Weak Passwords 2026 : डिजिटल युग में बैंकिंग, सोशल मीडिया, ईमेल और ऑनलाइन शॉपिंग से लेकर लगभग हर काम के लिए पासवर्ड की जरूरत होती है। ऐसे में ऑनलाइन अकाउंट की सुरक्षा काफी हद तक मजबूत पासवर्ड पर निर्भर करती है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि बड़ी संख्या में लोग आज भी ऐसे आसान पासवर्ड इस्तेमाल कर रहे हैं, जिन्हें साइबर अपराधी कुछ ही सेकंड में क्रैक कर सकते हैं। NordPass की 2026 की नई रिपोर्ट में दुनिया के सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले 200 पासवर्ड की सूची जारी की गई है। इसमें एक बार फिर आसान नंबर सीक्वेंस और सामान्य शब्दों का दबदबा दिखाई दिया है। भारत में भी लाखों लोग ‘123456’ और ‘admin’ जैसे कमजोर पासवर्ड का इस्तेमाल कर रहे हैं।
NordPass Password Report 2026: दुनिया में सबसे लोकप्रिय पासवर्ड 123456
NordPass ने NordLayer Intelligence और साइबर सिक्योरिटी शोधकर्ताओं के साथ मिलकर यह रिपोर्ट तैयार की है। इसके लिए सितंबर 2025 से सितंबर 2026 के बीच सार्वजनिक डेटा लीक और डार्क वेब पर सामने आए पासवर्ड का विश्लेषण किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, इस रिसर्च में किसी व्यक्ति का निजी डेटा खरीदकर या हासिल करके इस्तेमाल नहीं किया गया।

रिपोर्ट में 44 देशों के पासवर्ड पैटर्न का विश्लेषण किया गया है। इसमें ‘admin’, ‘password’, ‘qwerty’ और ‘12345’ जैसे आसान पासवर्ड प्रमुखता से सामने आए। दुनिया में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला पासवर्ड ‘123456’ है, जिसे 72 लाख से अधिक यूजर्स ने अपना रखा है।

दुनिया के टॉप-10 सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले पासवर्ड
रिपोर्ट में जारी आंकड़ों के मुताबिक, दुनिया के टॉप-10 पासवर्ड में ज्यादातर नंबरों के आसान कॉम्बिनेशन शामिल हैं। इनकी लोकप्रियता यह दिखाती है कि बड़ी संख्या में लोग अब भी अकाउंट की सुरक्षा को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
| पासवर्ड | यूजर्स की संख्या |
|---|---|
| 123456 | 72,34,326 |
| admin | 44,55,221 |
| 12345678 | 29,53,492 |
| 123456789 | 18,88,014 |
| 1234 | 18,79,782 |
| 12345 | 12,93,228 |
| password | 12,45,586 |
| Aa123456 | 5,22,372 |
| Pass@123 | 5,18,404 |
| 1234567890 | 5,12,553 |
भारत में भी 123456 सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला पासवर्ड
भारत में भी स्थिति दुनिया से अलग नहीं है। यहां सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला पासवर्ड ‘123456’ है। रिपोर्ट के मुताबिक, देश में 8.72 लाख से अधिक यूजर्स इस पासवर्ड का इस्तेमाल कर रहे हैं। दूसरे स्थान पर ‘12345678’ और तीसरे स्थान पर ‘admin’ है।

भारतीय यूजर्स की टॉप-10 सूची में ‘Admin@123’, ‘Welcome@123’ और ‘admin@123’ जैसे पासवर्ड भी शामिल हैं। ये देखने में सामान्य नंबरों से थोड़े जटिल लग सकते हैं, लेकिन साइबर सुरक्षा के लिहाज से इन्हें मजबूत नहीं माना जाता। इसकी वजह यह है कि हैकर्स ऐसे आम पैटर्न का आसानी से अनुमान लगा सकते हैं।
भारत के टॉप-10 कमजोर पासवर्ड की सूची
| पासवर्ड | यूजर्स की संख्या |
|---|---|
| 123456 | 8,72,515 |
| 12345678 | 3,54,339 |
| admin | 2,95,386 |
| 1234 | 2,43,882 |
| 12345 | 2,38,881 |
| 123456789 | 2,16,777 |
| password | 1,64,647 |
| Admin@123 | 1,39,109 |
| Welcome@123 | 1,03,375 |
| admin@123 | 97,010 |
Password Security Tips: मजबूत पासवर्ड बनाने के लिए अपनाएं ये तरीके
अगर आपका पासवर्ड भी इस सूची में शामिल है तो उसे जल्द बदल देना चाहिए। केवल नाम के आगे 123 जोड़ने या कुछ सामान्य नंबरों का इस्तेमाल करने से पासवर्ड सुरक्षित नहीं बनता। साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की सलाह है कि हर अकाउंट के लिए अलग और अनुमान लगाना मुश्किल पासवर्ड बनाया जाए।नया पासवर्ड बनाते समय कम से कम 14 से 16 अक्षरों का इस्तेमाल करें। इसमें बड़े और छोटे अक्षरों के साथ नंबर तथा स्पेशल कैरेक्टर शामिल करें। अपना नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर या सामान्य शब्द पासवर्ड में न रखें। एक ही पासवर्ड को बैंकिंग, ईमेल और सोशल मीडिया जैसे अलग-अलग अकाउंट पर इस्तेमाल करने से बचें।
Password Manager और 2FA से बढ़ाएं ऑनलाइन सुरक्षा
अलग-अलग अकाउंट के लिए मजबूत पासवर्ड याद रखना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में भरोसेमंद पासवर्ड मैनेजर का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा जहां सुविधा उपलब्ध हो, वहां टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) या पासकी जरूर एक्टिवेट करें। इससे पासवर्ड किसी तरह लीक होने की स्थिति में भी अकाउंट की सुरक्षा की एक अतिरिक्त परत मिलती है। याद रखें, ऑनलाइन सुरक्षा की शुरुआत मजबूत और अलग-अलग पासवर्ड से होती है।

