Balendra Shah India Visit : नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के प्रस्तावित भारत दौरे को लेकर काठमांडू और नई दिल्ली में कूटनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय बातचीत की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री 4 नवंबर को नेपाल की राजधानी काठमांडू पहुंच सकते हैं। उनकी इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री बालेन शाह के संभावित भारत दौरे की रूपरेखा और एजेंडे पर चर्चा करना बताया जा रहा है। रिपोर्ट में दिल्ली और काठमांडू में मौजूद सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी गई है।

4 नवंबर को काठमांडू पहुंचेंगे विक्रम मिस्री, राजदूत भी संभालेंगे जिम्मेदारी
रिपोर्ट के अनुसार, विक्रम मिस्री के नेपाल पहुंचने से एक दिन पहले भारत के नवनियुक्त राजदूत सुधाकर दलेला भी काठमांडू पहुंच सकते हैं। वह नेपाल में अपनी राजनयिक जिम्मेदारियां संभालेंगे। इसके बाद दोनों देशों के अधिकारियों के बीच प्रधानमंत्री शाह की प्रस्तावित यात्रा को लेकर चर्चा होने की संभावना है। माना जा रहा है कि भारत इस दौरे को दोनों पड़ोसी देशों के बीच संबंधों को नई दिशा देने के अवसर के रूप में देख रहा है।

22 नवंबर को दिल्ली पहुंच सकते हैं नेपाल के प्रधानमंत्री
काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यदि सभी तैयारियां निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी हुईं, तो बालेन शाह 22 नवंबर को नई दिल्ली पहुंच सकते हैं। प्रधानमंत्री के रूप में यह उनकी पहली आधिकारिक द्विपक्षीय भारत यात्रा होगी। उन्हें भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत आने का निमंत्रण दिया था। नेपाल के विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने भी अखबार को शाह की प्रस्तावित यात्रा की पुष्टि की है। हालांकि, यात्रा की अंतिम तारीख और कार्यक्रम को लेकर अभी औपचारिक घोषणा नहीं हुई है।
अभी आधिकारिक ऐलान नहीं, दोनों देशों के बीच बातचीत जारी
भारतीय विदेश मंत्री विक्रम मिस्री 6 नवंबर को मंत्रियों और सरकारी अधिकारियों के साथ बैठकें करने के बाद नई दिल्ली लौट सकते हैं। हालांकि, इस दौरान उनकी प्रधानमंत्री बालेन शाह से मुलाकात होगी या नहीं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 मार्च को पदभार संभालने के बाद बालेन शाह को भारत आने का निमंत्रण दिया था। फिलहाल दोनों देशों के अधिकारी प्रस्तावित दौरे की तैयारियों में जुटे हैं।
नेपाल की नई सरकार की प्राथमिकताओं पर हो सकती है चर्चा
भारत ने पहले मई के दूसरे सप्ताह में विदेश सचिव विक्रम मिस्री को नेपाल भेजने की योजना बनाई थी। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के नेतृत्व में बनी नई सरकार के साथ संवाद स्थापित करना था। हालांकि, प्रोटोकॉल से जुड़े मुद्दों के कारण उस समय यह यात्रा टाल दी गई थी। अब प्रस्तावित दौरे के दौरान नेपाल की अपेक्षाओं, द्विपक्षीय सहयोग और बालेन शाह की भारत यात्रा के संभावित एजेंडे पर विस्तार से बातचीत हो सकती है।

भारत की मदद से पूरी परियोजनाओं का हो सकता है उद्घाटन
बालेन शाह के संभावित भारत दौरे के दौरान विकास और आर्थिक सहयोग से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत की सहायता से पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन होने की संभावना है। इसके अलावा, आर्थिक सहयोग से शुरू होने वाली नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया जा सकता है। दोनों देशों के बीच विकास साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए भारत की ओर से नेपाल को अतिरिक्त आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी संभव है।
भोतेकोशी बाढ़ के पुनर्निर्माण के लिए मिल सकती है मदद
नेपाल में हाल ही में भोतेकोशी क्षेत्र में आई बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण की जरूरत भी इस दौरे के एजेंडे में शामिल हो सकती है। भारत की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को दोबारा खड़ा करने के लिए आर्थिक सहयोग दिए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। ऐसे में बालेन शाह की प्रस्तावित भारत यात्रा दोनों देशों के राजनीतिक संबंधों के साथ-साथ आर्थिक और विकासात्मक साझेदारी के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Read more : Bhutan GLOF Alert: भूटान में ग्लेशियर झील टूटी, असम और बंगाल में बाढ़ का खतरा

