Delimitation Bill News : संसद में परिसीमन विधेयक को लेकर सियासी घमासान तेज होता दिखाई दे रहा है। इस बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) यानी NCP-SP के भीतर भी इस मुद्दे पर मतभेद उभरने की खबर है। राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक, पार्टी नेतृत्व की ओर से परिसीमन विधेयक का समर्थन किए जाने की संभावित रणनीति से कई सांसद सहमत नहीं हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी के कुल आठ लोकसभा सांसदों में से छह सांसद इस विधेयक के समर्थन में मतदान करने के पक्ष में नहीं हैं।सूत्रों का दावा है कि ये छह सांसद इस मुद्दे पर कांग्रेस के संपर्क में हैं। हालांकि, पार्टी में संभावित टूट या सांसदों के किसी दूसरे दल में जाने को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में संसद में मतदान से पहले NCP-SP की राजनीतिक स्थिति पर सबकी नजरें टिक गई हैं।
छह सांसदों को BJP के समर्थन में वोट देने पर आपत्ति
पार्टी से जुड़े सूत्रों के अनुसार, असहमत सांसदों का मानना है कि परिसीमन विधेयक का समर्थन करने से जनता के बीच गलत राजनीतिक संदेश जा सकता है। उनका तर्क है कि जिन क्षेत्रों में NCP-SP ने BJP और उसके सहयोगियों के खिलाफ चुनाव लड़कर जीत हासिल की है, वहां इस विधेयक के समर्थन से मतदाताओं के बीच भ्रम पैदा हो सकता है।इन सांसदों को आशंका है कि विपक्षी राजनीति करने वाली पार्टी का BJP समर्थित प्रस्ताव के पक्ष में खड़ा होना उसकी विचारधारा और राजनीतिक विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर सकता है।

चार सांसदों ने लोकसभा चुनाव में BJP उम्मीदवारों को हराया था
सूत्रों के मुताबिक, विधेयक का विरोध करने वाले छह सांसदों में चार ऐसे हैं, जिन्होंने पिछले लोकसभा चुनाव में सीधे BJP उम्मीदवारों को हराकर जीत दर्ज की थी।अहमदनगर यानी अहिल्यानगर से नीलेश लंके ने BJP उम्मीदवार सुजय विखे पाटील को पराजित किया था। बीड सीट से बजरंग सोनवणे ने BJP की प्रमुख नेता पंकजा मुंडे को शिकस्त दी थी। माढा में धैर्यशील मोहिते पाटील ने BJP के रणजीतसिंह निंबालकर को हराया था। वहीं, वर्धा सीट पर अमर काले ने BJP उम्मीदवार रामदास तडस के खिलाफ जीत हासिल की थी।इन सांसदों के चुनावी मुकाबलों को देखते हुए पार्टी के भीतर यह चिंता जताई जा रही है कि परिसीमन विधेयक पर BJP के साथ खड़े होने से उनके निर्वाचन क्षेत्रों में राजनीतिक नुकसान हो सकता है।

अल्पसंख्यक मतदाताओं के समीकरण को लेकर भी चिंता
NCP-SP के कुछ सांसदों की चिंता का एक बड़ा कारण अल्पसंख्यक मतदाताओं का समर्थन भी बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, भिवंडी, बीड और अहमदनगर जैसे संसदीय क्षेत्रों में मुस्लिम मतदाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।भिवंडी के सांसद सुरेश म्हात्रे की जीत में भी मुस्लिम मतदाताओं का समर्थन अहम बताया जाता है। ऐसे में इन क्षेत्रों के सांसदों को आशंका है कि BJP समर्थित विधेयक के पक्ष में मतदान करने से उनके पारंपरिक और अल्पसंख्यक मतदाता नाराज हो सकते हैं। इसका असर भविष्य के चुनावों में पार्टी की संभावनाओं पर भी पड़ सकता है।
कांग्रेस ने सांसदों से अंतरात्मा की आवाज सुनने की अपील की
इस राजनीतिक घटनाक्रम के बीच कांग्रेस ने भी NCP-SP के असहमत सांसदों से परिसीमन विधेयक पर मतदान के दौरान अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनने की अपील की है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस चाहती है कि ये सांसद विधेयक को लेकर अपनी राजनीतिक समझ और विचारधारा के अनुरूप फैसला लें।

शरद पवार के अंतिम फैसले पर टिकी निगाहें
फिलहाल NCP-SP के भीतर जारी मतभेदों को लेकर पार्टी नेतृत्व की ओर से कोई अंतिम सार्वजनिक निर्णय सामने नहीं आया है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि शरद पवार अपने सांसदों को एकजुट रख पाएंगे या छह सांसदों की असहमति पार्टी के लिए नई राजनीतिक चुनौती बनेगी। संसद में मतदान के दौरान इन सांसदों का रुख ही आगे की तस्वीर साफ कर सकता है।
Read More : Delimitation Bill 2026 : परिसीमन बिल पर रिजिजू की विपक्ष से अपील, महिला आरक्षण को राजनीति से दूर रखें

