Strait of Hormuz : होर्मुज जलडमरूमध्य में पनामा के झंडे वाले एलपीजी टैंकर ‘एमटी तारा गैस’ पर हुए हमले की भारत ने कड़ी निंदा की है। यह हमला सोमवार, 16 नवंबर को हुआ था। विदेश मंत्रालय (MEA) ने मंगलवार को बयान जारी कर घटना पर चिंता जताई और जहाज पर सवार भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर जानकारी साझा की। मंत्रालय के मुताबिक, टैंकर पर कुल 24 भारतीय नागरिक सवार थे। इनमें से 21 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि घायल चालक दल के दो सदस्यों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक भारतीय नागरिक अब भी लापता है।
ओमान में भारतीय दूतावास खोज अभियान पर नजर रख रहा
विदेश मंत्रालय ने बताया कि ओमान की राजधानी मस्कट स्थित भारतीय दूतावास वहां के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है। दूतावास स्थानीय प्रशासन और बचाव एजेंसियों के सहयोग से लापता नाविक की तलाश के लिए चलाए जा रहे खोज एवं बचाव अभियान पर नजर बनाए हुए है। भारत ने इस घटना के बाद क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को लेकर अपनी चिंता भी जाहिर की है।

जहाजों पर हमलों को लेकर भारत ने जताई चिंता
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि इस क्षेत्र में जहाजों को लगातार निशाना बनाया जाना बेहद चिंताजनक है। ऐसी घटनाएं समुद्री मार्गों पर काम करने वाले आम नागरिकों यानी नाविकों की जान के लिए गंभीर खतरा पैदा करती हैं। भारत ने स्पष्ट किया कि वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की घटनाएं तत्काल बंद होनी चाहिए।मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करते हुए समुद्री मार्गों पर जहाजों की आवाजाही और व्यापार को जल्द से जल्द निर्बाध रूप से बहाल करने की मांग भी की। होर्मुज जलडमरूमध्य अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार के लिहाज से महत्वपूर्ण मार्ग है। यहां जहाजों की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं का असर समुद्री परिवहन और व्यापार पर पड़ सकता है।

सर्बानंद सोनोवाल ने दी बचाव अभियान की जानकारी
केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भी टैंकर पर हुए हमले को चिंताजनक घटना बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि हमले के बाद पूरे चालक दल को जहाज छोड़ना पड़ा। उन्होंने बताया कि लापता नाविक का पता लगाने और बचाए गए लोगों की सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा जरूरी सहायता सुनिश्चित करने के लिए जहाज प्रबंधन कंपनी और क्षेत्रीय बचाव अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है।
24 भारतीयों और लापता नाविक को लेकर दूतावास का बयान
मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने एक्स पर बताया कि घटना के समय जहाज पर कुल 25 लोग सवार थे, जिनमें 24 भारतीय नागरिक शामिल थे। दूतावास के अनुसार, चालक दल के 24 सदस्यों को ओमान के खसाब में सुरक्षित किनारे पर पहुंचाया गया है और लापता भारतीय नाविक की तलाश जारी है।हालांकि, विदेश मंत्रालय के बयान में 21 भारतीयों को सुरक्षित निकाले जाने, दो घायलों के अस्पताल में भर्ती होने और एक व्यक्ति के लापता होने की जानकारी दी गई है। अलग-अलग बयानों में सुरक्षित निकाले गए सदस्यों की संख्या का विवरण एक जैसा नहीं है। फिलहाल, बचाव अभियान जारी है और लापता नाविक का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Read More : Wheat Farming Tips : गेहूं की खेती में इन 6 उन्नत किस्मों से बढ़ेगी पैदावार, जानें वैज्ञानिकों की सलाह

