Amitabh Bachchan Bulletproof Glass : बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले जलसा के बाहर प्रशंसकों से मुलाकात के दौरान बुलेटप्रूफ शीशे का इस्तेमाल अब राजनीतिक विवाद का मुद्दा बन गया है। महाराष्ट्र कांग्रेस ने इस घटना को केंद्र और राज्य सरकार की सुरक्षा व्यवस्था की विफलता करार दिया है। पार्टी का आरोप है कि देश के इतने बड़े अभिनेता को अपने ही घर के बाहर प्रशंसकों का अभिवादन करने के लिए बुलेटप्रूफ सुरक्षा के पीछे खड़ा होना पड़ रहा है। कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि आखिर फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को सुरक्षित माहौल कब मिलेगा?
अमिताभ बच्चन के बुलेटप्रूफ शीशे को लेकर कांग्रेस का सरकार पर हमला
महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने एक बयान जारी कर राज्य और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह अमिताभ बच्चन अपने बंगले के बाहर जमा प्रशंसकों का अभिवादन बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे से करते नजर आए थे। हालांकि, रविवार को यह शीशा हटा दिया गया। सावंत ने सवाल किया कि क्या यह फैसला विपक्ष की आलोचना के बाद लिया गया या फिर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के दबाव में सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया गया। उन्होंने कहा कि इस फैसले के पीछे की असली वजह अभिनेता अमिताभ बच्चन ही बता सकते हैं।

कांग्रेस ने पूछा- फिल्म कलाकारों के मन से डर कब खत्म होगा?
सचिन सावंत ने कहा कि बुलेटप्रूफ शीशा हटना अपने आप में समस्या का समाधान नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सुरक्षा के लिए लगाए गए शीशे को हटा दिया गया है, तो बॉलीवुड के अभिनेताओं, कलाकारों, फिल्म निर्माताओं और निर्देशकों के मन में बैठा डर कब खत्म होगा? कांग्रेस नेता के मुताबिक, फिल्म जगत से जुड़े लोगों को ऐसा वातावरण मिलना चाहिए, जहां वे बिना किसी भय के अपना काम कर सकें और सार्वजनिक रूप से प्रशंसकों से मिल सकें।

मोदी और अमित शाह से कांग्रेस ने मांगा जवाब
कांग्रेस प्रवक्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सवाल किया कि आखिर फिल्म इंडस्ट्री को सुरक्षित माहौल कब उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम लिए बिना आरोप लगाया कि डर का माहौल बनाने वाला गैंगस्टर गुजरात की साबरमती जेल में आराम से बंद है। सावंत ने दावा किया कि अमिताभ बच्चन को बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे खड़े होकर प्रशंसकों का अभिवादन करना पड़ा, जो केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार की नाकामी को दिखाता है।
कई वर्षों से जलसा के बाहर प्रशंसकों से मिलते रहे हैं अमिताभ
अमिताभ बच्चन लंबे समय से अपने जुहू स्थित बंगले जलसा के बाहर हर रविवार को प्रशंसकों से मुलाकात करते रहे हैं। उनके प्रशंसक बड़ी संख्या में अपने पसंदीदा अभिनेता की एक झलक पाने के लिए वहां पहुंचते हैं। हालांकि, पिछले सप्ताह पहली बार अमिताभ बच्चन को बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे खड़े होकर लोगों का अभिवादन करते देखा गया। इस घटना के बाद विपक्षी दलों ने महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। विपक्ष का कहना है कि जब एक दिग्गज अभिनेता को अपने घर के बाहर इस तरह की सुरक्षा की जरूरत पड़ रही है, तो आम लोगों की सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

बम धमाके की धमकी वाले ईमेल के बाद बढ़ाई गई थी सुरक्षा
जानकारी के मुताबिक, अमिताभ बच्चन के आवास के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था उस समय की गई थी, जब मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े को एक धमकी भरा ईमेल मिला था। इस ईमेल में अभिनेता के बंगले पर बम धमाका करने की धमकी दी गई थी। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियातन सुरक्षा बढ़ा दी थी। हाल के महीनों में बॉलीवुड की कई हस्तियों को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की ओर से धमकियां मिलने की खबरें भी सामने आई हैं।
टाइगर श्रॉफ की कार पर भी हुई थी फायरिंग
बॉलीवुड कलाकारों की सुरक्षा को लेकर चिंता उस समय और बढ़ गई थी, जब 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर दो हमलावरों ने पांच गोलियां चलाई थीं। इस हमले में 36 वर्षीय अभिनेता बाल-बाल बच गए थे। हालांकि, उनकी कार का चालक और एक राहगीर घायल हो गए थे। इन घटनाओं के बीच अमिताभ बच्चन के बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे दिखाई देने को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। अब कांग्रेस ने सरकार से फिल्म इंडस्ट्री के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और डर का माहौल खत्म करने की मांग की है।
Read More : Bengaluru Multiple Murders: बेंगलुरु हत्याकांड में मिले दो और शव, जंगलों में पांच शव बरामद


