Akhilesh Yadav Seat Sharing : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। सभी प्रमुख राजनीतिक दल चुनावी तैयारियों और गठबंधन की रणनीतियों पर काम कर रहे हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग पर बातचीत एकादशी के बाद शुरू होगी। अखिलेश यादव के इस बयान के बाद यूपी की राजनीति में एक बार फिर सपा और कांग्रेस के संभावित गठबंधन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
एकादशी के बाद कांग्रेस से होगी सीट शेयरिंग पर चर्चा
गोरखपुर दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कांग्रेस के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि एकादशी के बाद जिन तारीखों को तय किया गया है, उन पर चर्चा शुरू होगी। उनके इस बयान को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच राजनीतिक तालमेल मजबूत करने की दिशा में अहम संकेत माना जा रहा है।हालांकि, अभी सीटों की संख्या और चुनावी समझौते को लेकर कोई अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन अखिलेश के बयान से साफ है कि सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे का मुद्दा आने वाले दिनों में राजनीतिक चर्चा के केंद्र में रहने वाला है।

गोरखपुर में अखिलेश यादव के रोड शो में उमड़ी भीड़
बुधवार को अखिलेश यादव गोरखपुर पहुंचे थे। यहां एयरपोर्ट से उन्होंने पीडीए रथ पर सवार होकर रोड शो किया। इस दौरान बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। रोड शो में उमड़ी भीड़ को देखकर अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राजनीतिक गढ़ गोरखपुर में भाजपा पर निशाना साधा।उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में गोरखपुर की जनता भाजपा को नौ बटे निल कर देगी। इस बयान के जरिए उन्होंने भाजपा को चुनाव में पूरी तरह पीछे छोड़ने का राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की।

भाजपा का गढ़ गड़बड़ाया, अखिलेश ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रोड शो का वीडियो साझा करते हुए भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने लिखा कि गोरखपुर में रोड शो के दौरान उमड़ी भीड़ को देखकर जनता कह रही है कि किसी का गढ़ गड़बड़ा गया है। उन्होंने दावा किया कि इस बार गोरखपुर में भाजपा को जनता नौ बटे निल कर देगी।सपा प्रमुख ने आगे कहा कि पूरे गोरखपुर मंडल में एकजुट पीडीए का समाज प्रभुत्ववादियों को धूल चटाएगा। उन्होंने नारा दिया, ‘गोरखपुर की ये पुकार, अहंकार की होगी हार।’ रोड शो के दौरान अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं के साथ पीडीए की यही पुकार, इस बार अपनी सरकार का नारा भी लगाया।
2017 में सपा-कांग्रेस गठबंधन को मिली थी करारी हार
सपा और कांग्रेस इससे पहले 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी गठबंधन कर चुके हैं। उस समय अखिलेश यादव और राहुल गांधी की जोड़ी को दो लड़कों की जोड़ी के नाम से प्रचारित किया गया था। चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने इस गठबंधन को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।उस चुनाव में समाजवादी पार्टी ने 298 और कांग्रेस ने 105 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। हालांकि, गठबंधन चुनाव में कोई बड़ा कमाल नहीं दिखा सका। भाजपा ने 325 सीटें जीतकर शानदार बहुमत हासिल किया था। वहीं, सपा केवल 47 और कांग्रेस महज 7 सीटों पर सिमट गई थी। चुनावी हार के बाद दोनों दलों का गठबंधन टूट गया था।

2024 लोकसभा चुनाव में फिर साथ आए थे दोनों दल
2017 के बाद सपा और कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनाव में एक बार फिर साथ मिलकर चुनाव लड़ा। उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से सपा ने 63 और कांग्रेस ने 17 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। इस गठबंधन को चुनाव में फायदा मिला और दोनों दलों का प्रदर्शन पहले के मुकाबले बेहतर रहा।अब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले अखिलेश यादव के ताजा बयान ने गठबंधन की राजनीति को फिर गर्म कर दिया है। ऐसे में सबकी नजरें एकादशी के बाद होने वाली बातचीत और सीट बंटवारे की रणनीति पर टिकी हैं।

