Kanika Kapoor Divorce : बॉलीवुड की मशहूर प्लेबैक सिंगर कनिका कपूर की निजी जिंदगी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। ‘बेबी डॉल’ और ‘चिट्टियां कलाइयां’ जैसे सुपरहिट गानों से पहचान बनाने वाली कनिका कपूर ने अपने पति और बिजनेसमैन गौतम हाथीरमानी से अलग होने का ऐलान किया है। दोनों ने साल 2022 में लंदन में शादी की थी। शादी के करीब चार साल बाद उनके रिश्ते के खत्म होने की खबर ने प्रशंसकों को हैरान कर दिया है।
48 वर्षीय गायिका ने सोशल मीडिया पर आधिकारिक बयान जारी कर इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस मुश्किल समय में उनकी निजी जिंदगी और परिवार की प्राइवेसी का सम्मान किया जाए। यह घोषणा ऐसे समय में हुई, जब कनिका ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से शादी की तस्वीरें और वीडियो भी हटा दिए थे।

कनिका ने कहा- हमारे अलग होने के पीछे कोई तीसरा व्यक्ति नहीं
कनिका कपूर ने अपने बयान में बताया कि काफी सोच-विचार करने के बाद उन्होंने और गौतम ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया है। उन्होंने साथ बिताए समय के लिए आभार जताया और गौतम के आने वाले जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।

एक न्यूज पोर्टल से बातचीत के दौरान गायिका ने उन अटकलों पर भी विराम लगाने की कोशिश की, जिनमें उनके रिश्ते में किसी तीसरे व्यक्ति के आने की बात कही जा रही थी। कनिका ने स्पष्ट किया कि उनकी जिंदगी में कोई दूसरा व्यक्ति नहीं आया है और जहां तक उन्हें जानकारी है, गौतम की जिंदगी में भी कोई अन्य व्यक्ति नहीं है।
उन्होंने उन खबरों को भी गलत बताया, जिनमें दावा किया जा रहा था कि गौतम के काम के सिलसिले में नाइजीरिया के लागोस में रहने और कनिका के वहां नहीं जाने की वजह से दोनों का रिश्ता टूटा है।

दूसरी बार तलाक से दुखी हैं कनिका कपूर
कनिका ने बातचीत में स्वीकार किया कि यह उनके लिए भावनात्मक रूप से बेहद कठिन समय है। उन्होंने कहा कि दूसरी बार तलाक की स्थिति से गुजरना उनके लिए दुख और निराशा लेकर आया है।
फिलहाल वह मुंबई में रहकर तीन अलग-अलग प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही हैं। गायिका ने बताया कि उनके तीन बच्चे हैं और उनकी परवरिश तथा देखभाल उनकी प्राथमिकता है। कनिका चाहती हैं कि अलग होने के बावजूद गौतम के साथ उनका भविष्य का रिश्ता सौहार्दपूर्ण बना रहे। उन्होंने कहा कि वह झगड़ालू स्वभाव की इंसान नहीं हैं और उम्मीद करती हैं कि दोनों आपसी सम्मान के साथ आगे बढ़ेंगे।
कई साल की दोस्ती के बाद बने थे जीवनसाथी
कनिका कपूर और गौतम हाथीरमानी की कहानी दोस्ती से शुरू हुई थी। दोनों कई वर्षों तक अच्छे दोस्त रहे और धीरे-धीरे उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। इसके बाद 20 मई 2022 को लंदन के एक पांच सितारा होटल में दोनों ने शादी कर ली थी।
इस निजी समारोह में परिवार के सदस्यों और करीबी दोस्तों ने हिस्सा लिया था। शादी की तस्वीरें उस समय सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रही थीं। दोनों की जोड़ी को प्रशंसकों ने खूब पसंद किया था।
पहले डॉक्टर से हुई थी शादी, तीन बच्चों की मां हैं कनिका
गौतम हाथीरमानी से शादी करने से पहले कनिका कपूर की शादी लंदन में रहने वाले जनरल प्रैक्टिशनर डॉक्टर जसप्रीत सिंह चंडोक से हुई थी। हालांकि, साल 2012 में दोनों का तलाक हो गया था। इस शादी से उनके तीन बच्चे आयना, समारा और युवराज हैं।
लखनऊ में जन्मी कनिका ने सिंगल मदर के रूप में अपने बच्चों की परवरिश की है। वह अक्सर अपने माता-पिता से मिलने भारत आती रहती हैं और अपने संगीत करियर के साथ पारिवारिक जिम्मेदारियां भी संभालती रही हैं।
बेबी डॉल गाने से मिली थी देशभर में पहचान
कनिका कपूर ने अपने करियर में कई लोकप्रिय गाने दिए हैं। साल 2012 में डॉ. ज़ीउस के साथ उनका गाना ‘जुगनी जी’ रिलीज हुआ था, जिससे उन्हें पहचान मिली। हालांकि, 2014 में फिल्म ‘रागिनी एमएमएस 2’ का गाना ‘बेबी डॉल’ उनके करियर का बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।
इसके बाद उन्होंने ‘चिट्टियां कलाइयां’, ‘टुकुर टुकुर’, ‘गेंदा फूल’ और ‘ऊ बोलेगा या ऊ ऊ बोलेगा’ जैसे कई हिट गानों में अपनी आवाज दी। अब उनकी निजी जिंदगी में आए इस बदलाव के बीच प्रशंसक उनके आने वाले प्रोजेक्ट्स का इंतजार कर रहे हैं।

