Cyclone Akvan : बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ ओडिशा तट के बेहद करीब पहुंच गया है। तूफान की आशंका को देखते हुए राज्य सरकार ने आपदा प्रबंधन और राहत-बचाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बीती रात उच्चस्तरीय बैठक कर अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि चक्रवात के शुक्रवार दोपहर गोपालपुर के निकट हरिपुर तट से टकराने की प्रबल संभावना है। सरकार ने इस दौरान जान-माल के नुकसान को रोकने के लिए ‘जीरो कैजुअल्टी’ का लक्ष्य रखा है।
तीन लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए ओडिशा के 20 जिलों में एहतियाती कदम उठाए गए हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अब तक तीन लाख से अधिक लोगों को उनके घरों से निकालकर सुरक्षित आश्रय स्थलों में पहुंचाया जा चुका है। प्रशासन ने विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य संवेदनशील लोगों की सुरक्षा पर ध्यान दिया है। कुल 4,170 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित स्वास्थ्य केंद्रों और राहत शिविरों में स्थानांतरित किया गया है। इनमें से 1,317 महिलाओं ने नवजात शिशुओं को जन्म दिया है।

हजारों चक्रवात आश्रय स्थल तैयार
राज्य में चक्रवात से प्रभावित होने वाले लोगों को सुरक्षित रखने के लिए कुल 9,341 चक्रवात शेल्टर तैयार रखे गए हैं। इनमें से 2,623 आश्रय स्थलों को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। इन केंद्रों पर जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित रखने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जाए और किसी भी तरह की लापरवाही न हो।

राहत और बचाव के लिए 418 विशेष टीमें तैनात
चक्रवात के दौरान पेड़ गिरने, बिजली व्यवस्था प्रभावित होने और अन्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए 418 विशेष टीमों को तैनात किया गया है। इनमें ODRAF की 60, NDRF की 14, फायर सर्विस की 216 और OFDC की 128 ट्री-कटिंग टीमें शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 28 फायर सर्विस टीमों को स्टैंडबाय पर रखा गया है। इन टीमों का काम जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत और बचाव अभियान चलाना होगा।
मोबाइल नेटवर्क ठप होने पर भी संपर्क बनाए रखने की तैयारी
चक्रवात के दौरान तेज हवाओं और भारी बारिश से मोबाइल तथा इंटरनेट सेवाएं बाधित होने की आशंका है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने संचार व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 17 सैटेलाइट फोन, सेल्स ऑन व्हील्स (CoW) और बैकअप टेलीकॉम सिस्टम तैनात किए हैं। इन व्यवस्थाओं के जरिए प्रभावित इलाकों में अधिकारियों और राहत टीमों के बीच संपर्क बनाए रखने की कोशिश की जाएगी।

941 संवेदनशील गांवों की पहचान, रेल सेवाओं पर असर
ओडिशा रिमोट सेंसिंग एप्लिकेशन सेंटर (ORSAC) ने छह पहाड़ी और तटीय जिलों में 941 भूस्खलन संभावित गांवों की पहचान की है। इनमें गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कंधमाल, मलकानगिरी और कोरापुट शामिल हैं। इन इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने की कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री ने पुरी के जिलाधिकारी से बात कर कार्तिक नियम का पालन करने वाली बुजुर्ग महिला श्रद्धालुओं, जिन्हें हविश्याली कहा जाता है, की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा है।
चक्रवात के खतरे के कारण रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। अब तक 47 ट्रेनें रद्द की गई हैं, जबकि 28 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। वहीं, आंध्र प्रदेश के कुछ फंसे मछुआरों को भारतीय तटरक्षक बल की मदद से गंजाम जिले के तट पर सुरक्षित लाने की प्रक्रिया जारी है। राज्य सरकार ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और जरूरत के मुताबिक तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
Read More : Russia Ukraine War: यूक्रेन को NATO जैसी सुरक्षा गारंटी देने पर रूस सहमत? ट्रंप के दूत का बड़ा दावा

