Dhan Kharidi 2026 : छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार ऑनलाइन टोकन व्यवस्था लागू की है। इसका फायदा प्रदेश के हजारों किसानों को मिल रहा है। सरकार के मुताबिक, 23 नवंबर 2026 तक प्रदेश में 2.78 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी हो चुकी है। वहीं, किसानों को अब तक 5 लाख से अधिक टोकन जारी किए जा चुके हैं।
प्रदेश के 2461 धान खरीदी केंद्रों में शुरू हुई आवक
राज्य सरकार ने इस साल किसानों की सुविधा और उपार्जन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 360 नए धान खरीदी केंद्र बनाए हैं। इसके बाद प्रदेश में कुल 2461 उपार्जन केंद्रों में धान की आवक शुरू हो गई है। सरकार का उद्देश्य किसानों को उनके गांव और आसपास ही धान बेचने की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें लंबी दूरी तय करने और परिवहन में अतिरिक्त परेशानी का सामना न करना पड़े।

एक दिन में खरीदा गया 63 हजार मीट्रिक टन से अधिक धान
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में 23 नवंबर तक प्रदेश के 70,979 किसानों से कुल 2,78,010 मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है। खास बात यह है कि 23 नवंबर को अकेले एक दिन में 63,074 मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई। इससे प्रदेश में धान उपार्जन की रफ्तार का अंदाजा लगाया जा सकता है।

3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हो रही खरीदी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि किसानों की मेहनत का सम्मान करना और उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश में किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहें और किसी को परेशानी न हो।
तुहर टोकन ऐप से घर बैठे मिल रहा ऑनलाइन टोकन
राज्य सरकार ने धान खरीदी प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए ‘तुहर टोकन’ ऐप की सुविधा शुरू की है। इसके माध्यम से किसान घर बैठे ही धान बेचने की तारीख निर्धारित कर सकते हैं। इससे उन्हें केवल टोकन लेने के लिए उपार्जन केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। पहले से तारीख तय होने के कारण किसान धान की भराई और परिवहन के लिए वाहन की व्यवस्था भी समय पर कर लेते हैं।

भीखम पटेल ने बेचा 44 क्विंटल 80 किलो धान
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ग्राम कटंगी कला के किसान भीखम पटेल ने ऑनलाइन टोकन व्यवस्था का लाभ उठाया। उन्होंने निर्धारित तारीख पर उपार्जन केंद्र पहुंचकर 44 क्विंटल 80 किलो धान बेचा। भीखम पटेल ने बताया कि टोकन आसानी से मिल गया था, इसलिए उन्होंने उसी हिसाब से धान की ढुलाई की व्यवस्था कर ली। उनके मुताबिक, निर्धारित दिन ही धान की बिक्री पूरी हो गई।
खैरागढ़ जिले के 72 केंद्रों में खरीदी जारी
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के 72 उपार्जन केंद्रों में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हुई है। जिला प्रशासन ने किसानों के लिए पेयजल, छाया, बैठने की जगह और शौचालय जैसी सुविधाओं की व्यवस्था की है। टोकन के अनुसार खरीदी होने से केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने में भी मदद मिल रही है।
कृषक उन्नति योजना के फैसले की किसान ने की सराहना
भीखम पटेल ने कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता देने के निर्णय की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी किसानों के पास प्रति एकड़ समान मात्रा में धान उपलब्ध नहीं होता। ऐसे में यह प्रावधान छोटे किसान परिवारों के लिए राहत देने वाला है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि टोकन से लेकर धान बिक्री तक की व्यवस्था पहले से अधिक सुविधाजनक हुई है।

