Bisleri Water News : पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर ब्रांड बिसलेरी (Bisleri) को खाद्य सुरक्षा से जुड़े मामले में बड़ी राहत मिली है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी के जिन पानी के नमूनों को शुरुआती जांच में असुरक्षित घोषित किया गया था, वे बाद की जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाए गए हैं। इस नए नतीजे के बाद कंपनी ने राहत जताई है। हालांकि, मामले को लेकर नियामक और कंपनी के बीच प्रक्रिया जारी है।
सितंबर 2025 के बैच से जुड़ा है पूरा मामला
बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के मुताबिक, यह मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित कंपनी की यूनिट में तैयार किए गए एक बैच से संबंधित है। कंपनी ने बताया कि भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने इस बैच से कुल छह नमूने लिए थे। इनमें से पांच नमूने निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरे उतरे थे, जबकि एक नमूने में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से अधिक बताई गई थी।

ब्रोमेट की अधिक मात्रा मिलने पर उठे सवाल
शुरुआती जांच रिपोर्ट में एक नमूने में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा से ज्यादा पाया गया था। इसके बाद खाद्य सुरक्षा नियामक ने कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दी थी। बिसलेरी ने इन निष्कर्षों को चुनौती देते हुए अपील दायर की और संबंधित नमूने की दोबारा जांच कराने की मांग की।

रेफरल लैब की जांच में सामने आया अलग नतीजा
कंपनी के अनुसार, अपील के बाद नमूने को रेफरल लैब में जांच के लिए भेजा गया। वहां हुई जांच में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया। हालांकि, इसी जांच में पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी का पता चला था। इसी आधार पर पहले रेफरल लैब ने नमूने को असुरक्षित घोषित किया था।
दूसरी लैब की रिपोर्ट में भी ब्रोमेट सीमा के भीतर
बिसलेरी ने बताया कि FSSAI से मान्यता प्राप्त एक अन्य प्रयोगशाला में भी उसी नमूने की स्वतंत्र जांच कराई गई। कंपनी के मुताबिक, इस जांच में भी ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर पाई गई। फरवरी 2026 में कंपनी ने जांच के नतीजे नियामक के साथ साझा कर दिए थे।कंपनी का कहना है कि इसके बाद उसे नियामक की ओर से कोई अतिरिक्त सूचना नहीं मिली। इस वजह से उसे लगा कि मामला समाप्त हो चुका है। बिसलेरी ने यह भी दावा किया कि उसे इस संबंध में ईमेल या हार्ड कॉपी के माध्यम से कोई नोटिस नहीं मिला।

बिसलेरी ने FSSAI को सहयोग का दिया भरोसा
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि पीने के पानी की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिसलेरी के मुताबिक, वह उचित प्रक्रिया के तहत इस मामले को सुलझाने के लिए FSSAI के साथ पूरा सहयोग करेगी।
देशभर में पैक्ड पानी के ब्रांडों की होगी जांच
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, बिसलेरी से जुड़े खाद्य सुरक्षा विवाद के बाद अधिकारी देशभर में पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर ब्रांडों की जांच करने की तैयारी में हैं। इसका उद्देश्य बाजार में बिकने वाले बोतलबंद पानी की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करना है।
दूसरी खाद्य कंपनियों पर भी FSSAI की कार्रवाई
इस बीच FSSAI का प्रवर्तन अभियान अन्य कंपनियों के खिलाफ भी जारी है। नियामक ने वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मीमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दी है।इसके अलावा उर्मि लाइफसाइंसेज LLP और गौर आयुर्वेदिक स्टोर के लाइसेंस खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने के कारण निलंबित किए गए हैं। आशा कन्फेक्शनरी को अपनी प्री-पैकेज्ड चॉकलेट से भरी कुकीज बाजार से वापस मंगाने का निर्देश भी दिया गया था। इस तरह बिसलेरी को दोबारा जांच में राहत मिलने के बावजूद खाद्य सुरक्षा नियामक की कार्रवाई जारी है।

