Kanker ACB Action : छत्तीसगढ़ के उत्तर बस्तर कांकेर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कांकेर कोतवाली क्षेत्र में ACB की टीम ने जीएसटी विभाग की असिस्टेंट कमिश्नर अंजला गिरी को कथित तौर पर 1 लाख 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार किया। आरोप है कि अधिकारी ने एक व्यवसायी से जीएसटी पेनल्टी कम करने और विभागीय कार्रवाई से राहत देने के बदले रिश्वत की मांग की थी। इस मामले में अधिकारी के सहयोगी इमरान के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
स्क्रैप से भरी गाड़ी को ई-वे बिल जांच के दौरान रोका गया
मामले के अनुसार, कांकेर के संजयपारा निवासी व्यवसायी मोहम्मद शोएब रंगरेज की स्क्रैप से भरी गाड़ी को बुधवार रात करीब 9:30 बजे माकड़ी में ई-वे बिल की जांच के दौरान रोका गया था। व्यवसायी का दावा है कि वाहन में करीब 3 से साढ़े 3 लाख रुपये का माल था और उसके पास जरूरी दस्तावेज भी मौजूद थे। इसके बावजूद जीएसटी अधिकारी अंजला गिरी ने कथित तौर पर कार्रवाई की चेतावनी देते हुए लगभग 10 लाख रुपये की पेनल्टी बनने की बात कही।

पेनल्टी कम करने के बदले दो लाख रुपये मांगने का आरोप
शिकायतकर्ता मोहम्मद शोएब रंगरेज के मुताबिक, पेनल्टी से राहत दिलाने के बदले शुरुआत में 2 लाख रुपये की मांग की गई थी। बाद में बातचीत के दौरान डेढ़ लाख रुपये रिश्वत और 50 हजार रुपये पेनल्टी के रूप में जमा करने की बात तय हुई। आरोप है कि अधिकारी ने व्यवसायी को एक-दो दिन के भीतर रकम उपलब्ध कराने के लिए कहा था।व्यवसायी ने कथित रिश्वत मांगने की शिकायत ACB जगदलपुर में दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने पहले आरोपों का सत्यापन किया और फिर रिश्वत लेते पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना तैयार की।

रिश्वत की रकम लेकर पहुंचते ही ACB ने दी दबिश
बताया गया है कि व्यवसायी रिश्वत की रकम लेकर अधिकारी के घर पहुंचा और वहां पैसे छोड़कर बाहर निकला। इसी दौरान पहले से निगरानी कर रही ACB की टीम ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 1 लाख 50 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई और अंबिकापुर का रहने वाली ये असिस्टेंट कमिश्नर अंजला गिरी को गिरफ्तार कर लिया गया।ACB के डीएसपी रमेश कुमार मरकाम ने बताया कि शिकायत का सत्यापन करने के बाद ट्रैप की कार्रवाई की गई थी। मौके से डेढ़ लाख रुपये की नकदी बरामद हुई है। मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सहयोगी इमरान के खिलाफ भी दर्ज हुई कार्रवाई
ACB के अनुसार, इस प्रकरण में अंजला गिरी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है। वहीं, उनके सहयोगी इमरान के खिलाफ इसी कानून की धारा 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है। जांच एजेंसी मामले में दोनों की भूमिका और कथित रिश्वत मांगने के पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।

क्या होती है GST अधिकारी की जिम्मेदारी?
जीएसटी अधिकारियों की जिम्मेदारी करदाताओं के रिटर्न और कारोबारी रिकॉर्ड की जांच करना, टैक्स का सही आकलन करना और कर नियमों का पालन सुनिश्चित करना है। इसके अलावा वे कारोबारियों और फैक्ट्रियों के खातों का ऑडिट कर सकते हैं। कर चोरी या फर्जी बिलिंग की आशंका होने पर नियमानुसार निरीक्षण, तलाशी, जब्ती, समन और जुर्माने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है। कांकेर में हुई ACB की कार्रवाई ने जीएसटी विभाग में कथित रिश्वतखोरी के मामले को चर्चा में ला दिया है।

