Russell Brand Sentenced : हॉलीवुड के मशहूर अभिनेता, कॉमेडियन और पूर्व ब्रॉडकास्टर रसेल ब्रांड को दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न से जुड़े चार मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद 10 साल 6 महीने की जेल की सजा सुनाई गई है। अदालत ने सोमवार को मामले की सुनवाई के दौरान यह फैसला सुनाया। ये मामले करीब दो दशक पुराने बताए जा रहे हैं। आरोपों के मुताबिक, रसेल ब्रांड ने अपने सेलिब्रिटी स्टेटस और लोकप्रियता का फायदा उठाकर महिलाओं का यौन शोषण किया था। अदालत ने उन्हें एक महिला के साथ दुष्कर्म और तीन अन्य मामलों में यौन उत्पीड़न का दोषी पाया। इस फैसले के बाद अंतरराष्ट्रीय मनोरंजन जगत में चर्चा तेज हो गई है। रसेल ब्रांड पॉप स्टार कैटी पेरी के पूर्व पति भी रह चुके हैं।
1999 से 2009 के बीच की घटनाओं से जुड़े हैं आरोप
रसेल ब्रांड के खिलाफ लगाए गए आरोप वर्ष 1999 से 2009 के बीच की घटनाओं से संबंधित हैं। सितंबर 2023 में ब्रिटिश मीडिया की संयुक्त जांच रिपोर्ट प्रकाशित होने के बाद पहली बार ये आरोप सार्वजनिक रूप से सामने आए थे। रिपोर्ट में कई महिलाओं ने अपनी पहचान गोपनीय रखते हुए अभिनेता पर दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद ब्रिटिश पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच और कानूनी प्रक्रिया के दौरान रसेल के खिलाफ लगभग सात मामलों पर कार्रवाई हुई, जिनमें से चार मामलों में उन्हें दोषी ठहराया गया। इस पूरे प्रकरण ने मनोरंजन जगत में सेलिब्रिटी प्रभाव और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर नई बहस छेड़ दी।

दुष्कर्म के मामले में नौ साल की सजा, तीन अन्य मामलों में भी दोषी
अदालत ने चार मामलों में रसेल ब्रांड को दोषी पाया। इनमें एक दुष्कर्म का मामला शामिल है, जिसमें उन्हें नौ साल की जेल की सजा सुनाई गई। इसके अलावा यौन उत्पीड़न के तीन अलग-अलग मामलों में क्रमशः नौ महीने, 18 महीने और आठ महीने की सजा सुनाई गई। इन सजाओं के साथ कुल सजा की अवधि 10 साल 6 महीने बताई गई है। वहीं, रसेल ब्रांड को दो अन्य मामलों में राहत भी मिली है। अदालत ने इन आरोपों में उन्हें बरी कर दिया।

दो अन्य आरोपों में मिली राहत, अदालत ने किया बरी
चार मामलों में दोषी ठहराए जाने के अलावा रसेल ब्रांड को दो अन्य रेप के आरोपों और एक यौन उत्पीड़न के प्रयास के आरोप से बरी किया गया। इन मामलों में वर्ष 1999 में बोर्नमथ में लेबर पार्टी के सम्मेलन के दौरान एक महिला के साथ दुष्कर्म का आरोप भी शामिल था। इसके अलावा एक म्यूजिक चैनल के कार्यालय में महिला को पुरुषों के बाथरूम में खींचने और यौन उत्पीड़न की कोशिश का आरोप लगाया गया था। इन आरोपों पर जूरी ने उन्हें दोषी नहीं पाया।
जज ने रसेल ब्रांड को बताया यौन शिकारी
साउथवॉर्क क्राउन कोर्ट में सजा सुनाते हुए जज जोएल बेननाथन ने रसेल ब्रांड के व्यवहार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि करीब 20 साल पहले ब्रांड प्रसिद्धि हासिल कर रहे थे। वे बुद्धिमान, मजाकिया और आकर्षक व्यक्तित्व वाले माने जाते थे, लेकिन इसी दौरान वे यौन शिकारी भी बन गए थे। अदालत की इस टिप्पणी ने मामले को और अधिक चर्चा में ला दिया।

2023 में मीडिया जांच के बाद सामने आया था मामला
रसेल ब्रांड के खिलाफ आरोप सितंबर 2023 में ब्रिटिश मीडिया की संयुक्त पड़ताल और डॉक्यूमेंट्री के बाद सार्वजनिक हुए थे। इसके बाद मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने विस्तृत जांच शुरू की। जांच में 100 से अधिक गवाहों से बातचीत की गई और 400 से ज्यादा बयान दर्ज किए गए। आखिरकार चार सप्ताह तक चले मुकदमे के बाद 5 नवंबर 2026 को जूरी ने उन्हें चार यौन अपराधों में दोषी ठहराया।

