Bihar Politics : बिहार की राजनीति में राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को बड़ा झटका लगा है। उनकी पार्टी के चार में से तीन विधायक बागी हो गए हैं। इन विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष को आवेदन देकर अलग गुट के रूप में मान्यता देने की मांग की है। सूत्रों के हवाले से सामने आई इस जानकारी के बाद बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है। अगर इन विधायकों की मांग स्वीकार होती है तो पार्टी के भीतर नेतृत्व और संगठन को लेकर बड़ा संकट खड़ा हो सकता है।
कौन हैं उपेंद्र कुशवाहा के खिलाफ बगावत करने वाले तीन विधायक?
राष्ट्रीय लोक मोर्चा में बगावत करने वाले तीन विधायकों में मधुबनी से विधायक माधव आनंद, दिनारा से विधायक और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह तथा बाजपट्टी से विधायक रामेश्वर महतो शामिल हैं।बताया जा रहा है कि तीनों विधायक लंबे समय से पार्टी के भीतर लिए जा रहे फैसलों से नाराज चल रहे थे। अब उन्होंने अलग गुट की मान्यता के लिए विधानसभा अध्यक्ष के सामने अपनी मांग रखी है। इस घटनाक्रम से उपेंद्र कुशवाहा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

बेटे को मंत्री बनाने के फैसले से शुरू हुई नाराजगी
सूत्रों के मुताबिक, पार्टी में असंतोष की शुरुआत उस समय हुई जब उपेंद्र कुशवाहा ने अपने बेटे दीपक प्रकाश को मंत्री बनवाया। उस समय उपेंद्र कुशवाहा स्वयं किसी सदन के सदस्य नहीं थे। इस फैसले से तीनों विधायक कथित तौर पर नाराज हो गए थे।विधायकों का आरोप है कि पार्टी में परिवारवाद हावी हो गया है। उनका कहना है कि महत्वपूर्ण फैसले लेते समय उनसे सलाह नहीं ली जाती और परिवार के सदस्यों को प्राथमिकता दी जाती है। इसी वजह से पार्टी के भीतर उनकी नाराजगी लगातार बढ़ती गई।

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में बेटे को प्राथमिकता देने का आरोप
हाल ही में प्रधानमंत्री के आगमन की तैयारियों से जुड़ी NDA की बैठकों को लेकर भी पार्टी में विवाद सामने आया। आरोप है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में मंच पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह की जगह दीपक प्रकाश का नाम भेजा गया।विधायकों की नाराजगी इस बात को लेकर भी बताई जा रही है कि प्रदेश अध्यक्ष होने के बावजूद आलोक कुमार सिंह को संगठन में अपेक्षित महत्व नहीं मिल रहा है। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रशांत कुमार और सुभाष कुमार के माध्यम से संगठन का काम करवाए जाने की भी चर्चा है।
बहू को पार्टी में अहमियत देने पर भी उठे सवाल
पार्टी के भीतर परिवार के अन्य सदस्यों को महत्व दिए जाने को लेकर भी विवाद रहा है। कुछ महीने पहले उपेंद्र कुशवाहा की बहू साक्षी मिश्रा को नागरिक परिषद के महासचिव पद पर नियुक्त करने के लिए पार्टी की ओर से नाम भेजे जाने और पत्र लिखे जाने की बात सामने आई थी।हालांकि, विरोध होने के बाद इस प्रस्ताव को वापस ले लिया गया था। इसके अलावा हालिया MLC चुनाव के दौरान RLM नेता रामपुकार सिंह ने बागी उम्मीदवार के तौर पर नामांकन किया था। उस समय तीनों विधायकों ने उनके समर्थन में प्रचार करने की बात कही थी। हालांकि, मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद उम्मीदवार ने नामांकन वापस ले लिया था।

RLM में अब कौन बचीं एकमात्र विधायक?
तीन विधायकों के बागी होने के बाद राष्ट्रीय लोक मोर्चा में अब केवल एक विधायक बची हैं। वह उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता कुशवाहा हैं।इस घटनाक्रम ने पार्टी के राजनीतिक भविष्य को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजर विधानसभा अध्यक्ष के फैसले पर है। अलग गुट को मान्यता मिलती है या नहीं, यह आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण घटनाक्रम हो सकता है।

