PM Modi Bihar Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार के वैशाली जिले में आयोजित जनसभा में अपने चिर-परिचित अंदाज में नजर आए। प्रधानमंत्री खुली गाड़ी में सवार होकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सड़क के दोनों ओर और सभा स्थल पर मौजूद लोगों का गमछा लहराकर अभिवादन किया। पीएम मोदी को अपने बीच देखकर वहां मौजूद लोगों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। लोग लगातार ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाते नजर आए। प्रधानमंत्री का यह अंदाज एक बार फिर राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।
पीएम मोदी के गमछा लहराने पर पप्पू यादव का हमला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गमछा लहराकर जनता का अभिवादन करने के बाद पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने उन पर निशाना साधा। पप्पू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रधानमंत्री का वीडियो साझा करते हुए बिहार की बदहाल स्थिति को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि केवल गमछा लहराने से बिहार की तस्वीर नहीं बदलने वाली है।पप्पू यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा, “मोदी जी गमछा लहराने से बिहार की बदहाल तस्वीर नहीं बदलेगी। जमीन पर जनता की जिंदगी बदहाल, वादों और प्रचार से बेहाल। बिहार को शिक्षा, सुरक्षा, रोजगार और न्याय आखिर कब मिलेगा? जनता को भाषण नहीं, जवाब चाहिए। प्रचार नहीं, बदलाव चाहिए।”उनके इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में एक बार फिर विकास, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को लेकर बहस तेज होने की संभावना है।

पिछले विधानसभा चुनाव में भी अपनाया था यही अंदाज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले करीब दो वर्षों से बिहार में अपनी जनसभाओं के दौरान कार्यक्रम स्थलों तक पहुंचने के लिए खुली गाड़ियों का इस्तेमाल करते रहे हैं। इस दौरान जनता के अभिवादन के लिए गमछा लहराने की उनकी शैली भी काफी चर्चित रही है। उन्होंने पिछले साल बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान इस अंदाज को विशेष रूप से अपनाया था।शनिवार को वैशाली में भी प्रधानमंत्री ने इसी अंदाज में लोगों का अभिवादन किया। उनके स्वागत में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए सड़क के दोनों ओर भीड़ जुटी रही।

नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद जनसभा स्थल पहुंचे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री मोदी ने वैशाली जिले में गंगा नदी पर बने छह लेन के नीतीश सेतु का उद्घाटन करने के बाद जफरगढ़ी स्थित कार्यक्रम स्थल का रुख किया। इस दौरान उनके साथ बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री एवं स्थानीय सांसद चिराग पासवान भी प्रधानमंत्री के साथ दिखाई दिए।इससे पहले प्रधानमंत्री ने बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन और अन्य गणमान्य नेताओं की मौजूदगी में पुल का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने लगभग नौ किलोमीटर लंबे पुल पर पैदल चलकर इसका निरीक्षण किया। पुल के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री का स्वागत करने और उनकी एक झलक पाने के लिए खड़े थे।
बिहार को 34 हजार करोड़ रुपये की 227 परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने बिहार दौरे के दौरान वैशाली जिले में करीब 34 हजार करोड़ रुपये की 227 बुनियादी ढांचा और विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। इन परियोजनाओं में सड़क संपर्क को मजबूत बनाने वाली कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं। इनमें गंगा नदी पर बना नीतीश सेतु भी प्रमुख है।अधिकारियों के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने जिन प्रमुख सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन किया, उनमें छह लेन वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-19 का औरंगाबाद-चरदाहा खंड शामिल है। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग-227एफ के चोरमा-बैरगनिया खंड और राष्ट्रीय राजमार्ग-327 के उमगांव-सहरसा खंड का भी उद्घाटन किया गया।

इन परियोजनाओं से बिहार में सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होने, यात्रा का समय कम होने और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। हालांकि, प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान जहां विकास परियोजनाओं की चर्चा रही, वहीं गमछा लहराने के अंदाज पर पप्पू यादव की टिप्पणी ने राजनीतिक माहौल को भी गर्म कर दिया।

