Chandrashekhar Azad Owaisi Rally : उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। इसी बीच नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद तथा AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी गुरुवार को लखनऊ में अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन करने जा रहे हैं। राजधानी के रमाबाई अंबेडकर मैदान में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की ओर से बहुजन स्वराज संकल्प महारैली आयोजित की जाएगी। इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। दोनों नेताओं की संयुक्त रैली को उत्तर प्रदेश की आगामी चुनावी राजनीति के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के बैनर तले एकजुट हुए दोनों दल
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने मिलकर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाया है। इस गठबंधन की औपचारिक घोषणा 12 नवंबर को लखनऊ में की गई थी। दोनों पार्टियों ने ऐलान किया है कि वे प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अपने गठबंधन के उम्मीदवार उतारेंगी। इसके साथ ही चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है।

दलित-मुस्लिम वोट बैंक पर गठबंधन की नजर
सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का प्रमुख लक्ष्य उत्तर प्रदेश के दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एक राजनीतिक मंच पर लाना है। प्रदेश में अनुसूचित जाति के मतदाताओं की हिस्सेदारी लगभग 21 प्रतिशत और मुस्लिम मतदाताओं की हिस्सेदारी करीब 19 प्रतिशत बताई जाती है। इस तरह दोनों वर्गों का संयुक्त मतदाता आधार लगभग 40 प्रतिशत है।गठबंधन खुद को भाजपा के मुकाबले एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित करना चाहता है। उसका दावा है कि सामाजिक न्याय और समानता के मुद्दों के जरिए प्रदेश की राजनीति में नई दिशा दी जा सकती है और भाजपा को लगातार तीसरी बार सत्ता में आने से चुनौती मिल सकती है।

रैली में पांच लाख लोगों के पहुंचने का दावा
आजाद समाज पार्टी के नेता और लखनऊ कैंट से प्रत्याशी अनिकेत धनुक ने बताया कि महारैली की तैयारियां बड़े स्तर पर की जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम में पांच लाख से कम लोग नहीं पहुंचेंगे। वहीं AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता शादाब चौहान ने संकेत दिया है कि 26 नवंबर को रैली के मंच से कुछ महत्वपूर्ण राजनीतिक घोषणाएं हो सकती हैं। इन ऐलानों को 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
सहारनपुर में दोनों नेताओं ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
लखनऊ रैली से पहले चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी ने संयुक्त रूप से जनसंपर्क अभियान भी तेज किया है। 21 नवंबर को दोनों नेताओं ने सहारनपुर में चंद्रशेखर आजाद के आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की और साथ भोजन भी किया।इस दौरान दोनों ने दलितों और अल्पसंख्यकों के साथ कथित भेदभाव, पुलिस एनकाउंटर तथा मस्जिदों और मदरसों के खिलाफ कार्रवाई जैसे मुद्दों को उठाते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने संविधान के अनुरूप शासन चलाने और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने की प्रतिबद्धता भी जताई।

संविधान दिवस पर रैली, ओवैसी के खिलाफ लगे पोस्टर
26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर महारैली आयोजित करना भी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गठबंधन इस आयोजन के जरिए सामाजिक न्याय, समानता, शिक्षा, रोजगार और संवैधानिक अधिकारों को अपना प्रमुख एजेंडा बनाना चाहता है।इस बीच लखनऊ में रैली से पहले कुछ अलग तरह के पोस्टर भी चर्चा में हैं। उम्मते मुस्लिम की ओर से लगाए गए होर्डिंग्स में असदुद्दीन ओवैसी से खामोश रहने और मुसलमानों पर रहम करने की अपील की गई है। साथ ही उनसे उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का आग्रह भी किया गया है। ऐसे में अब सभी की नजरें महारैली और उसमें होने वाली राजनीतिक घोषणाओं पर टिकी हैं।

