Surajpur News : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के भटगांव थाना क्षेत्र में घर में घुसकर बच्चों को चाकू की नोक पर जान से मारने की धमकी देते हुए डेढ़ लाख रुपये नकद और मोबाइल लूटने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार पुरुषों और दो महिलाओं सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके बाद संदिग्ध कार की पहचान कर पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ीं। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल चाकू, कार सहित करीब 4 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
आधी रात घर में घुसे थे नकाबपोश आरोपी
पुलिस के मुताबिक, 27 अक्टूबर 2026 की रात करीब 1:30 बजे ग्राम अधिना सलका निवासी राधेश्याम सिंह (35), पिता स्वर्गीय चेतन सिंह, के घर में चार अज्ञात व्यक्ति घुस गए थे। आरोपियों ने चेहरे पर स्टॉल बांध रखे थे और चैनल गेट का ताला खोलकर घर के भीतर प्रवेश किया था। इसके बाद उन्होंने घर में मौजूद बच्चों के गले पर चाकू लगाकर जान से मारने की धमकी दी और अलमारी में रखे 1 लाख 50 हजार रुपये नकद तथा ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना भटगांव में अपराध क्रमांक 204/2026 के तहत धारा 309(6), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की।

200 से अधिक CCTV कैमरों ने खोला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल (भापुसे) के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का के मार्गदर्शन में पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की बारीकी से जांच की।
इस दौरान पुलिस को एक संदिग्ध मारुति स्विफ्ट डिजायर कार दिखाई दी। फुटेज में मिले सुराग और वाहन के पंजीयन नंबर के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की और उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

पूछताछ में साथियों के साथ वारदात करना स्वीकारा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की इस वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम और वारदात में इस्तेमाल किए गए सामान की बरामदगी की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 1 लाख 40 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त एक चाकू, विभिन्न कंपनियों के छह मोबाइल फोन और वारदात के दौरान चेहरे पर बांधे गए चार स्टॉल बरामद किए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त मारुति स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक CG 10 FA 6395 को भी जब्त किया गया है। पुलिस ने कुल करीब 4 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति बरामद होने की जानकारी दी है।
गिरफ्तार किए गए छह आरोपी
पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें हुल्लेश्वर दास (35) निवासी ग्राम पोकसरी, थाना बतौली, जिला सरगुजा, देवकरण दास उर्फ विजय दास (26) निवासी ग्राम जामडीह, थाना सीतापुर, जिला सरगुजा, विकास दास (23) निवासी ग्राम झरगांवा, थाना बतौली, जिला सरगुजा, शांतुदास (30) निवासी ग्राम झरगांवा, थाना बतौली, जिला सरगुजा, शारदा चौहान (37) निवासी तकिया रोड, अंबिकापुर, जिला सरगुजा और सोनू कुमारी (25) निवासी ग्राम खोरमा, प्रतापपुर, जिला सूरजपुर शामिल हैं।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी भटगांव बृजेश सिन्हा के साथ सुनील विवेकानंद सिंह, प्रधान आरक्षक सुशील मिश्रा, संजय कुमार, हेमंत सोनवानी तथा आरक्षक विनोद प्रताप सिंह, दिनेश ठाकुर और रजनीश पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का खुलासा हुआ है।

