Maharashtra Politics : महाराष्ट्र की राजनीति में परिसीमन (Delimitation) बिल को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। महाविकास अघाड़ी (MVA) के सहयोगी दलों के बीच इस मुद्दे पर मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले की ओर से परिसीमन के समर्थन के संकेत मिलने के बाद उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना और कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। शिवसेना (UBT) के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने यहां तक कह दिया कि अगर कोई एनडीए सरकार के परिसीमन बिल का समर्थन करता है तो उसे INDIA गठबंधन से बाहर हो जाना चाहिए। कांग्रेस ने भी उनके बयान का समर्थन किया है।
संजय राउत ने सुप्रिया सुले के रुख पर जताई नाराजगी
परिसीमन बिल को लेकर महाविकास अघाड़ी में बढ़ते मतभेदों के बीच संजय राउत ने अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण राजनीतिक और संवैधानिक मुद्दा है, जिस पर INDIA गठबंधन के सभी सहयोगी दलों के बीच चर्चा होनी चाहिए। राउत के मुताबिक, अगर कोई नेता एनडीए सरकार के परिसीमन बिल का समर्थन करता है तो उसे INDIA गठबंधन में बने रहने के बारे में दोबारा विचार करना चाहिए। उन्होंने ऐसे नेताओं को गठबंधन छोड़ने की सलाह दी।

कांग्रेस ने भी संजय राउत के बयान का किया समर्थन
कांग्रेस ने संजय राउत के रुख से सहमति जताई है। कांग्रेस नेता, पूर्व सांसद और पूर्व मंत्री हुसैन दलवाई ने कहा कि राउत की बात सही है। सुप्रिया सुले को परिसीमन के मुद्दे पर अपनी राय गठबंधन की बैठक में रखनी चाहिए। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अतुल लोंढे पाटिल ने भी कहा कि गठबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सार्वजनिक बयानबाजी करने के बजाय आपसी चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई एनडीए के इस बिल का समर्थन करता है तो उसे INDIA गठबंधन की साझा विचारधारा और भूमिका पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।

शशिकांत शिंदे बोले- इस तरह की चर्चा करना उचित नहीं
कांग्रेस और शिवसेना के सवालों के बीच एनसीपी (शरदचंद्र पवार) ने भी अपना पक्ष रखा है। पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने कहा कि इस तरह की चर्चाएं करना उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी एक निश्चित विचारधारा के आधार पर काम करती है। एनसीपी (SP) को बीजेपी की बी टीम बताना गलत है। पार्टी की राजनीतिक पहचान और विचारधारा को लेकर किसी तरह का भ्रम नहीं होना चाहिए।
रोहित पवार ने NDA में जाने की अटकलों को किया खारिज
एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने भी पार्टी का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि शरद पवार की विचारधारा शाहू-फुले-आंबेडकरवादी है और उनकी पार्टी एनडीए के साथ नहीं जाएगी। हालांकि, उन्होंने संजय राउत और दूसरे नेताओं की बयानबाजी पर टिप्पणी करने से परहेज किया। रोहित पवार ने कहा कि अभी परिसीमन बिल का ड्राफ्ट सामने नहीं आया है। जब तक इसका वास्तविक प्रारूप नहीं आता, तब तक यह कहना जल्दबाजी होगी कि कितनी सीटें बढ़ेंगी और निर्वाचन क्षेत्रों के निर्धारण का आधार क्या होगा।

बीजेपी ने सुप्रिया सुले के बयान का किया स्वागत
महाविकास अघाड़ी में जहां सुप्रिया सुले के रुख को लेकर सवाल उठ रहे हैं, वहीं बीजेपी ने उनके बयान का स्वागत किया है। महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री और बीजेपी नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि सुप्रिया सुले ने जनप्रतिनिधियों की व्यावहारिक समस्याओं को समझते हुए परिसीमन के समर्थन की बात कही है। उन्होंने तर्क दिया कि बड़े निर्वाचन क्षेत्रों के कारण सांसदों और विधायकों को अपने मतदाताओं तक पहुंचने में मुश्किल होती है। ऐसे में निर्वाचन क्षेत्रों का आकार छोटा करना जरूरी हो सकता है।
सुप्रिया सुले की चुप्पी से बढ़ी राजनीतिक चर्चाएं
फिलहाल सुप्रिया सुले की ओर से इस विवाद पर कोई नई प्रतिक्रिया नहीं आई है। वह महाराष्ट्र से बाहर हैं। हालांकि, उनके बयान ने महाविकास अघाड़ी की एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ कांग्रेस और उद्धव ठाकरे गुट गठबंधन की सामूहिक सहमति पर जोर दे रहे हैं, तो दूसरी तरफ शरद पवार की पार्टी बिल का मसौदा आने के बाद फैसला लेने की बात कह रही है।
पहले भी NDA में शामिल होने की अटकलों को नकार चुकी हैं सुले
गौरतलब है कि जुलाई में सुप्रिया सुले ने एनडीए में शामिल होने की अटकलों को खारिज किया था। उन्होंने कहा था कि उनकी पार्टी किसी के दबाव में काम नहीं करती और INDIA गठबंधन का हिस्सा बनी हुई है। उन्होंने यह भी कहा था कि परिसीमन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर सभी सहयोगी दल मिलकर फैसला करेंगे। अब ताजा विवाद ने महाराष्ट्र की राजनीति में नए सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या परिसीमन बिल को लेकर INDIA गठबंधन में एकमत बन पाएगा?
Read More : Sharad Pawar NDA News: शरद पवार NDA में नहीं जाएंगे, लेकिन मुद्दों पर कर सकते हैं समर्थन

