Tirupparankundram Deepam Row : तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुप्परंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम उत्सव के दौरान मंगलवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया। सुप्रीम कोर्ट की अनुमति के बावजूद विवादित दीपथून स्तंभ पर पारंपरिक दीपक नहीं जलाया गया। मंदिर प्रशासन ने पुरानी परंपरा के अनुसार उचिपिल्लयार मंडपम में ही दीप प्रज्वलित किया। इससे नाराज हिंदू संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ गया। इस दौरान धक्का-मुक्की हुई और पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को दीप जलाने की दी थी अनुमति
दरअसल, तिरुप्परंकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून नामक प्राचीन पत्थर के स्तंभ पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। इस मामले में 20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम व्यवस्था देते हुए 24 नवंबर को दीपथून पर एक बार सीमित रूप से दीप जलाने की अनुमति दी थी। अदालत ने स्पष्ट किया था कि यह आदेश केवल एक बार के लिए है। इससे किसी धार्मिक परंपरा, अनिवार्य धार्मिक प्रथा या जमीन के मालिकाना हक से संबंधित अंतिम निर्णय प्रभावित नहीं होगा।

मद्रास हाईकोर्ट ने भी अधिकारियों को दिया था निर्देश
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै पीठ ने भी जिला कलेक्टर और संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का पालन करने को कहा था। अदालत ने स्पष्ट किया था कि राज्य सरकार की पुनर्विचार याचिका आदेश लागू नहीं करने का आधार नहीं बन सकती। इसके अलावा निषेधाज्ञा के तहत हिरासत में लिए गए लोगों को रिहा करने का निर्देश भी दिया गया था।

दीपथून पर दीप नहीं जलने से भाजपा और हिंदू संगठन नाराज
मंगलवार को जब मंदिर प्रशासन ने दीपथून के बजाय उचिपिल्लयार मंडपम में दीप जलाया, तो हिंदू संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट निर्देशों का पालन नहीं किया है। उन्होंने मांग की कि कम से कम एक बार के लिए शीर्ष अदालत के आदेश के अनुसार दीपथून पर दीप प्रज्वलित किया जाए। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन विरोध जारी रहा। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई और कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया गया।
क्या है तिरुप्परंकुंद्रम दीपम विवाद?
तिरुप्परंकुंद्रम पहाड़ी तमिलनाडु के मदुरै में स्थित है और यहां भगवान मुरुगन का प्रसिद्ध सुब्रमण्यस्वामी मंदिर मौजूद है। कार्तिगई दीपम उत्सव के दौरान पहाड़ी पर दीप जलाने की परंपरा रही है। विवाद इस बात को लेकर है कि धार्मिक दीपक आखिर किस स्थान पर प्रज्वलित किया जाना चाहिए। कई दशकों से उचिपिल्लयार मंदिर के पास बने दीप मंडपम में दीप जलाया जाता रहा है। वहीं, हिंदू संगठनों की मांग है कि पहाड़ी के ऊपर स्थित प्राचीन पत्थर के स्तंभ दीपथून पर भी दीप जलाया जाए।

मंदिर और दरगाह की नजदीकी से संवेदनशील हुआ मामला
इस विवाद का एक महत्वपूर्ण पहलू यह है कि दीपथून स्तंभ हजरत सुल्तान सिकंदर बदुशा औलिया दरगाह के नजदीक स्थित है। दोनों धार्मिक स्थलों के बीच लगभग 50 मीटर की दूरी बताई जाती है। हिंदू संगठनों का दावा है कि दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति मिलनी चाहिए। वहीं, तमिलनाडु सरकार ने कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका जताई है।
तमिलनाडु सरकार ने पुनर्विचार याचिका में उठाए सवाल
राज्य सरकार का तर्क है कि दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति देने से क्षेत्र में तनाव पैदा हो सकता है। सरकार को आशंका है कि इस फैसले के बाद दूसरे धार्मिक स्थलों पर भी इसी तरह के दावे सामने आ सकते हैं। इसी आधार पर हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के खिलाफ पुनर्विचार याचिका दाखिल की है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी क्यों नहीं थमा विवाद?
अदालत के निर्देश, हाईकोर्ट की टिप्पणी और राज्य सरकार की पुनर्विचार याचिका के बीच यह विवाद अब और गहरा गया है। भाजपा ने तमिलनाडु सरकार पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू करने में बाधा डालने का आरोप लगाया है। वहीं, सरकार कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द का हवाला दे रही है। अब इस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और प्रशासन का रुख महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

