Delimitation Bill 2026 : देश में परिसीमन बिल को लेकर राजनीतिक विवाद लगातार गहराता जा रहा है। विपक्षी दल केंद्र सरकार के प्रस्तावित विधेयक पर सवाल उठा रहे हैं। इसी बीच कांग्रेस ने सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि लोकसभा में वर्तमान सीटों की संख्या बरकरार रखी जाए और इसी संख्या के आधार पर महिलाओं को आरक्षण दिया जाए। इसके अलावा अगले 25 वर्षों तक राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा बंटवारा कायम रखने की मांग की गई है।
महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने पर विवाद
कांग्रेस की मांग ऐसे समय आई है, जब केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को एक नए विधेयक को मंजूरी दी है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत महिला आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया को परिसीमन से जोड़ा गया है। इसके अंतर्गत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि करने का प्रावधान बताया गया है। सरकार अगले सप्ताह संसद के चार दिवसीय विशेष सत्र में इस विधेयक को पेश कर सकती है। ऐसे में परिसीमन का मुद्दा एक बार फिर संसद और देश की राजनीति में चर्चा के केंद्र में आ गया है।

परिसीमन आयोग कैसे तय करता है निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं?
भारत में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने की जिम्मेदारी परिसीमन आयोग की होती है। इसे सीमा आयोग के नाम से भी जाना जाता है। यह एक उच्चाधिकार प्राप्त निकाय है, जिसे परिसीमन आयोग अधिनियम के तहत गठित किया जाता है। देश में अब तक 1952, 1963, 1973 और 2002 में चार परिसीमन आयोग बनाए जा चुके हैं।

आयोग के फैसलों को प्राप्त है कानूनी मान्यता
परिसीमन आयोग के आदेशों को कानून का दर्जा प्राप्त होता है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत राष्ट्रपति द्वारा तय तारीख से ये आदेश लागू होते हैं। आयोग के फैसलों की प्रतियां संसद और संबंधित राज्य विधानसभाओं के सामने रखी जाती हैं, लेकिन इन सदनों को आदेशों में बदलाव करने का अधिकार नहीं होता। आयोग के आदेशों को अदालत में चुनौती भी नहीं दी जा सकती। इसी वजह से परिसीमन की प्रक्रिया को संवैधानिक और राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
परिसीमन विधेयक 2026 को लेकर क्या है विवाद?
सरकार ने इस साल अप्रैल में संसद के विशेष सत्र के दौरान 2002 के कानून की जगह परिसीमन विधेयक, 2026 पेश किया था। प्रस्तावित विधेयक के तहत केंद्र सरकार को नवीनतम जनगणना के आंकड़ों के आधार पर लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण करने के लिए परिसीमन आयोग गठित करने का अधिकार मिलता। इस प्रक्रिया के तहत निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं और सीटों के बंटवारे में बदलाव संभव है।

महिला आरक्षण विधेयक क्यों नहीं हो पाया था पारित?
वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण कानून लागू करने की कोशिशों के बीच अप्रैल में संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में पर्याप्त समर्थन हासिल नहीं कर सका था। जरूरी संख्या में मत नहीं मिलने के कारण यह विधेयक पारित नहीं हो पाया। इसके बाद परिसीमन विधेयक पर मतदान भी नहीं हुआ। सरकार ने इसे लोकसभा में लंबित रखने का फैसला किया था।
राज्यों की सीटों और महिला आरक्षण पर टिकी निगाहें
अब कांग्रेस की तीन मांगों ने परिसीमन को लेकर राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है। विपक्ष चाहता है कि महिला आरक्षण लागू करने के लिए लोकसभा की मौजूदा सीटों की संख्या में बदलाव न किया जाए और राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का वर्तमान अनुपात भी सुरक्षित रहे। दूसरी ओर सरकार के प्रस्ताव में सीटों की संख्या बढ़ाने की व्यवस्था शामिल है। ऐसे में संसद के विशेष सत्र में इस मुद्दे पर होने वाली चर्चा और सरकार की आगे की रणनीति पर सभी की निगाहें रहेंगी।

