Pakistan First Astronaut : पाकिस्तान ने मानव अंतरिक्ष उड़ान के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। चीन ने बुधवार, 25 नवंबर 2026 को अपना मानवयुक्त अंतरिक्ष यान शेनझोउ-24 सफलतापूर्वक लॉन्च किया। इस मिशन में दो चीनी अंतरिक्ष यात्रियों के साथ पाकिस्तानी वायुसेना के पायलट मुहम्मद जीशान अली भी शामिल हैं। इस उड़ान के साथ जीशान पृथ्वी की कक्षा में पहुंचने वाले पहले पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री बन गए हैं। वह चीन के तियांगोंग स्पेस स्टेशन पर पहुंचने वाले पहले विदेशी अंतरिक्ष यात्री भी हैं। इसे पाकिस्तान और चीन के अंतरिक्ष सहयोग के लिहाज से ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।
जिउक्वान लॉन्च सेंटर से भरी अंतरिक्ष यान ने उड़ान
शेनझोउ-24 को उत्तर-पश्चिमी चीन के जिउक्वान सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से लॉन्ग मार्च-2एफ रॉकेट के जरिए अंतरिक्ष में भेजा गया। चीन के समय के अनुसार सुबह 8 बजकर 18 मिनट पर रॉकेट ने उड़ान भरी। इस मिशन में तीन सदस्यीय दल शामिल है। चीनी अंतरिक्ष यात्री तांग होंगबो मिशन कमांडर हैं, जबकि वू यी फ्लाइट इंजीनियर की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री जीशान अली को पेलोड स्पेशलिस्ट बनाया गया है। अंतरिक्ष यान को लगभग साढ़े तीन घंटे में तियांगोंग स्टेशन से जुड़ना था।

सिर्फ एक सप्ताह अंतरिक्ष में रहेंगे जीशान अली
इस मिशन की खास बात यह है कि जीशान अली की अंतरिक्ष यात्रा सामान्य चीनी अंतरिक्ष यात्रियों की तुलना में काफी छोटी होगी। तियांगोंग स्टेशन पर चीनी अंतरिक्ष यात्री आमतौर पर लगभग छह महीने तक रहते हैं, लेकिन जीशान करीब पांच से दस दिन तक अंतरिक्ष में रहेंगे। वह स्टेशन पर वैज्ञानिक प्रयोगों और अन्य गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। इसके बाद उनकी वापसी शेनझोउ-23 अंतरिक्ष यान से होगी, जो पहले से ही स्टेशन पर मौजूद है। इस तरह जीशान की यात्रा चीन के नियमित अंतरिक्ष अभियानों में एक विशेष अंतरराष्ट्रीय सहयोग के रूप में दर्ज होगी।

सात महीने की कठिन ट्रेनिंग के बाद मिला मौका
जीशान अली को इस मिशन के लिए चीन में लगभग सात महीने तक विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इसमें अंतरिक्ष यात्रा की तैयारी के साथ चीनी भाषा सीखना भी शामिल था। उन्होंने चीनी भाषा में बातचीत, गीत और कविताएं सीखने के अलावा सुलेख और टेबल टेनिस का अभ्यास भी किया। जीशान ने मिशन से पहले कहा था कि वह केवल अपने लिए अंतरिक्ष में नहीं जा रहे, बल्कि उनके कंधों पर पाकिस्तान का नाम और करोड़ों लोगों की उम्मीदें हैं।
तियांगोंग स्टेशन पर होंगे 90 से ज्यादा वैज्ञानिक प्रयोग
चीनी अंतरिक्ष एजेंसी के मुताबिक, शेनझोउ-24 मिशन का उद्देश्य केवल नए दल को स्टेशन तक पहुंचाना नहीं है। इसके तहत अंतरिक्ष स्टेशन पर चालक दल की अदला-बदली, नियमित रखरखाव और वैज्ञानिक अनुसंधान भी किया जाएगा। मिशन के दौरान 90 से अधिक वैज्ञानिक प्रयोग और तकनीकी परीक्षण प्रस्तावित हैं। इनमें अंतरिक्ष जीवन विज्ञान, पदार्थ विज्ञान, माइक्रोग्रैविटी में तरल पदार्थों का व्यवहार, दहन विज्ञान, अंतरिक्ष चिकित्सा और नई तकनीकों से जुड़े अध्ययन शामिल हैं।

चीन के अंतरिक्ष कार्यक्रम में विदेशी यात्री की पहली एंट्री
चीन का तियांगोंग स्पेस स्टेशन वर्ष 2022 में पूरी तरह चालू हुआ था। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से अलग चीन अपना स्वतंत्र मानवयुक्त अंतरिक्ष स्टेशन संचालित करता है। जीशान अली की भागीदारी चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष कार्यक्रम में पहली विदेशी अंतरिक्ष यात्री भागीदारी है। यह मिशन पाकिस्तान-चीन वैज्ञानिक सहयोग को नई दिशा दे सकता है और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष अभियानों के लिए नए अवसर खोल सकता है।
Read More : Bigg Boss 20 Family Week: काशवी ने फैमिली वीक में जाने से किया इनकार, स्काउट से मिलने कौन पहुंचेगा घर?

