Ambikapur News : अंबिकापुर के सरगवां स्थित बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के हॉस्टल में नाबालिग छात्र के गंभीर रूप से घायल होने के मामले में गांधीनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले की जांच के बाद पुलिस ने स्कूल और हॉस्टल से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपियों के खिलाफ अपराध में संलिप्तता के साक्ष्य मिलने का दावा करते हुए पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। घटना 22 नवंबर की है, जब हॉस्टल में रह रहा नाबालिग छात्र रोशनदान से नीचे कूद गया था। इस घटना में उसे गंभीर चोटें आई थीं।
रोशनदान से कूदने पर गंभीर रूप से घायल हुआ था छात्र
पुलिस के मुताबिक, 22 नवंबर 2026 को बिरला ओपन माइंड्स स्कूल, डिगमा अंबिकापुर के हॉस्टल में रहने वाला एक नाबालिग छात्र रोशनदान से नीचे कूद गया था। इस घटना में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में प्रार्थी की शिकायत पर गांधीनगर थाने में अपराध क्रमांक 755/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

इन धाराओं के तहत दर्ज किया गया था अपराध
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 127(2), 351(3), 125, 239 और 3(5) के साथ किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम 2015 की धारा 75 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों की जांच की। इसके बाद चार लोगों को आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार किए गए चार आरोपी
गांधीनगर पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए उत्कर्ष किरण 41 वर्ष, निवासी मेदिनीनगर, झारखंड, वर्तमान निवास कृष्णा कुंज, सरगवां, सूरज प्रकाश मित्तल (42 वर्ष), निवासी दादरमंडी, पटना, बिहार, वर्तमान निवास कृष्णा कुंज, सरगवां, अवधेश शर्मा (34 वर्ष), निवासी कमल विहार, रायपुर, वर्तमान निवास बिड़ला स्कूल कैंपस, सरगवां और कुणाल गोयल (24 वर्ष), निवासी विद्यासागर कॉलोनी, धनबाद, झारखंड, वर्तमान निवास कृष्णा कुंज, सरगवां को गिरफ्तार कर लिया है।
गांधीनगर पुलिस ने न्यायालय में किया पेश
पुलिस के अनुसार विवेचना में चारों आरोपियों के विरुद्ध अपराध से संबंधित साक्ष्य पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद सभी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। इस पूरी कार्रवाई में गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शिशिरकांत सिंह, सहायक उप निरीक्षक विवेक पाण्डेय, आरक्षक अतुल मिश्रा, दीपक सोनवानी और दिनेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि नाबालिगों से जुड़े अपराधों में त्वरित वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


