Gujarat ATS News : गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए असम के 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से AK-47 जैसी बनावट वाली ऑटोमेटिक असॉल्ट राइफल, 23 जिंदा कारतूस और जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए हैं। गुजरात ATS का दावा है कि आरोपी राज्य के एक महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रतिष्ठान पर आतंकी हमला करने की तैयारी कर रहा था। जांच में वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन की रेकी से जुड़े फोटो, वीडियो और डिजिटल सबूत भी मिले हैं।
असम के करीमगंज का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार युवक की पहचान मोहम्मद शहेरुल इस्लाम कबीरुद्दीन के रूप में हुई है। वह असम के करीमगंज का रहने वाला है। गुजरात ATS के DIG सुनील जोशी के मुताबिक, आरोपी एक साल से ज्यादा समय से जैश-ए-मोहम्मद के कथित हैंडलर के संपर्क में था। उसे एक विशेष सुरक्षा प्रतिष्ठान को निशाना बनाने का निर्देश दिया गया था। इसके अलावा अपनी पसंद से दूसरे सुरक्षा ठिकानों को चुनने की छूट भी दी गई थी।

होटल से मिले सुराग के बाद शुरू हुई तलाश
ATS को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक ऑटोमेटिक राइफल के साथ गुजरात में हमला करने की योजना बना रहा है। इसके बाद SP के. सिद्धार्थ और SP के.के. पटेल के नेतृत्व में टीम गठित की गई। तकनीकी और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी की तलाश शुरू हुई। जांच में पता चला कि उसने अपना नियमित मोबाइल फोन बंद कर दिया था और वडोदरा रेलवे स्टेशन के पास होटल मिलन में ठहरा था। होटल रिकॉर्ड की जांच के बाद पुलिस ने उसके नए मोबाइल नंबर को ट्रैक किया।

बस स्टैंड के पास बैग लेकर पकड़ा गया युवक
तकनीकी जांच में आरोपी की लोकेशन दाहोद से वडोदरा की तरफ मिली। इसके बाद ATS ने अलग-अलग स्थानों पर नाकाबंदी की। आखिरकार हालोल-वडोदरा रोड पर होटल दर्शन के आसपास पालेडी बस स्टैंड के पास बैकपैक लेकर जा रहे युवक को हिरासत में ले लिया गया। तलाशी के दौरान उसके बैग से हथियार, दो खाली मैगजीन, 23 कारतूस, जैश का झंडा, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और लगभग 20 हजार रुपये नकद बरामद हुए।
जमीन में छिपाकर रखा गया था हथियार
DIG सुनील जोशी के अनुसार, आरोपी को कथित तौर पर डेड ड्रॉप के जरिए हथियार उपलब्ध कराया गया था। वडोदरा में रेकी करने के बाद वह दाहोद पहुंचा था। वहां एक सुनसान स्थान पर जमीन में छिपाकर रखे गए हथियार को उसने निकाल लिया। हालांकि, जांच एजेंसी अभी हथियार के वास्तविक स्रोत का पता लगा रही है।

एयरफोर्स स्टेशन की रेकी के वीडियो बरामद
ATS को आरोपी के मोबाइल से वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन के गेट और महत्वपूर्ण स्थानों की तस्वीरें मिली हैं। कुछ तस्वीरों में लाल रंग के क्रॉस के निशान भी दिखाई दिए। इसके अलावा रेकी के वीडियो, गूगल मैप्स स्क्रीनशॉट, व्हाट्सऐप ग्रुप के लिंक और संदिग्ध ऑडियो-वीडियो सामग्री बरामद हुई है। मोबाइल में AK-47 जैसी राइफल के इस्तेमाल और उसके पुर्जों से संबंधित वीडियो भी मिले हैं।
हैंडलर ने दिए थे 50 हजार रुपये
ATS के मुताबिक, आरोपी का कथित हैंडलर मुफ्ती रफीक उर्फ इब्न अब्दुल्ला है। जांच एजेंसी का दावा है कि उसने मोबाइल खरीदने, यात्रा करने, होटल में रुकने और अन्य जरूरतों के लिए आरोपी को 50 हजार रुपये दिए थे। आरोपी की कथित योजना हमले के बाद पाकिस्तान जाने और जैश-ए-मोहम्मद में शामिल होने की थी।
UAPA समेत कई धाराओं में मामला दर्ज
गुजरात ATS ने FIR नंबर 08/2026 दर्ज की है। मामले में UAPA, भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं। आरोपी के मोबाइल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी है। ATS अब उसके संपर्कों, पैसों के लेन-देन, कथित हैंडलर और संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है। इस मामले में असम पुलिस और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों की भी मदद ली जा रही है।

