CG Transfer News : छत्तीसगढ़ में दिवाली से पहले राज्य सरकार ने वित्त विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। वित्त विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, कुल 27 अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाएं की गई हैं। इस फेरबदल में संयुक्त संचालक, वित्त नियंत्रक, अपर संचालक, उप संचालक, वरिष्ठ कोषालय अधिकारी और वरिष्ठ लेखाधिकारी स्तर के अधिकारी शामिल हैं। कई अधिकारियों को नए कार्यालयों में जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कुछ के वर्तमान प्रभार में बदलाव किया गया है।
संयुक्त संचालक और वरिष्ठ अधिकारियों की नई पदस्थापना
आदेश के मुताबिक, विवेक कुमार मिश्रा को दुर्ग से संचालनालय कोष एवं लेखा, नवा रायपुर भेजा गया है। वहीं, अभिषेक शर्मा को नवा रायपुर से संभागीय संयुक्त संचालक कार्यालय, दुर्ग में पदस्थ किया गया है।

योगेश्वरी डेंजारे को लोक शिक्षण संचालनालय में उप संचालक (वित्त) की जिम्मेदारी मिली है। अंकिता सिंह को छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड, रायपुर में उप संचालक (वित्त) बनाया गया है। विनोद कुमार उपगड़े को जिला कोषालय जशपुर में वरिष्ठ कोषालय अधिकारी और विजय कुमार वर्मा को जिला पंचायत बिलासपुर में वरिष्ठ लेखाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा चंद्रशेखर सराफ को वरिष्ठ कोषालय अधिकारी, कोरिया बनाया गया है। अनिल कुमार सिन्हा को सरगुजा विश्वविद्यालय, अंबिकापुर में वित्त अधिकारी और पद्माकर सिंह परिहार को राज्य ग्रामीण संपर्क प्रशिक्षण एवं अनुसंधान केंद्र, नवा रायपुर में लेखाधिकारी पदस्थ किया गया है।
कई अधिकारियों के विभाग और कार्यालय बदले
स्थानांतरण नीति-2025 के विशेष प्रावधान के तहत एक ही शहर में एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय में भी अधिकारियों की पदस्थापना की गई है। उमेश अग्रवाल को परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा से हटाकर संचालनालय कोष एवं लेखा, नवा रायपुर में वित्त नियंत्रक बनाया गया है।

अखिलेश्वर सिंह तंवर को कार्यालय विकास आयुक्त में अपर संचालक की जिम्मेदारी दी गई है। गिरीश कोल्हे को पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में वित्त अधिकारी बनाया गया है। जेरोम एक्का को आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास आयुक्त कार्यालय में भेजा गया है।
रामकिशन निराला को राज्य नीति आयोग में संयुक्त संचालक (वित्त) और करूणा पाण्डेय को संचालनालय भौमिकी तथा खनिकर्म, रायपुर में पदस्थ किया गया है। पूषण कुमार साहू को विधि एवं विधायी कार्य विभाग, मंत्रालय नवा रायपुर तथा धीरज नशीने को छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण, रायपुर भेजा गया है।





इन अधिकारियों को मिला अतिरिक्त प्रभार
वित्त विभाग के आदेश में कुछ अधिकारियों को वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। कैलाश कुमार को ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के विकास आयुक्त कार्यालय, नवा रायपुर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
समीर मिश्रा को संचालनालय मछली पालन, नवा रायपुर की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिली है। वहीं, द्वारका प्रसाद वर्मा को दाऊ कल्याण सिंह स्नातकोत्तर संस्थान एवं अनुसंधान केंद्र, रायपुर के वित्तीय कार्यों का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
दो अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारी से किया मुक्त
आदेश के तहत ऋतु कौशिक को दाऊ कल्याण सिंह स्नातकोत्तर संस्थान एवं अनुसंधान केंद्र, रायपुर के वित्तीय कार्यों के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है। वहीं, संतोष कुमार सिंह को छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड, रायपुर में उप संचालक (वित्त) के प्रभार से हटा दिया गया है।
वित्त विभाग के आदेश से प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव
वित्त विभाग में हुए इस फेरबदल के बाद विभिन्न सरकारी कार्यालयों और संस्थानों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल गई हैं। नई पदस्थापनाओं के जरिए वित्तीय कामकाज और प्रशासनिक व्यवस्था को व्यवस्थित करने की दिशा में कदम उठाया गया है। अब संबंधित अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के अनुसार कार्यभार संभालना होगा।

