U19 Asia Cup 2026 : भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को रोमांचक फाइनल में हराकर एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। भारत ने आखिरी गेंद पर एक विकेट से जीत दर्ज करते हुए रिकॉर्ड नौवीं बार यह ट्रॉफी जीती। इस ऐतिहासिक सफलता में पूर्व भारतीय विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने भी अहम भूमिका निभाई। पूरे टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी करने वाले आर्यवीर को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। इस उपलब्धि के बाद वह अपने परिवार के साथ बागेश्वर धाम पहुंचे और वहां धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात की।
बागेश्वर धाम में धीरेंद्र शास्त्री से मिले आर्यवीर
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीरेंद्र सहवाग, आर्यवीर और उनके परिवार के साथ मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने युवा क्रिकेटर को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए लिखा, ‘होनहार बिरवान के होत चिकने पात।’ उन्होंने आर्यवीर को भारतीय क्रिकेट का उभरता हुआ सितारा बताया।

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बताया कि आर्यवीर अपने परिवार के साथ बागेश्वर धाम पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने युवा खिलाड़ी को जीवन में आगे बढ़ने, अपने लक्ष्य पर अडिग रहने और कर्तव्यशील बनने का आशीर्वाद दिया। इस मुलाकात के दौरान उनके पिता वीरेंद्र सहवाग और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

पिता वीरेंद्र सहवाग की राह पर बढ़ रहे आर्यवीर
वीरेंद्र सहवाग भारतीय क्रिकेट के सबसे आक्रामक सलामी बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। टेस्ट क्रिकेट में दो तिहरे शतक लगाने वाले सहवाग ने अपनी बेखौफ बल्लेबाजी से दुनिया भर में पहचान बनाई थी। अब उनके बेटे आर्यवीर भी युवा क्रिकेट में अपने प्रदर्शन से सुर्खियां बटोर रहे हैं। अंडर-19 एशिया कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनना उनके करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में बनाए 58 रन
ओमान में खेले गए फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 337 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने 339 रन बनाकर एक विकेट से मुकाबला जीत लिया। आर्यवीर सहवाग ने 61 गेंदों पर 58 रन की उपयोगी पारी खेली। उन्होंने कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के साथ पहले विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी की। लक्ष्य ने भी 80 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।

आखिरी गेंद पर मोहित उल्वा ने दिलाई ऐतिहासिक जीत
एक समय भारतीय टीम 252 रन पर आठ विकेट गंवाकर मुश्किल में थी। इसके बाद मनाल चौहान और मोहित उल्वा ने शानदार संघर्ष किया। मनाल ने 47 रन बनाए, जबकि मोहित 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाकर टीम को जीत तक ले गए। आखिरी गेंद पर भारत को जीत के लिए तीन रन चाहिए थे। मोहित ने चौका लगाकर भारत को खिताब दिला दिया।
टूर्नामेंट में आर्यवीर ने बनाए 361 रन
आर्यवीर ने पांच पारियों में 361 रन बनाए। उनका औसत 90.25 और स्ट्राइक रेट 95 से अधिक रहा। इस दौरान उन्होंने एक शतक और तीन अर्धशतक लगाए। टूर्नामेंट में उनके बल्ले से 16 छक्के भी निकले। शानदार निरंतरता के कारण उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार मिला। वहीं फाइनल में निर्णायक पारी खेलने वाले मोहित उल्वा प्लेयर ऑफ द मैच बने।
Read More : Prince William Kate India Visit: सचिन तेंदुलकर के साथ खेला क्रिकेट, कुल्हड़ वाली चाय का लिया स्वाद

