Faridabad Murder Case : हरियाणा के फरीदाबाद में पार्किंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद एक खौफनाक हत्याकांड में बदल गया। दिल्ली-एनसीआर से सटे फरीदाबाद के सेक्टर-21C में धनतेरस यानी 6 नवंबर की रात एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान परमजीत धनखड़ के रूप में हुई है, जो टेक महिंद्रा कंपनी में एशिया हेड के पद पर कार्यरत थे। आरोप है कि उनकी ही बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर रहने वाले मोनू शर्मा ने लाइसेंसी पिस्टल से उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं।
पड़ोसी ने लाइसेंसी पिस्टल से की ताबड़तोड़ फायरिंग
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी मोनू शर्मा और परमजीत धनखड़ एक ही बिल्डिंग में रहते थे। परमजीत ग्राउंड फ्लोर पर रहते थे, जबकि आरोपी तीसरी मंजिल पर रहता था। दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से गाड़ी पार्किंग और कुत्ते को पॉटी कराने जैसी बातों को लेकर विवाद चल रहा था।बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात परमजीत जिम से वापस लौटे थे। इसी दौरान उन्होंने मोनू शर्मा से अपनी गाड़ी हटाने के लिए कहा। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर परमजीत पर फायरिंग शुरू कर दी।

करीब 15 राउंड फायरिंग, सात गोलियां परमजीत को लगीं
आरोपी ने परमजीत धनखड़ पर करीब 15 राउंड गोलियां चलाईं। इनमें से सात गोलियां उन्हें लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। गोली लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई और आसपास के लोग सहम गए।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। इस संबंध में पुलिस थाने में शिकायतें भी दी गई थीं। इसके बावजूद विवाद का समाधान नहीं हो सका और आखिरकार मामला जानलेवा हमले तक पहुंच गया।

भांजे की शादी में शामिल होने सिंगापुर से आए थे परमजीत
परमजीत धनखड़ अपने परिवार के साथ सिंगापुर में रहते थे और टेक महिंद्रा में एशिया हेड के पद पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वह अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए 5 नवंबर को ही भारत आए थे। उनके परिवार में 24 नवंबर को शादी का कार्यक्रम होना था।परिवार को क्या पता था कि शादी की खुशियों के बीच ऐसी दुखद घटना हो जाएगी। उनकी हत्या की खबर सामने आने के बाद परिजनों में शोक का माहौल है। बताया गया है कि उनके बेटे शौर्य ने ही घटना के बाद पुलिस को इसकी सूचना दी।
वारदात के बाद परिवार सहित फरार हुआ आरोपी
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मोनू शर्मा अपने परिवार के साथ मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही फरीदाबाद पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से पुलिस को कई कारतूसों के खाली खोल भी मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।पुलिस ने आरोपी मोनू शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। वारदात के बाद से आरोपी और उसके परिवार का पता लगाने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें जुटी हुई हैं।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, जांच में जुटी पुलिस
हत्या के बाद परमजीत धनखड़ के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस अब घटनास्थल से मिले सबूतों, कारतूसों के खोल और पुराने विवादों से जुड़ी शिकायतों की जांच कर रही है।फिलहाल इस हत्याकांड की वजह पार्किंग और कुत्ते को लेकर दोनों परिवारों के बीच पुराना विवाद बताया जा रहा है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर पड़ोसियों के बीच छोटे-मोटे विवादों के हिंसक रूप लेने और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

