UP Election 2027 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। सभी राजनीतिक दल अपनी चुनावी रणनीति तैयार करने में जुटे हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी (सपा) ने एक बड़ा कदम उठाते हुए पांच विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। मंगलवार को जारी इस सूची के साथ ही सपा ने चुनावी तैयारियों का औपचारिक संकेत दे दिया है। खास बात यह है कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए किसी राजनीतिक दल की ओर से उम्मीदवारों की यह पहली घोषित सूची बताई जा रही है।
सपा ने पांच विधानसभा सीटों पर उतारे उम्मीदवार
समाजवादी पार्टी ने अपनी पहली सूची में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर बुंदेलखंड तक के उम्मीदवारों के नाम शामिल किए हैं। पार्टी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, बेहट विधानसभा सीट से उमर अली खान को टिकट दिया गया है। सहारनपुर सीट से आशु मलिक, कैराना से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर विधानसभा सीट से ज्योति लोधी को प्रत्याशी बनाया गया है।पार्टी ने उम्मीदवारों की इस सूची को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया है। इन नामों के ऐलान के साथ ही संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

चार मौजूदा विधायकों पर सपा ने फिर जताया भरोसा
समाजवादी पार्टी की पहली सूची में अनुभव और नए चेहरे का मिश्रण देखने को मिला है। पार्टी ने पांच में से चार विधानसभा सीटों पर अपने मौजूदा विधायकों को दोबारा चुनावी मैदान में उतारने का फैसला किया है।बेहट से उमर अली खान, सहारनपुर से आशु मलिक, कैराना से नाहिद हसन और अमरोहा से महबूब अली को फिर से टिकट दिया गया है। वहीं ललितपुर सीट से ज्योति लोधी को उम्मीदवार बनाकर पार्टी ने नए चेहरे पर भरोसा जताया है। इस फैसले को सपा की क्षेत्रीय रणनीति और मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन से जोड़कर देखा जा रहा है।

कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर अभी नहीं बनी सहमति
सपा की उम्मीदवार सूची ऐसे समय में सामने आई है, जब कांग्रेस के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है। दोनों दलों के नेताओं के बीच लगातार दूसरे दिन भी बैठक हुई, लेकिन सीटों की संख्या और चुनावी आधार को लेकर मतभेद सामने आए।बैठक में समाजवादी पार्टी के नेताओं ने कांग्रेस को सलाह दी कि वह केवल ज्यादा सीटों की मांग करने के बजाय उन विधानसभा क्षेत्रों का ठोस आंकड़ा पेश करे, जहां पार्टी की जीत की संभावना मजबूत है। सपा का जोर सीटों की संख्या से ज्यादा चुनावी जीत की संभावनाओं पर बताया जा रहा है।
कांग्रेस ने अब रखी 100 सीटों की मांग
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने बातचीत के दौरान अपनी तीसरी और पहले से कम सीटों वाली मांग रखी है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस अब उत्तर प्रदेश में 100 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है।कांग्रेस नेताओं ने बातचीत में 2017 के विधानसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को 105 सीटें दी थीं। हालांकि, सपा नेताओं ने इस तर्क पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन सीटों पर कांग्रेस का प्रदर्शन किसी से छिपा नहीं है।

गठबंधन की अगली बैठक पर टिकी निगाहें
सीट बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के संपर्क में भी हैं। दोनों दलों के बीच समझौते को अंतिम रूप देने के लिए अभी दो और औपचारिक दौर की बैठकें प्रस्तावित हैं। हालांकि, इन बैठकों की तारीख अभी तय नहीं हुई है।अब देखना होगा कि सपा और कांग्रेस सीटों के विवाद को किस तरह सुलझाते हैं। एक तरफ सपा ने पांच सीटों पर उम्मीदवार घोषित करके अपनी तैयारी शुरू कर दी है, वहीं दूसरी तरफ गठबंधन की बातचीत में जारी खींचतान यूपी चुनाव 2027 की राजनीति को और दिलचस्प बना रही है।

