Sukma Ganja Smuggling : छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। तस्करी में शामिल लोग आम यात्रियों की तरह ट्रॉली बैग लेकर सफर करते थे, लेकिन उनके बैगों में गांजे की खेप छिपाकर रखी जाती थी। पुलिस के मुताबिक, यह नेटवर्क ओडिशा के मलकानगिरी से छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश और दिल्ली-NCR तक गांजा पहुंचा रहा था।पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 25 किलो 450 ग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों सहित पांच लोगों को पकड़ा गया है। जब्त गांजे, दोपहिया वाहनों और मोबाइल फोन समेत कुल 14 लाख 62 हजार 500 रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
दोपहिया वाहनों से सुकमा लाई जा रही थी गांजे की खेप
पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा के मलकानगिरी से दोपहिया वाहनों के जरिए गांजे की खेप सुकमा पहुंचाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने सुकमा चेकपोस्ट के पास घेराबंदी कर संदिग्धों की जांच शुरू की।इस दौरान दो लोगों को संदेह के आधार पर पकड़ा गया। उनके पास मौजूद ट्रॉली बैग की तलाशी लेने पर 12 पैकेटों में रखा 25 किलो 450 ग्राम गांजा बरामद हुआ। शुरुआती कार्रवाई में पुलिस को दो वाहक मिले, लेकिन मामले के पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच आगे बढ़ाई गई।

मोबाइल फोन की जांच से मेरठ और नोएडा तक पहुंची पुलिस
पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ और उनके मोबाइल फोन की तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को तस्करी नेटवर्क की अन्य कड़ियों की जानकारी मिली। जांच में मेरठ और नोएडा से जुड़े लोगों के नाम सामने आए। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और अन्य जानकारियों के आधार पर कार्रवाई की।पुलिस के मुताबिक, जगदलपुर पहुंचे मेरठ निवासी अशरफ और मोहम्मद कासिफ को पकड़ा गया। इसके अलावा नोएडा के एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया। इस तरह दोनों कार्रवाइयों में कुल पांच लोग पकड़े गए, जिनमें दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं।

बेरोजगार युवाओं को लालच देकर बनाया जाता था वाहक
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि तस्करी का यह नेटवर्क अलग-अलग जिम्मेदारियों के आधार पर संचालित किया जा रहा था। आरोप है कि ओडिशा के मलकानगिरी से गांजा उपलब्ध कराने से लेकर उसे दूसरे राज्यों तक पहुंचाने के लिए अलग-अलग लोगों को जिम्मेदारी दी गई थी।बताया गया है कि आर्थिक रूप से कमजोर और बेरोजगार युवाओं को पैसों का लालच देकर गांजे का वाहक बनाया जाता था। ये लोग सामान्य यात्रियों की तरह ट्रॉली बैग लेकर सफर करते थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो। पुलिस के अनुसार, गांजे की सप्लाई मेरठ, नोएडा और दिल्ली तक किए जाने की जानकारी मिली है।
ओडिशा के मलकानगिरी से छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तरप्रदेश और दिल्ली-NCR तक गांजा पहुंचाने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का सुकमा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। pic.twitter.com/yXoYwtncws
— Chandu Nirmalkar (@CHANDU_NIRMALKA) November 23, 2026

मुख्य सरगना की पहचान, गिरफ्तारी के प्रयास जारी
सुकमा थाना प्रभारी रोशन राजपूत के अनुसार, मामले में मुख्य सरगना की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। साथ ही नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस इस अवैध कारोबार के आर्थिक लेन-देन और इससे अर्जित संपत्तियों की जानकारी भी जुटा रही है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, ऑपरेशन आगाज में कार्रवाई
सुकमा थाना में अपराध क्रमांक 99/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन आगाज के तहत यह कार्रवाई की गई। इसमें सुकमा थाना पुलिस और जगदलपुर पुलिस की अहम भूमिका रही।फिलहाल पुलिस की जांच मुख्य सरगना और तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों पर केंद्रित है। ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तर प्रदेश और दिल्ली तक फैले इस कथित नेटवर्क की अन्य कड़ियों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
Read More : Aman Sahu Gang : रायपुर में अमन साव गैंग के नाम पर करोड़ों की रंगदारी, कारोबारियों को धमकी

