Sonia Gandhi Legal Notice : स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक बहस एक बार फिर तेज हो गई है। सावरकर के पैतृक प्रपौत्र सत्यकी सावरकर ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को कानूनी नोटिस भेजा है। यह नोटिस उनकी पुस्तक Belonging: A Journey of Love में सावरकर को लेकर लिखी गई दो टिप्पणियों पर आपत्ति जताते हुए भेजा गया है। सत्यकी का आरोप है कि पुस्तक में उनके पूर्वज की भूमिका और विचारधारा को गलत ऐतिहासिक संदर्भों के साथ पेश किया गया है। उन्होंने 15 दिनों के भीतर बिना शर्त माफी मांगने और कथित गलतियों को सुधारने की मांग की है।
किताब के पृष्ठ 201 और 443 पर जताई आपत्ति
समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, अधिवक्ता संग्राम कोल्हटकर ने सत्यकी सावरकर की ओर से यह कानूनी नोटिस जारी किया है। इसमें पुस्तक के पृष्ठ 201 और 443 पर लिखी गई टिप्पणियों को चुनौती दी गई है। नोटिस में कहा गया है कि ये टिप्पणियां तथ्यात्मक रूप से गलत, ऐतिहासिक संदर्भों से अलग और सावरकर की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाली हैं।

दया याचिकाओं और अंग्रेजों से संबंधों पर विवाद
नोटिस में पृष्ठ 201 पर लिखे उस अंश को लेकर आपत्ति की गई है, जिसमें कांग्रेस के स्वतंत्रता सेनानियों के अंग्रेजों के हमले और जेल की सजा झेलने की तुलना सावरकर की दया याचिकाओं से की गई है। इसमें आरएसएस के वरिष्ठ विचारक सावरकर के ब्रिटिश शासकों को दया याचिकाएं लिखने और संगठन के सदस्यों के अंग्रेज अधिकारियों के लिए मुखबिर के तौर पर काम करने का उल्लेख बताया गया है।सत्यकी सावरकर का कहना है कि इस तरह की टिप्पणी से पाठकों के बीच यह धारणा बन सकती है कि सावरकर अंग्रेजों के साथ मिलकर भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों के खिलाफ काम कर रहे थे। नोटिस में इस प्रस्तुति को ऐतिहासिक तथ्यों और परिस्थितियों से परे बताया गया है।

सेल्युलर जेल और दया याचिकाओं की परिस्थितियों का हवाला
सत्यकी ने नोटिस में कहा है कि सावरकर ने ब्रिटिश शासन के दौरान लंबी कैद और कठोर यातनाएं झेलीं। उन्हें अंडमान की सेल्युलर जेल में भी रखा गया था। उनका तर्क है कि दया याचिकाओं का उल्लेख करते समय उस समय की राजनीतिक परिस्थितियों और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को भी समझना जरूरी है। उनके मुताबिक, इन संदर्भों को नजरअंदाज करने से सावरकर के जीवन और संघर्ष की अधूरी तस्वीर सामने आती है।
हिंदुत्व की विचारधारा पर लिखे अंश को भी चुनौती
किताब के पृष्ठ 443 पर लिखी टिप्पणी को लेकर भी कानूनी नोटिस में आपत्ति जताई गई है। इसमें सावरकर को हिंदुत्व विचारधारा का संस्थापक बताते हुए उनकी सोच को ऐसे राष्ट्र की अवधारणा से जोड़ा गया है, जहां हिंदुओं का वर्चस्व हो। इस विचारधारा का संबंध आरएसएस, भाजपा और उनसे जुड़े संगठनों से भी बताया गया है।सत्यकी का आरोप है कि यह टिप्पणी सावरकर की राजनीतिक और वैचारिक सोच को सीमित नजरिये से पेश करती है। उनका कहना है कि सावरकर के लेखन, भाषणों और विचारों का मूल्यांकन उनके समय के ऐतिहासिक और बौद्धिक संदर्भों में किया जाना चाहिए।

इंदिरा गांधी के योगदान का भी नोटिस में उल्लेख
कानूनी नोटिस में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल का हवाला भी दिया गया है। इसमें कहा गया है कि उनके कार्यकाल में सावरकर के सम्मान में डाक टिकट जारी किया गया था। इसके अलावा इंदिरा गांधी ने अपने निजी बैंक खाते से स्वतंत्र्यवीर सावरकर राष्ट्रीय स्मारक के लिए 11 हजार रुपये का व्यक्तिगत योगदान भी दिया था। सत्यकी ने सवाल उठाया है कि इंदिरा गांधी द्वारा सावरकर को दिए गए सम्मान और सोनिया गांधी की पुस्तक में लिखी टिप्पणियों को किस तरह देखा जाना चाहिए।
15 दिनों में माफी और सार्वजनिक स्पष्टीकरण की मांग
नोटिस में सोनिया गांधी से दोनों टिप्पणियों के समर्थन में प्रमाणिक ऐतिहासिक दस्तावेज पेश करने या उनमें मौजूद कथित गलतियों को स्वीकार करने की मांग की गई है। साथ ही लिखित और सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगने तथा गलत या भ्रामक जानकारी को सुधारने के लिए कहा गया है। सत्यकी ने 15 दिनों की समयसीमा दी है। मांगें पूरी नहीं होने पर सक्षम अदालत या प्राधिकरण में कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है।

