Ambikapur News : अंबिकापुर शहर की सड़कों को जाममुक्त बनाने और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरगुजा पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बीते शाम शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और व्यावसायिक क्षेत्रों में सघन पैदल मार्च किया।
इस दौरान सड़क पर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई, वहीं दुकानदारों को सड़क और फुटपाथ पर सामान फैलाकर अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी गई। पुलिस ने प्रतिष्ठान संचालकों को सुरक्षा के लिहाज से उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने और उन्हें हमेशा चालू रखने के निर्देश भी दिए।

पैदल मार्च राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में थाना कोतवाली और यातायात शाखा की संयुक्त टीम द्वारा किया गया। पुलिस बल ने शहर के प्रमुख मार्गों, व्यस्त चौक-चौराहों, बाजार और संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान आम नागरिकों के बीच पुलिस की सक्रिय मौजूदगी दर्ज कराने के साथ यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

सड़क पर वाहन खड़े करने वालों पर चालानी कार्रवाई
पैदल मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मुख्य मार्गों और व्यावसायिक क्षेत्रों में यातायात की स्थिति का निरीक्षण किया। सड़कों पर बेतरतीब और लापरवाहीपूर्वक वाहन खड़े किए जाने से जाम की स्थिति निर्मित होने पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई। वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की समझाइश देते हुए भविष्य में नियमों का उल्लंघन नहीं करने की चेतावनी दी गई।
दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने की समझाइश
पुलिस टीम ने बाजार क्षेत्रों में दुकानदारों और व्यापारियों से सीधे संवाद किया। उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए गए कि दुकान का सामान सड़क, नाली और फुटपाथ पर नहीं फैलाएं। इससे न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पुलिस ने व्यापारियों से सड़क की पर्याप्त चौड़ाई बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण से बचने की अपील की।

प्रतिष्ठानों में CCTV कैमरे लगाने के निर्देश
अपराधों की रोकथाम और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस ने सभी दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों को अपने व्यावसायिक परिसरों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने की समझाइश दी। कैमरे मुख्य प्रवेश द्वार, प्रतिष्ठान के भीतर और सड़क की ओर इस तरह लगाए जाने को कहा गया, जिससे आसपास की गतिविधियां भी रिकॉर्ड हो सकें। साथ ही कैमरों को हमेशा चालू रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी घटना की स्थिति में पुलिस को जांच के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य मिल सकें।
सरगुजा पुलिस ने शहरवासियों, व्यापारियों और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित स्थानों पर वाहन खड़े करने और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की है। पुलिस के अनुसार शहर में शांति, सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के निरीक्षण और सुरक्षा अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
इस पैदल मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश देवांगन, डीएसपी यातायात डीके सिंह, डीएसपी राकेश बघेल, निरीक्षक सोमेश सिंह, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक विजय केवर्त्य सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

