Ballia News : उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में शनिवार, 14 नवंबर की रात एक भीषण सड़क हादसे में चार दोस्तों की जान चली गई। नगरा थाना क्षेत्र के निछुआडीह मोड़ के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर के बाद कार हवा में कई बार पलटी और करीब 20 मीटर दूर एक गड्ढे में जा गिरी। हादसे में कार सवार चारों युवकों की मौत हो गई। चारों युवक एक ही गांव गौवापार के रहने वाले थे। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मची हुई है।
घूमने के बाद गांव लौट रहे थे चारों दोस्त
सीओ रसड़ा रजनीश यादव (कुमार) के अनुसार, गौवापार गांव के रहने वाले अभिषेक पटेल, कुणाल पासवान, गोलू ठाकुर और धनंजय पटेल शनिवार शाम घूमने के लिए नगरा बाजार गए थे। रात करीब 9:30 बजे चारों फॉक्सवैगन वर्टूस कार से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान नगरा-बेल्थरारोड मार्ग पर निछुआडीह मोड़ के पास चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।

100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी कार की रफ्तार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय कार की गति 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। पेड़ से टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोगों को धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। टक्कर के बाद कार हवा में पांच बार पलटी और करीब 20 मीटर दूर गड्ढे में जा गिरी। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने कार में फंसे युवकों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत की। बताया गया कि कार के दरवाजे तोड़कर चारों को बाहर निकाला गया। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि कार के एयरबैग खुलने के बावजूद किसी की जान नहीं बच सकी।

अस्पताल में चारों दोस्तों ने तोड़ा दम
हादसे के बाद चारों युवकों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र यानी सीएचसी पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने अभिषेक पटेल और कुणाल पासवान को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल गोलू ठाकुर और धनंजय पटेल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मऊ जिले के हायर सेंटर रेफर किया गया। हालांकि, इलाज के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह एक ही गांव के चार दोस्तों की मौत से पूरे क्षेत्र में मातम छा गया।
अभिषेक पटेल: छह महीने पहले हुई थी शादी
हादसे में जान गंवाने वाले अभिषेक पटेल उत्तराखंड स्थित एक आईआईएम में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। वह दीपावली से एक दिन पहले ही अपने गांव आए थे। उनकी शादी महज छह महीने पहले आकांक्षा सिंह से हुई थी। अभिषेक अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनके पिता प्रमोद पटेल किसान हैं, जबकि मां आशा सिंह पटेल सेवानिवृत्त शिक्षिका हैं। उनकी दो विवाहित बहनें नीतू और रितु हैं। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

कुणाल पासवान: रेलवे भर्ती की कर रहा था तैयारी
कुणाल पासवान ने दो साल पहले आईटीआई की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद वह प्रयागराज में रहकर रेलवे भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहा था। वह दीपावली से दो दिन पहले गांव आया था। परिवार के मुताबिक, शाम करीब छह बजे वह मां शीला देवी को बताकर खीर बनाने के लिए दूध लेने निकला था। उसके पिता रविंद्र प्रसाद निजी वाहन चालक हैं। चार भाई-बहनों में कुणाल सबसे बड़ा था।
धनंजय और गोलू के सपने भी अधूरे रह गए
धनंजय पटेल तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाइयों के नाम अजय और विनय हैं। धनंजय एक निजी स्कूल में शिक्षक के रूप में काम करता था और साथ ही सरकारी शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहा था। उसके पिता रामप्रकाश खेती करते हैं और मां हंसा देवी गृहिणी हैं।वहीं, गोलू ठाकुर किसान कमलेश ठाकुर और गृहिणी शारदा देवी के तीन बेटों में सबसे छोटा था। वह गांव में रहकर सेना और पुलिस में भर्ती होने का सपना देख रहा था और इसकी तैयारी कर रहा था। चारों युवकों की असमय मौत ने उनके परिवारों के भविष्य और सपनों को गहरे सदमे में डाल दिया है। एक साथ चार दोस्तों की अर्थी उठने की खबर से गौवापार गांव में शोक की लहर है।
Read More : Poster Controversy : आगरा में अखिलेश यादव के खिलाफ विवादित होर्डिंग, सपा कार्यकर्ताओं ने फाड़े पोस्टर

