश्वास, कल्पना गुप्ता, सीमा तिवारी, अमित श्रीवास्तव, पल्लवी और पलक पाण्डेय सहित अन्य कलाकारों ने भी अपनी प्रतिभा दिखाई।
स्कूली और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
सिमरन प्रधान, सभ्या शर्मा, अक्षिता डबराल, सृष्टि भदौरिया, रघुवंश कुमार और आश्वी तिवारी ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। कन्या शिक्षा परिसर, संगीत महाविद्यालय, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने सामूहिक नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
विभागीय स्टॉलों पर योजनाओं की दी गई जानकारी
समारोह स्थल पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास, बिहान, जनसंपर्क, शिक्षा, पर्यटन, वन, समाज कल्याण, उद्यानिकी, कृषि, पशु चिकित्सा, मत्स्य और आदिवासी विकास विभाग सहित कई विभागों ने स्टॉल लगाए। सरगुजा पुलिस, केंद्रीय जेल, राजस्व विभाग, नगर निगम और महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे। लोगों को सरकारी योजनाओं, पात्रता और लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। रजवार भित्ति कला और तिब्बती स्टॉल ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिन्दर सिंह टिन्नी और जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए। कलेक्टर अजीत वसंत, एसएसपी राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव और नगर निगम आयुक्त विनय अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।
Read More : Visakhapatnam News : विशाखापत्तनम HPCL रिफाइनरी में धमाके के बाद भीषण आग, आसमान में छाया धुआं


