Muhurat Trading 2026 : दिवाली के शुभ अवसर पर भारतीय शेयर बाजार में रविवार, 8 नवंबर 2026 को विशेष मुहूर्त ट्रेडिंग का आयोजन किया जा रहा है। नए हिंदू संवत 2083 की शुरुआत और मां लक्ष्मी की पूजा के अवसर पर निवेशक इस परंपरागत कारोबारी सत्र में हिस्सा लेंगे। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE), बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) ने इसके लिए विशेष ट्रेडिंग शेड्यूल जारी किया है। इक्विटी बाजार में मुख्य कारोबार दोपहर 2:20 बजे से शाम 3:30 बजे तक होगा। इस दौरान निवेशक नए संवत की शुरुआत के साथ शेयर बाजार में शुभ निवेश कर सकेंगे।
NSE और BSE पर दोपहर 2:20 बजे शुरू होगी मुहूर्त ट्रेडिंग
NSE और BSE पर मुहूर्त ट्रेडिंग की शुरुआत दोपहर 2:05 बजे प्री-ओपन सेशन के साथ होगी। इस दौरान निवेशकों को अलग-अलग समय पर ऑर्डर देने, उनमें बदलाव करने और उन्हें रद्द करने की सुविधा मिलेगी। दोपहर 2:05 से 2:10 बजे तक मार्केट और लिमिट दोनों तरह के ऑर्डर स्वीकार किए जाएंगे। इसके बाद 2:10 से 2:15 बजे तक केवल लिमिट ऑर्डर की अनुमति होगी।

दोपहर 2:15 से 2:17 बजे तक ऑर्डर मैचिंग और ट्रेड कन्फर्मेशन की प्रक्रिया पूरी होगी। इसके बाद 2:20 बजे तक बफर समय निर्धारित किया गया है। नियमित शेयर कारोबार दोपहर 2:20 बजे शुरू होकर शाम 3:30 बजे समाप्त होगा। वहीं, ब्लॉक डील के लिए दोपहर 1:50 से 2:05 बजे तक विशेष विंडो उपलब्ध रहेगी।

IPO और री-लिस्टेड शेयरों के लिए अलग ट्रेडिंग टाइम
मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान हाल ही में सूचीबद्ध हुए आईपीओ और दोबारा लिस्ट किए गए शेयरों के लिए अलग व्यवस्था की गई है। इनके लिए विशेष प्री-ओपन ऑर्डर विंडो दोपहर 2:05 से 2:50 बजे तक खुलेगी। इसके बाद 2:50 से 3:05 बजे तक ऑर्डर मैचिंग की प्रक्रिया चलेगी। इन शेयरों में वास्तविक ट्रेडिंग दोपहर 3:05 से शाम 3:30 बजे तक होगी।
इलिक्विड शेयरों और क्लोजिंग ऑक्शन का समय भी जानें
इलिक्विड यानी कम कारोबार वाले शेयरों के लिए ऑर्डर एंट्री की सुविधा दोपहर 2:25 से 3:10 बजे तक रहेगी। इसके बाद 3:10 से 3:20 बजे के बीच ऑर्डर मैचिंग होगी।

क्लोजिंग ऑक्शन सेशन (CAS) में शामिल शेयरों की नियमित ट्रेडिंग दोपहर 3:15 बजे समाप्त हो जाएगी। रेफरेंस प्राइस की गणना के बाद 3:20 से 3:30 बजे तक ऑर्डर एंट्री होगी। शुरुआती पांच मिनट में मार्केट और लिमिट ऑर्डर स्वीकार होंगे, जबकि अंतिम पांच मिनट में केवल लिमिट ऑर्डर की अनुमति रहेगी। ऑर्डर मैचिंग 3:30 से 3:35 बजे तक होगी। सामान्य शेयरों का क्लोजिंग सेशन 3:30 से 3:50 बजे और पोस्ट-क्लोजिंग सेशन 3:50 से 4:00 बजे तक चलेगा।
MCX पर भी दोपहर 2:20 बजे से शुरू होगा कारोबार
कमोडिटी बाजार में निवेश और ट्रेडिंग करने वालों के लिए MCX ने भी विशेष समय निर्धारित किया है। एक्सचेंज पर प्री-ओपनिंग सत्र दोपहर 2:05 से 2:19 बजे तक चलेगा। इसके तुरंत बाद मुख्य ट्रेडिंग सत्र दोपहर 2:20 से शाम 3:30 बजे तक आयोजित होगा। इस दौरान सभी कमोडिटी और इंडेक्स कॉन्ट्रैक्ट्स में कारोबार किया जा सकेगा। ट्रेडर्स के लिए क्लाइंट कोड मॉडिफिकेशन की सुविधा शाम 3:45 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
9 नवंबर को होगा मुहूर्त ट्रेडिंग का सेटलमेंट
मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान किए गए सौदों का निपटान सामान्य एक्सचेंज नियमों के अनुसार किया जाएगा। एनएससी क्लियरिंग के मुताबिक, T+1 सेटलमेंट व्यवस्था के तहत 8 नवंबर को किए गए शेयरों के सौदों का सेटलमेंट सोमवार, 9 नवंबर को होगा। इसके लिए पे-इन का समय शाम 4:30 बजे और पे-आउट का समय रात 9 बजे निर्धारित किया गया है।
क्या है मुहूर्त ट्रेडिंग और क्यों माना जाता है शुभ?
मुहूर्त ट्रेडिंग भारतीय शेयर बाजार की एक पुरानी और खास परंपरा है। हर साल दिवाली के अवसर पर लक्ष्मी पूजन के दौरान विशेष कारोबारी सत्र आयोजित किया जाता है। हिंदू पंचांग के अनुसार दिवाली नए संवत वर्ष की शुरुआत का प्रतीक होती है। इस बार संवत 2083 का शुभारंभ हो रहा है।
निवेशक और कारोबारी इस दिन शेयर खरीदने और नए निवेश की शुरुआत को शुभ मानते हैं। कई निवेशक प्रतीकात्मक रूप से एक या कुछ शेयर खरीदकर नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत करते हैं। हालांकि, मुहूर्त ट्रेडिंग का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व होने के बावजूद शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन रहता है। इसलिए निवेशकों को किसी भी सौदे से पहले अपनी वित्तीय स्थिति और बाजार की परिस्थितियों का ध्यान रखना चाहिए।


