Ambikapur News : अंबिकापुर के सरगांव स्थित बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के हॉस्टल में एक गंभीर घटना सामने आई है। यहां कक्षा 9वीं में पढ़ने वाले एक छात्र ने हॉस्टल की दूसरी मंजिल से छलांग लगाकर खुदकुशी का प्रयास किया। घटना में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बनारस रेफर किया गया है। मामले में स्कूल प्रबंधन की भूमिका और हॉस्टल में छात्र के साथ किए गए कथित व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। परिजनों की शिकायत पर गांधीनगर पुलिस ने स्कूल के असिस्टेंट डायरेक्टर, मार्केटिंग हेड और हॉस्टल वार्डन समेत चार लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 22 नवंबर रविवार दोपहर की है।
हॉस्टल में नहीं रहना चाहता था छात्र
जानकारी के मुताबिक, घायल छात्र बलरामपुर जिले के चलगली का रहने वाला है और बिरला ओपन माइंड्स स्कूल में कक्षा 9वीं में अध्ययनरत है। बताया जा रहा है कि छात्र हॉस्टल में नहीं रहना चाहता था और घर जाने की जिद कर रहा था। इसी बात को लेकर वह दो दिन पहले हॉस्टल से भाग गया था। हालांकि, स्कूल प्रबंधन ने उसे पकड़कर वापस हॉस्टल पहुंचा दिया था। लेकिन प्रबंधन द्वारा इसकी कोई जानकारी न तो परिजनों और न ही पुलिस को दी गई।

हॉस्टल की दूसरी मंजिल से लगाई छलांग
आरोप है कि छात्र को वापस लाने के बाद हॉस्टल में रोककर रखा गया था। इस घटनाक्रम से नाराज छात्र ने हॉस्टल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल छात्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए बनारस रेफर कर दिया।

स्कूल प्रबंधन के चार लोगों पर अपराध दर्ज
घटना के बाद छात्र के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। परिजनों की शिकायत के आधार पर गांधीनगर पुलिस ने स्कूल के असिस्टेंट डायरेक्टर सूरज, मार्केटिंग हेड उत्कर्ष किरण, हॉस्टल वार्डन अवधेश शर्मा और एचआर कुणाल गोयल के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। मामले में पुलिस ने जे.जे एक्ट की धारा 75 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि छात्र के हॉस्टल से भागने के बाद उसे किस परिस्थिति में वापस लाया गया और उसके साथ क्या व्यवहार किया गया था।
पहले भी विवादों में रहा है स्कूल
बिरला ओपन माइंड्स स्कूल इससे पहले भी विवादों को लेकर चर्चा में आ चुका है। पूर्व में एक छात्रा और शिक्षिका के बीच हुए विवाद को लेकर स्कूल सुर्खियों में रहा था। अब हॉस्टल की दूसरी मंजिल से छात्र के छलांग लगाने की घटना ने एक बार फिर स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और हॉस्टल में विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस जांच के बाद सामने आएगी पूरी सच्चाई
फिलहाल छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार बनारस में जारी है। गांधीनगर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस की जांच और संबंधित लोगों के बयान के बाद ही घटना की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

