Meta Controversy : सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम की कंटेंट मॉडरेशन नीति एक बार फिर विवादों आ गई है। मेटा के स्वामित्व वाले इंस्टाग्राम पर वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस-2026 के प्रचार से जुड़े वीडियो हटाने का आरोप लगा है। आयोजन समिति ने इसे हिंदू संगठनों के प्रति भेदभावपूर्ण रवैया बताते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से हस्तक्षेप की मांग की है। समिति का कहना है कि सम्मेलन के प्रचार वीडियो बार-बार हटाए जा रहे हैं, जबकि उनकी सामग्री में कोई आपत्तिजनक बात नहीं है।
फडणवीस की अपील वाला वीडियो भी दो बार हटाने का आरोप
आयोजन समिति के मुताबिक, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का एक वीडियो इंस्टाग्राम से दो बार हटाया गया था। इस वीडियो में मुख्यमंत्री ने दुनिया भर के हिंदुओं से वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस में शामिल होने की अपील की थी। समिति का दावा है कि शिकायत और संबंधित अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद वीडियो दोबारा बहाल किया गया, लेकिन मेटा ने इसे हटाने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया। इसके बाद 17 नवंबर को सम्मेलन के प्रचार से जुड़ा एक अन्य वीडियो भी हटा दिया गया। इसमें पिछले सम्मेलन में शामिल हुए एक युवा प्रतिभागी ने अपने अनुभव साझा करते हुए हिंदू युवाओं को मुंबई आने का निमंत्रण दिया था।

मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर मेटा से जवाब मांगने की अपील
इस मामले में वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस-2026 की आयोजन समिति के सचिव स्वदेश खेतावत के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर मुंबई में मेटा के अधिकारियों को तलब करने की मांग की। समिति चाहती है कि वीडियो हटाने के कारणों की जानकारी सार्वजनिक की जाए। साथ ही यह भी जांच हो कि मेटा की कंटेंट मॉडरेशन नीति धार्मिक और वैचारिक संगठनों पर समान रूप से लागू होती है या नहीं। समिति ने संभावित कानून उल्लंघन की स्थिति में पुलिस शिकायत और जांच की मांग भी की है।

‘बार-बार वीडियो हटाना महज गलती नहीं हो सकती’
स्वदेश खेतावत ने मेटा की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए उसकी निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि हिंदू संगठनों से संबंधित सामग्री के साथ भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री और अन्य नेताओं के खिलाफ अभद्र भाषा वाले वीडियो मौजूद रहने के बावजूद उन पर पर्याप्त कार्रवाई नहीं होती, जबकि वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस के प्रचार वीडियो हटा दिए जाते हैं। हालांकि, ये आयोजन समिति के आरोप हैं और मेटा का पक्ष सामने आना बाकी है।
दिसंबर में मुंबई में होगा वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस का आयोजन
वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस-2026 का आयोजन 18 से 20 दिसंबर तक मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में प्रस्तावित है। आयोजकों के अनुसार, इसमें 60 से अधिक देशों के 4 हजार से ज्यादा प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। सम्मेलन में साधु-संत, सामाजिक कार्यकर्ता, उद्यमी, शिक्षाविद और युवा प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। इस बार सम्मेलन की थीम ‘समानं व्रतं सह चित्तम् – साझा प्रतिबद्धता, सामूहिक संकल्प’ रखी गई है।

मेटा कार्यालय के बाहर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस ने दर्ज की FIR
दूसरी ओर, मेटा की नीतियों को लेकर यूथ कांग्रेस ने भी विरोध प्रदर्शन किया है। संगठन का आरोप है कि फेसबुक और इंस्टाग्राम पर राहुल गांधी की पोस्ट को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं दी जा रही, जबकि बीजेपी को तरजीह मिल रही है। प्रदर्शनकारियों ने सात विपक्षी नेताओं, पत्रकारों और स्वतंत्र क्रिएटर्स के अकाउंट पर लगी पाबंदियां हटाने के लिए सात दिन का अल्टीमेटम दिया है।
इस बीच मुंबई के बीकेसी इलाके में एक इमारत के बाहर कथित विरोध और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने FIR दर्ज की है। FIR में चार नामजद लोगों और 15-20 अज्ञात महिलाओं का उल्लेख है। आरोप है कि लाल फूलों वाली पोशाक पहनी एक महिला ने इमारत के शीशे पर ‘RSS का बेटा मेटा’ लिखा। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 223, महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धाराओं 37(3) और 135 तथा महाराष्ट्र संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम, 1995 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया है।

