Weather Alert : देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से बदल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत समेत पूर्वी और दक्षिणी भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां जारी हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 31 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड समेत 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, पहाड़ी राज्यों में गरज-चमक और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है।

बंगाल की खाड़ी में बनने वाला डिप्रेशन बढ़ाएगा बारिश की गतिविधियां
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, दक्षिणी अंडमान सागर और आसपास के अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र विकसित हुआ है। इसके 31 अक्टूबर के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के आसपास डिप्रेशन में तब्दील होने की प्रबल संभावना है। इसके प्रभाव से 2 और 3 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश में 31 अक्टूबर से 1 नवंबर तक भारी बारिश का अनुमान है। वहीं, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।

इन 17 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
IMD ने 31 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक, मणिपुर, त्रिपुरा और असम में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से भारी बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ओलावृष्टि के साथ बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।
दिल्ली-NCR में बादल और हल्की बारिश के आसार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में 31 अक्टूबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग ने हल्की बारिश की संभावना जताई है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इसके बाद 1 नवंबर को अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और 2 नवंबर को 29 से 31 डिग्री तक पहुंच सकता है। 2 नवंबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश के 50 से अधिक जिलों में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मौसम का असर पूर्वी और पश्चिमी दोनों क्षेत्रों में दिखाई दे सकता है। वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, मिर्जापुर, सोनभद्र, अयोध्या, सुल्तानपुर, अमेठी, बस्ती, गोंडा, बहराइच, सहारनपुर, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, मुरादाबाद और बिजनौर समेत कई जिलों में बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। बारिश के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

बिहार और मध्य प्रदेश में कब तक होगी बारिश?
बिहार में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। राज्य में बारिश का सबसे ज्यादा असर 31 अक्टूबर को देखने को मिल सकता है। दूसरी ओर मध्य प्रदेश में भी मौसम बदलने वाला है। इंदौर, उज्जैन, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, खरगोन, बड़वानी, रतलाम, मंदसौर, नीमच, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट समेत कई जिलों में 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक बारिश हो सकती है। 5 नवंबर से प्रदेश में मौसम में सुधार होने की संभावना है।
झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बरसेंगे बादल
झारखंड में 31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में भी इसी अवधि के दौरान बारिश हो सकती है। वहीं, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 31 अक्टूबर को व्यापक बारिश की संभावना है। इसके बाद 1 से 5 नवंबर तक भी इन क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
हिमाचल और उत्तराखंड में ओलावृष्टि का खतरा
पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ मौसम ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो सकता है। मौसम विभाग ने 31 अक्टूबर को दोनों राज्यों में गरज-चमक, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की आशंका जताई है। कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला 2 नवंबर तक जारी रहने का अनुमान है। इस दौरान तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की जानकारी लेकर ही निकलने की सलाह दी जाती है।
31 अक्टूबर को प्रमुख शहरों का संभावित तापमान
मौसम विभाग के दिए गए पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मुंबई में 32/26, चेन्नई में 31/26, कोलकाता में 31/24, लखनऊ में 23/21, पटना में 26/22, रांची में 26/20 और भोपाल में 26/18 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने का अनुमान है। वहीं जयपुर में 28/18, शिमला में 19/9 और नैनीताल में 19/13 डिग्री सेल्सियस तापमान रह सकता है।
पूर्वी भारत में 5 डिग्री तक गिर सकता है पारा
बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण पूर्वी भारत के कई राज्यों में तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे मौसम में ठंडक बढ़ने की संभावना है। कुल मिलाकर 31 अक्टूबर से अगले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। ऐसे में लोगों को तेज हवाओं, बिजली गिरने, ओलावृष्टि और जलभराव को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।


