Chhattisgarh IAS Promotion : छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के चार वरिष्ठ अधिकारियों को पदोन्नति दी है। इनमें मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह सहित प्रदेश के चार अनुभवी अधिकारी शामिल हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में अलग-अलग आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार दो अधिकारियों को अपर मुख्य सचिव (ACS) और दो अधिकारियों को प्रमुख सचिव के पद पर पदोन्नत किया गया है। इस फैसले को राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सुबोध कुमार सिंह और निहारिका बारिक बने अपर मुख्य सचिव
सरकार के पहले आदेश के मुताबिक 1997 बैच के IAS अधिकारी सुबोध कुमार सिंह और निहारिका बारिक को अपेक्स वेतनमान में पदोन्नति दी गई है। सुबोध कुमार सिंह मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव के साथ अब अपर मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। इसके अलावा उन्हें ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी के अध्यक्ष और नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ भवन के प्रमुख आवासीय आयुक्त की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

वहीं, वरिष्ठ महिला IAS अधिकारी निहारिका बारिक को गृह एवं जेल विभाग के प्रमुख सचिव पद से पदोन्नत कर अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। अब वे इसी विभाग की महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारी संभालेंगी।

डॉ. रोहित यादव और डॉ. कमलप्रीत सिंह को प्रमुख सचिव पद
दूसरे आदेश के तहत 2002 बैच के IAS अधिकारी डॉ. रोहित यादव और डॉ. कमलप्रीत सिंह को प्रमुख सचिव के पद पर पदोन्नति मिली है। डॉ. रोहित यादव को वित्त विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। इसके साथ उन्हें जनसंपर्क विभाग का अतिरिक्त प्रभार और पेंशन निराकरण समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी दी गई है। दूसरी ओर डॉ. कमलप्रीत सिंह को स्कूल शिक्षा विभाग का प्रमुख सचिव नियुक्त किया गया है।
IIT रुड़की से पढ़ाई, केंद्र सरकार में भी निभाई अहम जिम्मेदारी
सुबोध कुमार सिंह छत्तीसगढ़ कैडर के 1997 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी हैं। उनका जन्म 15 अगस्त 1973 को हुआ था और वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। उन्होंने IIT रुड़की से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीई और एमई की डिग्री हासिल की है। इसके अलावा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय से MBA भी किया है।

अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत में उन्होंने मंडला में असिस्टेंट कलेक्टर और कोरिया में एसडीओ के रूप में काम किया। इसके बाद बस्तर में जिला पंचायत CEO रहे। उन्होंने रायगढ़, रायपुर और बिलासपुर जैसे महत्वपूर्ण जिलों में कलेक्टर की जिम्मेदारी भी संभाली।
NTA के महानिदेशक से मुख्यमंत्री सचिवालय तक का सफर
सुबोध सिंह को जून 2023 में राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) का महानिदेशक नियुक्त किया गया था। इस दौरान NEET, JEE और CUET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं के संचालन की जिम्मेदारी उनके पास रही। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय इस्पात मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव एवं वित्तीय सलाहकार के रूप में सेवाएं दीं। छत्तीसगढ़ लौटने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री सचिवालय में प्रमुख सचिव की जिम्मेदारी संभाली।
निहारिका बारिक का प्रशासनिक अनुभव भी रहा महत्वपूर्ण
1997 बैच की IAS अधिकारी निहारिका बारिक मूल रूप से ओडिशा की रहने वाली हैं। उन्होंने महासमुंद की कलेक्टर, बिलासपुर संभाग की कमिश्नर और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की सचिव सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है।
डॉ. कमलप्रीत और डॉ. रोहित यादव का प्रशासनिक सफर
डॉ. कमलप्रीत सिंह 2002 बैच के अधिकारी हैं और उन्होंने MBBS की पढ़ाई की है। वे कोरिया और सरगुजा के कलेक्टर सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। वहीं डॉ. रोहित यादव भी 2002 बैच के IAS अधिकारी हैं। वे सरगुजा, राजनांदगांव और रायपुर के कलेक्टर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने मुख्यमंत्री सचिवालय, छत्तीसगढ़ राज्य सड़क विकास निगम और केंद्र सरकार के इस्पात मंत्रालय में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। वे प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में संयुक्त सचिव के रूप में भी काम कर चुके हैं।

