UP Seat Sharing : उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत जारी है। मंगलवार, 24 नवंबर को भी दोनों दलों के बीच कोई अंतिम समझौता नहीं हो सका। हालांकि, दोनों पार्टियों की ओर से बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने और जल्द सीटों का ऐलान होने की उम्मीद जताई गई है। इस बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर शायराना अंदाज में अपनी बात रखकर सियासी हलचल बढ़ा दी है।
अखिलेश यादव ने 26 सीटों से शुरुआत का दिया संकेत
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “जीतनेवाली पहली 26 सीटों से हुई है शुरुआत, मिलजुलकर समझदारी से और आगे बढ़ेगी बात।” उनके इस बयान को सीट बंटवारे पर सपा के लचीले रुख के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि समाजवादी पार्टी ने शुरुआती बातचीत में कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है। हालांकि, अखिलेश के संदेश से यह संभावना भी जताई जा रही है कि बातचीत आगे बढ़ने पर कांग्रेस को इससे अधिक सीटें मिल सकती हैं।

साढ़े तीन घंटे चली बैठक, फिर भी नहीं निकला नतीजा
सीट शेयरिंग को लेकर मंगलवार को दोनों दलों के नेताओं के बीच करीब साढ़े तीन घंटे तक बैठक चली। लंबी चर्चा के बावजूद सीटों की संख्या पर अंतिम सहमति नहीं बन सकी। बैठक के बाद समाजवादी पार्टी के महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा कि बातचीत अच्छे माहौल में हो रही है और जल्द ही सीटों को लेकर समझौता हो जाएगा। कांग्रेस की ओर से भी बातचीत सकारात्मक रहने का दावा किया गया। पार्टी नेताओं के मुताबिक, कुछ सीटों पर आंकड़ों के आधार पर चर्चा जारी है और जल्द समाधान निकल सकता है।

अखिलेश और राहुल गांधी की बातचीत पर टिकी निगाहें
कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने सीट बंटवारे को लेकर कहा कि अभी बातचीत की प्रक्रिया शुरू हुई है। उनके मुताबिक, अंतिम फैसला समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बीच बातचीत के बाद ही होगा। उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से सामने आ रहे दावों को अंतिम नहीं माना जाना चाहिए। यानी गठबंधन में सीटों की वास्तविक संख्या पर तस्वीर शीर्ष नेतृत्व की चर्चा के बाद ही साफ होगी।
कांग्रेस ने 132 सीटों की बनाई तीन कैटेगरी
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में सीटों की मांग को लेकर अपनी रणनीति तैयार की है। पार्टी ने संभावित सीटों की सूची को तीन श्रेणियों में बांटा है। पहली A कैटेगरी में 46 और दूसरी B कैटेगरी में 21 सीटें रखी गई हैं। इन दोनों श्रेणियों को मिलाकर कुल 67 सीटें ऐसी बताई जा रही हैं, जिन पर कांग्रेस किसी तरह का समझौता नहीं करना चाहती।

वहीं, तीसरी C कैटेगरी में 65 सीटें शामिल की गई हैं। सूत्रों के अनुसार, इन सीटों पर कांग्रेस बातचीत के लिए तैयार है। जरूरत पड़ने पर पार्टी इनमें से कुछ सीटें छोड़ने या कुछ सीटों को अपने पास रखने पर विचार कर सकती है। इस तरह कांग्रेस की सूची में कुल 132 सीटें शामिल हैं।
क्या 26 से आगे बढ़ेगी सीटों की बातचीत?
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि समाजवादी पार्टी कांग्रेस की मांग के मुताबिक सीटों की संख्या बढ़ाने को तैयार होती है या नहीं। अखिलेश यादव के बयान से बातचीत में गुंजाइश के संकेत जरूर मिले हैं, लेकिन अंतिम समझौते का इंतजार है। दोनों दलों के नेता जल्द घोषणा की बात कह रहे हैं। ऐसे में आने वाले कुछ दिनों में यह स्पष्ट हो सकता है कि उत्तर प्रदेश में विपक्षी गठबंधन किस सीट फॉर्मूले पर चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी करता है।

