Chhattisgarh Census 2027 :छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के दूसरे चरण को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस चरण में प्रदेश के सभी 33 जिलों में घर-घर जाकर लोगों की जनसंख्या संबंधी जानकारी एकत्र की जाएगी। इसके लिए 72 हजार से अधिक प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की तैनाती की योजना बनाई गई है। जनगणना का काम निर्धारित समय-सीमा में पूरा हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादलों पर रोक लगाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई राज्य स्तरीय कार्यशाला
तैयारियों की समीक्षा के लिए मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों, संभागायुक्तों और जिला जनगणना अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। अधिकारियों को तय समय में काम पूरा करने और मैदानी स्तर पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। कार्यशाला में डिप्टी रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया वृषाली वराडे, अपर मुख्य सचिव निहारिका बारिक और जनगणना निदेशक कार्तिकेय गोयल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

जनवरी 2027 से घर-घर पहुंचेंगे जनगणना प्रगणक
जनगणना निदेशक कार्तिकेय गोयल के मुताबिक, दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति से जुड़ी जनसांख्यिकीय और सामाजिक-आर्थिक जानकारी जुटाई जाएगी। पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित होगी। नागरिकों को 10 से 24 जनवरी 2027 तक स्व-गणना का विकल्प दिया जाएगा। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी दर्ज करेंगे। एक से 5 मार्च 2027 तक एकत्रित आंकड़ों का पुनरीक्षण किया जाएगा।

नागरिक खुद भी दर्ज कर सकेंगे अपनी जानकारी
स्व-गणना की सुविधा के तहत नागरिक निर्धारित अवधि में स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक आईडी जनरेट होगी, जिसे घर पहुंचने वाले प्रगणक को दिखाना होगा। हालांकि, स्व-गणना अनिवार्य नहीं है। जो लोग इस सुविधा का इस्तेमाल नहीं करना चाहते, वे प्रगणक के घर पहुंचने पर सीधे अपनी जानकारी उपलब्ध करा सकेंगे।
62 हजार से अधिक प्रगणक और 10 हजार पर्यवेक्षक होंगे तैनात
प्रदेश में जनगणना के लिए अनुमानित 60,682 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं। इनके संचालन के लिए 10 प्रतिशत आरक्षित कर्मचारियों सहित कुल 62,102 प्रगणकों और 10,667 पर्यवेक्षकों की जरूरत होगी। इस तरह 72 हजार से अधिक कर्मचारी इस महत्वपूर्ण कार्य में लगाए जाएंगे। व्यवस्था के तहत करीब छह प्रगणकों पर एक पर्यवेक्षक नियुक्त किया जाएगा, जो काम की निगरानी करेगा।

गांवों और शहरों तक पहुंचेगी जनगणना की टीम
जनगणना का दायरा प्रदेश के सभी 33 जिलों, 14 नगर निगमों, 19,978 गांवों और 195 नगरों तक रहेगा। प्रशासनिक व्यवस्था के लिए 47 प्रमुख जनगणना अधिकारियों और 472 चार्ज के माध्यम से काम किया जाएगा। प्रत्येक गणना ब्लॉक में लगभग 800 लोगों की आबादी शामिल होगी। जिन क्षेत्रों में आबादी अधिक होगी, वहां जरूरत के अनुसार उप-गणना ब्लॉक बनाए जाएंगे।
जनगणना कर्मचारियों के तबादलों पर रहेगी रोक
मुख्य सचिव विकासशील ने जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण पर रोक संबंधी आदेशों का सख्ती से पालन करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना जैसे बड़े अभियान को सफल बनाने के लिए समय-सीमा का पालन, बेहतर प्रशिक्षण और नियमित मॉनिटरिंग जरूरी है। कलेक्टरों को अपनी टीम के सदस्यों की जिम्मेदारियां स्पष्ट करने और प्रगणकों को नागरिकों से सहज तरीके से बातचीत करने का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए हैं।
जनगणना की जानकारी का प्रमाण पत्र या योजनाओं से नहीं होगा संबंध
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि नागरिकों के बीच जनगणना को लेकर किसी तरह का भ्रम न फैलने पाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया में जुटाई जाने वाली व्यक्तिगत जानकारी का उद्देश्य केवल आंकड़ों का संकलन है। इसका किसी प्रमाण पत्र जारी करने या सरकारी योजनाओं की पात्रता तय करने से कोई संबंध नहीं होगा। इसलिए प्रगणकों को लोगों को इस बारे में सही जानकारी देनी होगी।
पांच चरणों में होगा जनगणना कर्मचारियों का प्रशिक्षण
जनगणना की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए पांच स्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था तैयार की गई है। राष्ट्रीय प्रशिक्षकों, मास्टर ट्रेनर्स और जिला एवं चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। अब फील्ड ट्रेनर्स को 2 से 12 दिसंबर तक जिला मुख्यालयों में तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद 21 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक चार्ज स्तर पर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
16 भाषाओं में काम करेगा जनगणना मोबाइल एप
जनगणना के लिए विशेष मोबाइल एप तैयार किया गया है, जो 16 भाषाओं में उपलब्ध रहेगा। इंटरनेट कनेक्शन नहीं होने पर भी कर्मचारी इस एप के माध्यम से ऑफलाइन जानकारी दर्ज कर सकेंगे। वहीं, जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली यानी CMMS पोर्टल से गणना ब्लॉक बनाने, कर्मचारियों को काम आवंटित करने, प्रशिक्षण और पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी। व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के लिए पासवर्ड, ओटीपी और डेटा एन्क्रिप्शन जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा।
30 नवंबर तक दूर की जाएंगी सीमाओं से जुड़ी विसंगतियां
प्रशासन ने मकान सूचीकरण ब्लॉकों की सीमाओं में मौजूद विसंगतियों, क्षेत्रों के दोहराव और छूट गई बसाहटों की समस्या का समाधान 30 नवंबर 2026 तक करने का लक्ष्य रखा है। इसके अलावा दिसंबर के मध्य से 28 फरवरी 2027 तक प्रदेशभर में जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य नागरिकों में जनगणना को लेकर भरोसा बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।

