Parliament Winter Session : महिला आरक्षण और परिसीमन बिल को लेकर देश की राजनीति में जारी घमासान के बीच अब संसद के शीतकालीन सत्र को लेकर भी सियासी विवाद शुरू हो गया है। विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार से सवाल किया है कि आखिर संसद का शीतकालीन सत्र कब बुलाया जाएगा? कांग्रेस से लेकर तृणमूल कांग्रेस (TMC) तक के नेताओं ने सरकार की चुप्पी पर नाराजगी जताई है।
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने अपनी पोस्ट में संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू को टैग करते हुए सवाल किया कि संसद का शीतकालीन सत्र आखिर क्यों नहीं बुलाया जा रहा है? उन्होंने कहा कि देश यह जानना चाहता है कि सरकार संसद का अगला सत्र कब आयोजित करेगी।

साकेत गोखले ने अमित शाह और बीजेपी पर लगाए आरोप
तृणमूल कांग्रेस के नेता और पूर्व सांसद साकेत गोखले ने भी शीतकालीन सत्र को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में इस साल की शुरुआत में मिली हार के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हताश हैं। गोखले ने आशंका जताई कि परिसीमन बिल के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं होने के कारण सरकार शीतकालीन सत्र को भी रद्द कर सकती है।उन्होंने दावा किया कि परिसीमन के लिए जरूरी समर्थन जुटाने के उद्देश्य से बीजेपी ने सांसदों को अपने पक्ष में करने और विपक्षी पार्टियों में टूट कराने की कोशिश की है। हालांकि, ये साकेत गोखले के राजनीतिक आरोप हैं।

इतिहास में केवल चार बार नहीं बुलाया गया शीतकालीन सत्र
दरअसल, संसद का मानसून सत्र 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था। इसके बावजूद अभी तक संसद का सत्रावसान नहीं हुआ है। इस स्थिति को लेकर राजनीतिक और संसदीय हलकों में चर्चाएं तेज हैं।संवैधानिक प्रावधानों के मुताबिक, संसद के दो सत्रों के बीच छह महीने से अधिक का अंतर नहीं हो सकता। ऐसे में सरकार को अगले साल 12 फरवरी से पहले संसद का अगला सत्र बुलाना होगा।
इस बीच सूत्रों के हवाले से खबर आई थी कि सरकार कम समय के नोटिस पर विशेष सत्र बुलाकर परिसीमन बिल पेश कर सकती है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। इतिहास में चार मौकों पर संसद का शीतकालीन सत्र आयोजित नहीं किया गया। इनमें आपातकाल, लोकसभा का समय से पहले भंग होना, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या और कोविड-19 महामारी का दौर शामिल है।

परिसीमन बिल को लेकर TMC ने उठाए गंभीर सवाल
साकेत गोखले ने कहा कि परिसीमन के मुद्दे पर सभी विपक्षी दलों और संबंधित राजनीतिक पक्षों को एकजुट होना चाहिए। उन्होंने NDA के सहयोगी दलों से भी इस प्रक्रिया का विरोध करने की अपील की। उनका आरोप है कि जल्दबाजी में परिसीमन कराने की कोशिश चुनावी व्यवस्था को प्रभावित कर सकती है।गोखले ने यह भी कहा कि महिला आरक्षण लागू करने के लिए परिसीमन जरूरी नहीं है और इसके लिए संसद में छोटा संशोधन लाया जा सकता है। उन्होंने परिसीमन आयोग की प्रक्रिया और चुनाव क्षेत्रों की सीमाएं तय करने को लेकर भी सवाल उठाए।
शशि थरूर ने संसदीय कैलेंडर को लेकर सरकार से पूछा सवाल
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भी संसद सत्र की तारीखों को लेकर सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन और जर्मनी जैसे कई संसदीय लोकतंत्रों में संसद की बैठकों का कैलेंडर पहले से तय रहता है। वहां सांसद कई साल पहले ही अपनी संसदीय गतिविधियों की योजना बना सकते हैं।थरूर ने सवाल किया कि भारत में सांसदों को संसद सत्र की तारीखों के लिए सरकार की बदलती राजनीतिक प्राथमिकताओं पर निर्भर क्यों रहना पड़ता है।
सागरिका घोष और डेरेक ओ ब्रायन ने भी उठाई आवाज
TMC की राज्यसभा सांसद सागरिका घोष ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने अपनी ही पार्टी के सांसदों को अगले सत्र के बारे में जानकारी नहीं दी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष से बातचीत तो दूर, संसद का सत्र कब बुलाया जाएगा, इसे लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है।वहीं, डेरेक ओ ब्रायन ने एक्स पर पुराना वीडियो साझा करते हुए संसद की सालाना बैठकों के लिए निश्चित कैलेंडर बनाने की मांग दोहराई। उन्होंने बताया कि संसद साल में कम से कम 100 दिन बैठे, इस उद्देश्य से उन्होंने करीब दो साल पहले प्राइवेट मेंबर बिल पेश किया था।
पिछले साल 1 दिसंबर से शुरू हुआ था संसद का शीतकालीन सत्र
गौरतलब है कि वर्ष 2025 में संसद का शीतकालीन सत्र 1 दिसंबर से 19 दिसंबर तक आयोजित हुआ था। इस दौरान कुल 15 बैठकें हुई थीं। संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने 8 नवंबर 2025 को जानकारी दी थी कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। फिलहाल विपक्ष की मांग के बीच सबकी नजरें केंद्र सरकार की ओर से शीतकालीन सत्र की तारीखों के ऐलान पर टिकी हैं।

