Mumbai Crime : मुंबई की लोकल ट्रेन में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। महाराष्ट्र के पालघर जिले के नैगांव रेलवे स्टेशन पर एक 20 वर्षीय महिला के साथ छेड़छाड़ और फिर उसे चलती ट्रेन से धक्का देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना में महिला का बायां हाथ कोहनी के नीचे से कट गया। पुलिस ने मामले की जांच के बाद 53 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान जितेंद्र हिरमुखे के रूप में हुई है।
मुंबई लोकल में महिला के साथ छेड़छाड़, विरोध करने पर हमला
पुलिस के मुताबिक, यह घटना 4 नवंबर की शाम की है। पीड़ित महिला विरार की ओर जाने वाली फास्ट लोकल ट्रेन में सफर कर रही थी। व्यस्त समय होने के कारण वह गलती से दिव्यांग यात्रियों के लिए आरक्षित डिब्बे में चढ़ गई। इसी डिब्बे में नैगांव ईस्ट के वाकीपाडा इलाके का रहने वाला 53 वर्षीय जितेंद्र हिरमुखे भी यात्रा कर रहा था।आरोप है कि महिला के डिब्बे में पहुंचते ही आरोपी ने उसका फायदा उठाकर उसके साथ गलत तरीके से छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब महिला ने इसका विरोध किया और आरोपी से सवाल किया, तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने महिला के साथ गंभीर वारदात को अंजाम दे दिया।

नैगांव स्टेशन पर आरोपी ने महिला को ट्रेन से दिया धक्का
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन जब पालघर जिले के नैगांव रेलवे स्टेशन पर पहुंची, तब भी महिला और आरोपी के बीच विवाद जारी था। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर महिला को ट्रेन से धक्का दे दिया। महिला ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच मौजूद खाली जगह में जा गिरी।महिला ने खुद को संभालने और उठने की कोशिश की, लेकिन इसी बीच ट्रेन चल पड़ी। ट्रेन की चपेट में आने से उसका बायां हाथ बुरी तरह कुचल गया। हादसा इतना गंभीर था कि महिला को बेहद गंभीर चोटें आईं। स्टेशन पर मौजूद लोगों और संबंधित अधिकारियों की मदद से घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

डॉक्टरों को काटना पड़ा महिला का बायां हाथ
घटना के बाद घायल महिला को पहले नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मुंबई के कूपर अस्पताल रेफर कर दिया।हालांकि, महिला का हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। डॉक्टरों ने उसकी जान बचाने और गंभीर चिकित्सकीय स्थिति को देखते हुए बाएं हाथ को कोहनी के नीचे से काटने का फैसला किया। इस घटना ने महिला और उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
चेहरा कपड़े से ढककर घूम रहा था आरोपी, CCTV से खुला राज
भायंदर गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) ने मामले की जांच के दौरान रेलवे स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस के सामने आरोपी की पहचान करना आसान नहीं था, क्योंकि उसने घटना के समय अपना चेहरा कपड़े से ढक रखा था।इसके बावजूद पुलिस ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली। इसके बाद बुधवार को 53 वर्षीय जितेंद्र हिरमुखे को नैगांव स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस कर रही मामले की आगे की जांच
भायंदर GRP के अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए अपना चेहरा ढक रखा था, लेकिन पुलिस ने जांच के बाद उसे पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।इस वारदात ने मुंबई की लोकल ट्रेनों में महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। एक मामूली विवाद और छेड़छाड़ के विरोध के बाद महिला को जिंदगीभर के लिए शारीरिक नुकसान उठाना पड़ा है।

