Surat Crime News : गुजरात के सूरत जिले के बारडोली इलाके में एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां महाराष्ट्र के जलगांव के रहने वाले एक मजदूर परिवार के छह सदस्यों को कथित तौर पर चार लोगों ने उकाई बायीं नहर में फेंक दिया। इस दर्दनाक वारदात में माता-पिता समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि परिवार के दो मासूम बच्चे अब भी लापता हैं। वहीं, परिवार का 13 वर्षीय किशोर नहर में लगी पाइप पकड़कर किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
जलगांव से सूरत की ओर जा रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित परिवार महाराष्ट्र के जलगांव के पास रहता था और एरंडोल इलाके की एक फैक्ट्री में मजदूरी करके अपना गुजारा करता था। परिवार के सदस्य सूरत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बारडोली के उवा गांव के पास कार में सवार चार लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि इन लोगों ने परिवार के सदस्यों को जबरन कार से बाहर निकाला और उकाई बायीं नहर के गहरे पानी में धकेल दिया।

पाइप पकड़कर 13 वर्षीय किशोर ने बचाई जान
नहर में गिरने के बाद परिवार के सभी सदस्य तेज बहाव में डूबने लगे। इसी दौरान 13 वर्षीय किशोर के हाथ नहर में लगी एक पाइप आ गई। उसने हिम्मत दिखाते हुए पाइप को मजबूती से पकड़ लिया। काफी संघर्ष के बाद वह पानी से बाहर निकलने में कामयाब रहा। इसके बाद किसी तरह पास के एक होटल तक पहुंचकर उसने वहां मौजूद लोगों को पूरी घटना बताई। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल सक्रिय हो गए।

नहर से तीन शव बरामद, दो बच्चों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर विभाग की टीमों ने नहर में तलाशी अभियान शुरू किया। खोजबीन के दौरान महुवा तालुका के डुंगरी गांव के पास तीन लोगों के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान 45 वर्षीय नितीन उर्फ भूरिया पाटील, उनकी 38 वर्षीय पत्नी कविता नितीन पाटील और 9 वर्षीय स्वीटी संजय पाटील के रूप में हुई है।वहीं, परिवार के दो बच्चे अब भी लापता हैं। इनमें 15 वर्षीय हरीश संजय पाटील और दो वर्षीय प्रथमेश संजय पाटील शामिल हैं। दोनों बच्चों की तलाश के लिए नहर में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
इस मामले में खंडियो, आभा, बंटी और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बारडोली ग्रामीण पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की भूमिका और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।

छह पुलिस टीमें कर रहीं मामले की जांच
सूरत ग्रामीण पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक राजेश गढ़िया की निगरानी में छह विशेष टीमें बनाई गई हैं। इनमें स्थानीय पुलिस, एलसीबी, एसओजी, डी-स्टाफ, टेक्निकल टीम और डीवाईएसपी की विशेष टीम शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, जांच के दौरान आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुरानी रंजिश या विवाद, हर पहलू की पड़ताल
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर पूरे परिवार को नहर में फेंकने के पीछे क्या वजह थी। क्या मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा है, कोई आपसी विवाद था या इसके पीछे कोई दूसरी साजिश है? इन सभी संभावनाओं पर जांच की जा रही है। 13 वर्षीय किशोर इस मामले का महत्वपूर्ण चश्मदीद है। पुलिस उससे मिली जानकारी के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ रही है। दूसरी ओर, लापता दोनों बच्चों की तलाश जारी है और परिवार को न्याय दिलाने के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
Read More : Ajit Doval News: अजीत डोभाल ने हिंद महासागर की सुरक्षा के लिए दिया बड़ा संदेश, ड्रग मनी पर जताई चिंता

