Pakistani Web Series : पाकिस्तानी कलाकारों से सजी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की भारत में रिलीज को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर और सनम सईद जैसे लोकप्रिय कलाकारों की मौजूदगी वाली इस सीरीज को लेकर अब सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने भी अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को 8 मई 2025 को जारी एडवाइजरी का पालन करने और पाकिस्तान में निर्मित फिल्मों तथा वेब सीरीज को भारतीय दर्शकों के लिए स्ट्रीमिंग पर उपलब्ध नहीं कराने को कहा है। ऐसे में 4 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित वैश्विक रिलीज से पहले भारत में इसकी उपलब्धता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
नेटफ्लिक्स को 2025 की एडवाइजरी का पालन करने की हिदायत
सूत्रों के अनुसार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को जून 2025 में दी गई उसकी प्रतिबद्धता भी याद दिलाई है। बताया जाता है कि उस समय नेटफ्लिक्स ने मंत्रालय को जानकारी दी थी कि भारतीय सब्सक्राइबर्स के लिए पाकिस्तान में बनी कोई फिल्म या वेब सीरीज उपलब्ध नहीं कराई गई है। अब मंत्रालय ने प्लेटफॉर्म से इसी रुख पर कायम रहने और पहले दिए गए आश्वासन के अनुरूप काम करने को कहा है।

दरअसल, मंत्रालय को पाकिस्तानी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ को भारत में रिलीज किए जाने की संभावनाओं को लेकर शिकायतें और आपत्तियां मिली थीं। इसके बाद नेटफ्लिक्स को पुरानी एडवाइजरी का पालन करने की बात कही गई। हालांकि, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने अभी तक आधिकारिक तौर पर यह नहीं बताया है कि भारतीय दर्शक इस सीरीज को देख पाएंगे या नहीं।

AICWA ने प्रधानमंत्री मोदी से की थी प्रतिबंध लगाने की मांग
इस मामले में ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) भी विरोध दर्ज करा चुका है। संगठन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मांग की थी कि पाकिस्तानी सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ को भारत में रिलीज या स्ट्रीम करने की अनुमति नहीं दी जाए। एसोसिएशन ने नेटफ्लिक्स इंडिया समेत सभी ओटीटी प्लेटफॉर्म से पाकिस्तानी फिल्मों, वेब सीरीज, गानों, पॉडकास्ट और अन्य मनोरंजन सामग्री का प्रसारण रोकने की अपील की थी।
AICWA ने अपनी मांग के समर्थन में 8 मई 2025 को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से जारी एडवाइजरी का हवाला दिया था। संगठन ने पुलवामा और पहलगाम आतंकी हमलों का उल्लेख करते हुए पाकिस्तानी मनोरंजन सामग्री के प्रसारण पर आपत्ति जताई। इसके साथ ही ऐसी सामग्री पर स्थायी रोक लगाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए कानून बनाने की मांग भी की थी।

उपन्यास पर आधारित है नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तानी ओरिजिनल सीरीज
‘जो बचे हैं संग समेट लो’ नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तानी ओरिजिनल सीरीज बताई जा रही है। इसका निर्माण मोमिना दुरैद फिल्म्स के बैनर तले किया गया है। इसे नेटफ्लिक्स की मिडिल ईस्ट और नॉर्थ अफ्रीका टीम ने कमीशन किया है। यह सीरीज फरहत इश्तियाक के साल 2013 में प्रकाशित इसी नाम के उर्दू उपन्यास पर आधारित है।इसकी कहानी तीन पीढ़ियों की छह प्रेम कहानियों के इर्द-गिर्द बुनी गई है। इसमें प्यार, बिछड़ने, माफी और रिश्तों की जटिलताओं को दिखाया गया है। कहानी का विस्तार पाकिस्तान और यूरोप तक है तथा इसकी शूटिंग रोम सहित कई स्थानों पर हुई है।
फवाद खान और माहिरा खान फिर आएंगे साथ नजर
सीरीज में फवाद खान और माहिरा खान एक बार फिर साथ दिखाई देंगे। इनके अलावा हानिया आमिर, सनम सईद, अहद रजा मीर, हमजा अली अब्बासी, बिलाल अशरफ, माया अली और इकरा अजीज जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। नेटफ्लिक्स ने इसकी वैश्विक रिलीज के लिए 4 दिसंबर 2026 की तारीख तय की है।
क्या भारतीय दर्शक देख पाएंगे यह पाकिस्तानी वेब सीरीज?
अंतरराष्ट्रीय रिलीज की तारीख घोषित होने के बावजूद भारत में इस सीरीज की स्ट्रीमिंग को लेकर तस्वीर साफ नहीं है। एक तरफ AICWA इसका विरोध कर रहा है, वहीं दूसरी ओर मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को पहले जारी एडवाइजरी और अपनी प्रतिबद्धता का पालन करने को कहा है। अब सबकी नजरें नेटफ्लिक्स के अगले फैसले पर हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि फवाद खान और माहिरा खान की यह सीरीज भारत में रिलीज हो पाएगी या भारतीय दर्शकों को इससे दूर रहना पड़ेगा।

